सिर्फ रंग ही नहीं, बालों की पूरी बनावट बदल देती है मेहंदी! जानिए केमिकल डाई से अलग यह बालों पर कैसे करती है काम

सिर्फ रंग ही नहीं, बालों की पूरी बनावट बदल देती है मेहंदी! जानिए केमिकल डाई से अलग यह बालों पर कैसे करती है काम


Last Updated:

Henna Vs Chemical Hair Dye : मेहंदी और केमिकल डाई दोनों ही बालों को रंगती हैं, लेकिन हमारे बालों की अंदरूनी परतों पर इनके काम करने का तरीका बिल्कुल अलग होता है. जहां केमिकल डाई बालों की बाहरी परत को खोलकर अंदर के प्राकृतिक रंग को बदलती है, वहीं मेहंदी बाहर से सुरक्षात्मक कोटिंग बनाती है. जानिए दोनों में से कौन आपके बालों की सेहत के लिए बेहतर है.

Mehndi Vs Chemical Hair Dye : कभी आपने गौर किया है कि मेहंदी लगाने के बाद बालों को छूने पर वे थोड़े अलग महसूस होते हैं? कई बार बाल पहले से ज्यादा चिकने और चमकदार लगते हैं, तो कभी उनमें थोड़ा भारीपन आ जाता है. वहीं, केमिकल हेयर कलर लगाने के बाद कुछ लोगों के बाल रूखे महसूस होने लगते हैं. दरअसल, मेहंदी और केमिकल डाई बालों को रंगने के लिए अलग-अलग तरीके से काम करती हैं. एक बालों की बाहरी परत पर रंग चढ़ाती है, तो दूसरी बालों के अंदर तक जाकर उनके प्राकृतिक रंग को बदलती है. यही वजह है कि दोनों का असर भी अलग होता है. आइए समझते हैं कि मेहंदी और केमिकल डाई बालों पर कैसे काम करती हैं.

बालों की तीन परतों में छिपा है रंग बदलने का राज- हमारे बाल बाहर से भले ही एक जैसे दिखते हों, लेकिन उनकी बनावट तीन परतों से मिलकर बनी होती है. सबसे बाहरी परत को क्यूटिकल (Cuticle) कहते हैं. इसे आप बालों की सुरक्षा करने वाली ढाल समझ सकते हैं. इसके नीचे कॉर्टेक्स (Cortex) होता है, जो बालों को मजबूती देता है. बालों का असली प्राकृतिक रंग भी इसी परत में मौजूद मेलानिन (Melanin) नाम के पिगमेंट से आता है. सबसे अंदर की परत मेडुला (Medulla) कहलाती है. बालों को रंगने में मुख्य भूमिका कॉर्टेक्स की होती है.

केमिकल डाई बालों के अंदर जाकर बदलती है रंग- केमिकल हेयर डाई बालों का रंग बदलने के लिए उनकी बाहरी परत के रास्ते अंदर तक पहुंचती है. इसके लिए कई डाई में अमोनिया या दूसरे अल्कलाइन तत्वों का इस्तेमाल होता है, जो बालों की बाहरी परत को कुछ हद तक खोलने में मदद करते हैं. इसके बाद हाइड्रोजन पेरोक्साइड बालों के प्राकृतिक रंग को हल्का करता है और डाई के रंग को कॉर्टेक्स तक पहुंचने का मौका मिलता है. इस तरह बालों का रंग बदल जाता है. जब नए बाल उगते हैं, तो उनकी जड़ों पर कलर नहीं होता. इसलिए पुराने रंग और नए बालों के बीच एक अलग लाइन दिखाई देने लगती है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

मेहंदी बालों की बाहरी परत पर चढ़ाती है रंग- मेहंदी का तरीका केमिकल डाई से अलग है. इसकी पत्तियों में लॉसोन (Lawsone) नाम का प्राकृतिक रंग देने वाला तत्व होता है. यह बालों के केराटिन प्रोटीन से जुड़कर उन्हें रंग देता है. इसके लिए बालों के प्राकृतिक रंग को ब्लीच करने की जरूरत नहीं पड़ती. यही वजह है कि काले या गहरे भूरे बालों पर मेहंदी लगाने से लालिमा या हल्की भूरी रंगत दिखाई देती है, जबकि सफेद बालों पर इसका नारंगी या तांबे जैसा रंग ज्यादा साफ नजर आता है. यानी मेहंदी बालों का प्राकृतिक रंग हटाने के बजाय उसके ऊपर अपनी रंगत चढ़ाती है.

