Last Updated:
Flight Ticket Price Hike- त्योहारों के बाद बड़ी संख्या में लोग अब घरों से वापस अपनी काम करने वाली जगहों को लौट रहे हैं. इससे ट्रेनों में भीड़ बढ़ी है और कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है. इस वजह से फ्लाइट टिकटों की मांग में इजाफा हो गया है और एयर इंडिया और इंडिगो जैसी एयरलाइंस ने किराया बढ़ा दिया है.
ज्यादा मांग की वजह से हवाई किराया महंगा हो गया है.
नई दिल्ली. दीपावली, छठ और भैया दूज के निकल जाने के बाद भी हवाई किराया महंगा ही बना हुआ है. त्योहारों के बाद वापसी करने वालों की भारी भीड़ के कारण लखनऊ और पटना से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए हवाई टिकट अब भी सामान्य दिनों की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा रेट में मिल रही है. हवाई किराये में इस बढ़ोतरी की वजह रेलवे की लंबी वेटिंग लिस्ट है. नवंबर में त्योहारों का सिलसिला शुरू होने से पहले ही ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना बहुत मुश्किल हो गया था. ऐसे में समय पर गंतव्य तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों ने फ्लाइट का रुख किया है. त्योहार के दौरान बढ़ी बुकिंग के बाद अब वापसी करने वालों की भारी भीड़ ने हवाई किराए में भी ‘आग’ लगा रखी है.
पटना और लखनऊ से देश के प्रमुख शहरों को जाने वाली उड़ानों के किराए में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है. लखनऊ से से मुंबई का सामान्य किराया जहां 6 से 7 हजार रुपये के बीच रहता है. ट्रैवल वेबसाइट, मेकमाईट्रिप के आंकड़ों के अनुसार, अब 22 नवंबर, 2026 के लिए लखनऊ से मुंबई का किराया 13,000 रुपये है. पिछले दिनों तो यह 34000 रुपये तक पहुंच गया था.
पटना से मुंबई, अहमदाबाद का किराया भी दोगुना
पटना से देश के बड़े शहरों को जाने वाली उड़ानों का किराया अभी भी बहुत ऊपर बना हुआ है.
- पटना से दिल्ली: सामान्य दिनों में इस रूट का टिकट करीब 7,000 रुपये के आसपास मिल जाता है, लेकिन अभी यह दोगुने से भी अधिक हो गया है. मेकमायट्रिप के अनुसार, 22 नंवबर के लिए पटना से दिल्ली की एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट का किराया 16,408 रुपये और इंडिगो का किराया 16,409 रुपये तक है.
- पटना से मुंबई: मुंबई जाने वाले यात्रियों को भी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है. आमतौर पर 10 से 11 हजार रुपये में मिलने वाला टिकट अब दोगुना महंगा हो गया है. एयर इंडिया 22 नवंबर की फ्लाइट के लिए 22,359 रुपये और इंडिगो 22,828 रुपये वसूल रही है.
- पटना से अहमदाबाद: इस रूट पर सामान्य दिनों में किराया 8,000 रुपये के करीब रहता है, जो अब बढ़कर तीन गुना तक पहुंच गया है. एयर इंडिया का टिकट 21,894 रुपये और इंडिगो का 22,998 रुपये में मिल रहा है.
- पटना से चेन्नई: दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए भी सफर महंगा है. यहां एयर इंडिया का किराया 22,754 रुपये और इंडिगो का किराया 24,104 रुपये है.