Devuthani Ekadashi Evening Deepdan Rules: आज देवउठनी एकादशी तिथि का व्रत किया जा रहा है और शाम के समय घर-घर मंगल गीत गाकर देवताओं को जगाया जाएगा. हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और इसी दिन से शुभ व मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी हो जाती है. धार्मिक मान्यता है कि देवउठनी एकादशी की शाम को घर में दीपक जलाने से सुख-समृद्धि आती है और परिवार में सकारात्मकता बनी रहती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस दिन शाम को कितने दीपक जलाने चाहिए और तुलसी के पास दीपक रखने के क्या नियम हैं.
देवउठनी एकादशी पर कितने दीपक जलाने चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी की शाम को तुलसी के पास कम से कम एक दीपक जरूर जलाना चाहिए. इसके अलावा श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार 5, 7, 11, 21 या 51 दीपक भी जला सकते हैं. कुछ परंपराओं में 108 दीपक जलाने का भी विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि दीपदान करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है. आप अपनी सामर्थ्य के अनुसार आज शाम को दीपक जला सकते हैं.
5 दीपक जलाने की परंपरा
अगर आप ज्यादा दीपक नहीं जला सकते तो कम से कम 5 दीपक अवश्य जलाएं. 5 दीपक पंचतत्व और पंचदेव का प्रतीक माना जाता है. पहला पूजा घर में, दूसरा तुलसी के पास, तीसरा मुख्य द्वार पर, चौथा किचन में (पीने के पानी के पास) और पांचवां पीपल या आंवले के पेड़ के नीचे.
7, 11 या 21 दीपक जलाने की परंपरा
ज्यादातर घरों में 7, 11 और 21 दीपक जलाने की परंपरा है. इन्हें वे घर के अलग-अलग कोने में रखते हैं. जैसे तुलसी के पास 1 या 5 दीपक, 1 आंगन, भगवान विष्णु व शालिग्राम के पास 1 दीपक, मेन गेट के दोनों ओर 2 दीपक, 1 दीपक किचन में, कुछ दीपक पास के मंदिर में और 1 दीपक पीपल के वृक्ष के नीचे रखें. घर के कोनों को रोशन करने के लिए 11 या 21 दीपक जलाना श्रेष्ठ रहता है. इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और माता लक्ष्मी का आगमन होता है.
51 या 108 दीपक जलाने की परंपरा
किसी मनोकमाना पूर्ति के लिए आप 51 या 108 दीपक भी जला सकते हैं. इन दीपक को आप घर के आगंन, कोने समेत हर जगह जलाएं, तुलसी, पीपल, पास के मंदिर में जला सकते हैं. 51 या 108 दीपक जलाकर घर और मंदिर में दीपदान करना बेहद फलदायी माना जाता है.
चारमुखी दीपक से जलाकर करें आरती
देवठान के समय भगवान विष्णु या शालिग्राम की आरती चारमुखी दीपक जलाकर ही करें. चारमुखी दीपक चारों दिशाओं से सकारात्मक ऊर्जा और सुख-शांति लेकर आता है. वहीं मनोकामना की पूर्ति के लिए पीपल के पेड़ के नीचे 11 बत्तियों वाला दीपक जलाना शुभ माना जाता है. इस दिन शाम को परिवार के सभी सदस्यों के साथ भगवान विष्णु की आरती करें और तुलसी माता के सामने दीपक जलाकर सुख, शांति और खुशहाली की प्रार्थना करें.
तुलसी के पास दीपदान के नियम
- घी या तिल के तेल का दीपक जलाएं: देवउठनी एकादशी की शाम को तुलसी के पास शुद्ध घी या तिल के तेल का दीपक जलाना शुभ माना जाता है. दीपक जलाते समय भगवान विष्णु और माता तुलसी का ध्यान करें.
- आसन जरूर दें: दीपक को कभी भी सीधे जमीन या मिट्टी पर ना रखें. इसके नीचे थोड़े से अक्षत (साबुत चावल), फूलों की पंखुड़ियां या गेहूं का आसन जरूर बनाएं. (नोट: एकादशी पर चावल वर्जित होते हैं, इसलिए आज दीपक के नीचे तिल, फूल या गेहूं का आसन दें).
- तुलसी के पौधे के पास रखें दीपक: दीपक तुलसी के गमले के पास किसी साफ और सुरक्षित स्थान पर रखें. ध्यान रखें कि दीपक की लौ और गर्मी से तुलसी के पत्तों को नुकसान ना पहुंचे.
- शाम के समय करें दीपदान: सूर्यास्त के बाद तुलसी के पास दीपक जलाकर पूजा करना शुभ माना जाता है. इस दौरान तुलसी माता को प्रणाम करें और सुख-समृद्धि की कामना करें.
- स्पर्श ना करें: सूर्यास्त के बाद शाम के समय तुलसी के पौधे को छूना या जल चढ़ाना वर्जित है. केवल दूर से प्रणाम करें और दीपक प्रज्वलित करें.