Last Updated:
Diljit Dosanjh Indore Concert: दिलजीत दोसांझ अपने इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर खबरों में हैं. रविवार को सिंगर का इंदौर में कॉन्सर्ट हुआ जिसमें उन्हें शराब और नशे को बढ़ावा देने वाले 4 गानों को न गाने का निर्देश दिया गया था. लेकिन रविवार के कॉन्सर्ट से सामने आए वीडियो में दिलजीत को वही गाने गाते देखा जा रहा है.
दिलजीत दोसांझ ने इंदौर कॉन्सर्ट में निर्देशों की धज्जियां उड़ाईं(Image:Insta@diljitdosanjh)
नई दिल्ली. पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने कॉन्सर्ट के चलते सुर्खियां बटोर रहे हैं. वो अपने ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत इंदौर में कॉन्सर्ट कर रहे थे. सिंगर के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले कुछ निर्देश जारी किए गए थे. दिलजीत दोसांझ के 4 गानों पर कथित तौर पर बैन लगाया गया था. उनसे शराब और नशे को बढ़ावा देने वाले गाने न गाने के लिए कहा गया था लेकिन अब दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से वायरल वीडिय़ो को देखते हुए लगता है कि उन्होंने इंदौर कॉन्सर्ट में सभी निर्देशों की धज्जियां उड़ा दीं.
दिलजीत के 4 गानों पर लगी थी रोक
दरअसल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी रजनीश सिन्हा ने 6 नवंबर को कॉन्सर्ट के वेन्यू मैनेजर को एक लेटर लिखकर दिलजीत के चार गानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे. इनमें ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचो फीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ शामिल हैं. शिकायत में दावा किया गया था कि इन गानों के बोल शराब और हिंसा को बढ़ावा देते हैं. इसका बच्चों पर नेगेटिव असर पड़ सकता है.
हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज18 इंग्लिश में प्रकाशित स्टोरी के मुताबिक इन 4 गानों को न गाने का निर्देश देने वाले रजनीश सिन्हा ने कहा कि वो साल 2019 का पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का ऑर्डर पढ़ने के बाद ही फैसला करेंगे कि इस मामले में आगे क्या एक्शन होता है.