मेहंदी का रंग धीरे-धीरे क्यों हल्का पड़ता है?- अगर आपने कभी मेहंदी लगाई है, तो देखा होगा कि कुछ समय बाद इसका रंग धीरे-धीरे हल्का होने लगता है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बालों की बाहरी सतह समय के साथ धुलाई, धूप और कंघी करने से बदलती रहती है. मेहंदी का रंग भी धीरे-धीरे फीका पड़ सकता है. केमिकल डाई के मुकाबले इसमें जड़ों के पास रंग का अंतर कम तीखा दिख सकता है, हालांकि यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि बाल कितनी तेजी से बढ़ रहे हैं और मेहंदी कितनी बार लगाई जा रही है. ध्यान रखें कि मेहंदी बालों को हल्का नहीं कर सकती. यह सिर्फ मौजूदा रंग पर अपनी रंगत चढ़ाती है.

बालों की चमक और बनावट पर दोनों का असर अलग- मेहंदी लगाने के बाद कई लोगों को बाल ज्यादा चमकदार और घने महसूस होते हैं. इसकी वजह बालों की सतह पर जमा होने वाली रंग की परत हो सकती है. इससे बाल थोड़े चिकने और भारी भी लग सकते हैं. हालांकि, हर किसी के बालों पर इसका असर एक जैसा नहीं होता. दूसरी ओर, केमिकल डाई में इस्तेमाल होने वाले तत्व बालों की बाहरी परत और अंदरूनी संरचना को प्रभावित कर सकते हैं. खासकर बार-बार कलर कराने या ब्लीच इस्तेमाल करने से बाल रूखे, कमजोर और टूटने वाले हो सकते हैं. इसलिए केमिकल कलर के बाद बालों की देखभाल करना जरूरी है.

मेहंदी लगाने के बाद केमिकल ट्रीटमेंट कराने से पहले रहें सावधान- अगर आप बालों में मेहंदी लगाती हैं और उसके बाद हेयर कलर, ब्लीच या स्ट्रेटनिंग कराने की सोच रही हैं, तो थोड़ा सावधान रहें. खासकर बाजार में मिलने वाली ऐसी मेहंदी में दूसरे तत्व मिले हो सकते हैं, जिनकी वजह से केमिकल ट्रीटमेंट का नतीजा खराब हो सकता है. शुद्ध मेहंदी और मिलावटी मेहंदी का असर एक जैसा नहीं होता. इसलिए कोई बड़ा हेयर ट्रीटमेंट कराने से पहले हेयर एक्सपर्ट को जरूर बताएं कि आपने पहले मेहंदी लगाई है. जरूरत पड़ने पर बालों के एक छोटे हिस्से पर टेस्ट भी कराया जा सकता है.

काली मेहंदी के नाम पर बिकने वाले प्रोडक्ट से रहें सावधान- बाजार में मिलने वाली हर मेहंदी शुद्ध नहीं होती. खासकर तुरंत काले बाल करने का दावा करने वाले प्रोडक्ट खरीदते समय सावधानी बरतें. कुछ उत्पादों में पीपीडी (PPD) जैसे सिंथेटिक रंग मिलाए जाते हैं, जिनसे कुछ लोगों को एलर्जी, खुजली, जलन और त्वचा पर सूजन हो सकती है. शुद्ध मेहंदी आमतौर पर नारंगी, लाल या कत्थई रंग देती है, तुरंत काला नहीं. इसलिए मेहंदी खरीदने से पहले उसके पैकेट पर लिखे तत्व जरूर पढ़ें. आखिरकार, बालों को रंगने के लिए मेहंदी चुनें या केमिकल डाई, फैसला अपनी पसंद के साथ-साथ बालों की जरूरत और उनकी सेहत को ध्यान में रखकर करें. डिस्क्लेमर: बालों पर मेहंदी और केमिकल डाई का असर व्यक्ति के बालों की बनावट और इस्तेमाल किए गए उत्पाद पर निर्भर करता है. किसी भी नए हेयर कलर या मेहंदी को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link