Last Updated:
Ayodhya Latest News: मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान सड़क हादसे में घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक, विधायक की फॉर्च्यूनर कार एक ट्रेलर से टकरा गई. हादसे में विधायक के सिर पर चोट आई है. दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. यह हादसा थाना पूराकलंदर क्षेत्र के रानी बाजार स्थित भंभवा चौराहे के पास हुआ. हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
हादसे के समय विधायक कार की अगली सीट पर बैठे हुए थे.
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में सोमवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया. मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चंद्रभानु पासवान की फॉर्च्यूनर कार को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में विधायक घायल हो गए. उनके सिर और हाथ में चोटें आई हैं. हादसे के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया. सिर में लगी चोट के कारण डॉक्टरों को टांके भी लगाने पड़े.
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सोमवार रात करीब नौ बजे पूराकलंदर थाना क्षेत्र के महावां चौराहे के पास हुई. बताया जा रहा है कि विधायक चंद्रभानु पासवान अपने विधानसभा क्षेत्र के अमानीगंज से भरतकुंड महोत्सव में शामिल होने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी फॉर्च्यूनर कार में बगल से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि विधायक घायल हो गए.
हादसे के समय विधायक कार की अगली सीट पर बैठे हुए थे. राहत की बात यह रही कि वाहन चालक और उनके सुरक्षा गार्ड को कोई चोट नहीं आई. दुर्घटना के तुरंत बाद विधायक को जिला अस्पताल ले जाया गया. घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी अस्पताल पहुंचे और विधायक का हालचाल जाना.
अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह भिटौरिया और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह ने चिकित्सकों की टीम के साथ उपचार की व्यवस्था संभाली. विधायक का सीटी स्कैन भी कराया गया. जांच में फिलहाल बाहरी चोटें सामने आने की जानकारी दी गई है. डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल डंपर को चालक समेत बीकापुर क्षेत्र में पकड़ लिया है. पूराकलंदर थाना प्रभारी अश्विनी पांडेय के मुताबिक, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.