घर के कमरे में मिनी फैक्ट्री! गाय के गोबर से बना रहे धूपबत्ती, किशोर सिंह ठाकुर की कहानी

घर के कमरे में मिनी फैक्ट्री! गाय के गोबर से बना रहे धूपबत्ती, किशोर सिंह ठाकुर की कहानी


Last Updated:

Khargone News: खरगोन जिले के चोली गांव के किसान किशोर सिंह ठाकुर अपने घर में मिनी फैक्ट्री लगाकर गाय के गोबर से प्राकृतिक धूपबत्ती और गोमूत्र से फिनायल तैयार कर रहे हैं. इस काम से होने वाली कमाई गोशाला में पल रही असहाय गायों के भरण-पोषण पर खर्च की जा रही है.

खरगोन. गाय के गोबर को अक्सर लोग बेकार समझकर छोड़ देते हैं लेकिन खरगोन के एक किसान ने इसी गोबर से गोशाला चलाने का रास्ता खोज लिया है. घर के एक छोटे से कमरे में मिनी फैक्ट्री लगाकर गाय के गोबर से प्राकृतिक धूप बत्ती और गोमूत्र से फिनायल तैयार कर रहे हैं. खास बात यह है कि इस काम से होने वाली कमाई वह अपने लिए नहीं बल्कि गोशाला में पल रही असहाय गायों के भरण-पोषण पर खर्च कर रहे हैं. खरगोन जिले के चोली गांव निवासी किसान और गौ सेवक किशोर सिंह ठाकुर, जिन्हें लोग ‘तकन बाबा गायवाला’ के नाम से जानते हैं, पिछले दो साल से गाय के गोबर से धूपबत्ती बना रहे हैं. पहले वह हाथों से बनाते थे, अब उन्होंने अपने घर के एक छोटे से कमरे में दो मशीनों की मदद से यह काम शुरू किया है. करीब साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से खरीदी गई इन मशीनों ने उनका काम आसान कर दिया है. अब घंटों का काम मिनटों में पूरा हो जाता है और पहले की तुलना में ज्यादा धूपबत्ती तैयार कर पा रहे हैं.

तकन बाबा धूपबत्ती बनाने के लिए सबसे पहले गोशाला से गाय का गोबर लाकर उसे सुखाते हैं. इसके बाद उसमें गोमूत्र, कपूर, गूगल और हवन सामग्री मिलाकर पाउडर तैयार किया जाता है. मिक्सर मशीन में इस मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर आटे की तरह गूंथा जाता है. इसके बाद तैयार मसाले को धूपबत्ती बनाने वाली मशीन में डाल दिया जाता है. मशीन चालू होते ही ऑटोमैटिक तरीके से धूपबत्ती बनने लगती है.

बिना केमिकल पूरी तरह प्राकृतिक
इस धूपबत्ती की खासियत यह है कि इसमें किसी तरह का केमिकल या खुशबू के लिए कृत्रिम सेंट नहीं मिलाया जाता. गाय के गोबर और प्राकृतिक सामग्री से तैयार धूपबत्ती को पूजा-पाठ और घरों में इस्तेमाल के लिए बनाया जा रहा है. इसके जलने पर घर में हवन होने जैसा अनुभव होता है. इसके साथ ही गोशाला में एकत्रित गोमूत्र से गौ फिनायल भी तैयार किया जाता है, जिससे गोशाला की आय बढ़ाने का प्रयास हो रहा है.

एक किलो गोबर से 150 रुपये की धूपबत्ती
तकन बाबा के मुताबिक, करीब एक किलो गोबर से 100 से 150 रुपये कीमत की धूपबत्ती तैयार हो जाती है. फिलहाल मशीनों और अन्य खर्चों को निकालने के बाद उन्हें हर महीने करीब 10 से 15 हजार रुपये की बचत हो रही है. वह धूपबत्ती का एक पैकेट 100 रुपये में बेचते हैं, जिसमें करीब 70 धूप बत्तियां होती हैं. एक पैकेट सामान्य तौर पर पूरे महीने चल सकता है.

खेती की बचत से खरीदी मशीनें
किशोर सिंह ठाकुर ने बताया कि पहले वह धूपबत्ती हाथ से बनाते थे. इसमें काफी समय लगता था और उत्पादन भी कम होता था. खेती से होने वाली छोटी-छोटी बचत को जोड़कर करीब तीन लाख रुपये जुटाए और मिक्सर और धूपबत्ती बनाने की मशीन खरीदी. मशीन आने के बाद काम में तेजी आई और अब अधिक मात्रा में उत्पादन कर पा रहे हैं. इसमें उनके परिवार के सदस्य भी सहयोग करते हैं. घर पर ही धूपबत्ती बनाने और पैकेजिंग का काम होता है.

दर्जनों असहाय गायों का पालन
बता दें कि तकन बाबा पिछले 15 साल से श्री रामकृष्ण गोपेश्वर गोशाला का संचालन कर रहे हैं. यहां करीब 100 से 120 गायें हैं. इनमें कई दुर्घटनाओं में घायल, लूली-लंगड़ी और ऐसी निराश्रित गायें हैं, जिन्हें लोगों ने दूध देना बंद होने या किसी अन्य वजह से मरने के लिए छोड़ दिया था. इन गायों को रेस्क्यू करके गोशाला में लाकर आजीवन आश्रय दिया जाता है.

गोशाला बने आत्मनिर्भर
तकन बाबा का मानना है कि गाय को पालने के लिए हमेशा दूसरों की मदद की जरूरत नहीं है. गाय से प्राप्त गोबर और गोमूत्र का सही इस्तेमाल करके वह अपनी जरूरतों के लिए आय पैदा कर सकती है. इसी सोच के साथ वह गोशाला को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं. धूपबत्ती और फिनायल से मिलने वाली पूरी आय गायों के चारे, देखभाल और गोशाला के संचालन में खर्च की जाती है. वह गोशाला संचालन के लिए शासन से कोई आर्थिक मदद नहीं लेते. वह स्वयं खर्च उठाते हैं. नेकी के इस काम में कुछ लोग सहयोग भी कर देते हैं.



Source link