Sanwaliya Seth: सरपंच बनने के लिए मांगी थी मन्नत, 1265 वोटों से मिली जीत, अब सांवलिया सेठ को चढ़ाया चांदी का कटहल

Sanwaliya Seth: सरपंच बनने के लिए मांगी थी मन्नत, 1265 वोटों से मिली जीत, अब सांवलिया सेठ को चढ़ाया चांदी का कटहल


होमताजा खबरधर्म

सरपंच बनने की मन्नत रतन देवी की हुई पूरी, सांवलिया सेठ को चढ़ाया चांदी का कटहल

Last Updated:

Sanwalia Seth Silver Jackfruit Offering: चित्तौड़गढ़ में पंचायत चुनाव जीतने के बाद एक महिला सरपंच अपनी अनोखी मन्नत पूरी करने के लिए सांवलिया सेठ के दरबार पहुंचीं. रोलाहेड़ा ग्राम पंचायत की 55 वर्षीय रतनी देवी जाट ने चुनाव से पहले मन्नत मांगी थी कि अगर वह सरपंच का चुनाव जीतती हैं तो जिस चुनाव चिन्ह पर जीत मिलेगी, उसी का चांदी से बना प्रतिरूप भगवान को अर्पित करेंगी. चुनाव में उन्हें कटहल चुनाव चिन्ह मिला और उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को 1265 वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की. रतनी देवी को 1521 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंदी सत्तू जाट को 256 वोट ही मिल सके. जीत के बाद रतनी देवी अपने परिवार और ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए सांवलिया सेठ के मंदिर पहुंचीं और चांदी का कटहल भगवान के चरणों में चढ़ाया. परिवार के मुताबिक, इस बार सरपंच पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने पर उन्होंने रतनी देवी को चुनाव लड़ाने का फैसला किया था. अब नई सरपंच के सामने गांव के विकास और ग्रामीणों की उम्मीदों पर खरा उतरने की चुनौती है.

उदयपुर. राजस्थान में भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में भक्त अपनी मनोकामना पूरी होने पर तरह-तरह के चढ़ावे लेकर पहुंचते है. कोई सोना-चांदी चढ़ाता है तो कोई अपनी खास मन्नत के अनुसार अनोखा भेंट लेकर आता है. ऐसा ही एक मामला चित्तौड़गढ़ की रोलाहेड़ा ग्राम पंचायत से सामने आया है, जहां सरपंच का चुनाव जीतने के बाद 55 साल की रतनी देवी जाट अपने परिवार के साथ सांवलिया सेठ के दरबार पहुंचीं. उन्होंने यहां चांदी से बना कटहल भगवान को चढ़ाया.

दरअसल, रतनी देवी ने पंचायत चुनाव से पहले सांवलिया सेठ के दरबार में मन्नत मांगी थी. परिवार की ओर से तय किया गया था कि अगर रतनी देवी चुनाव जीतती हैं तो जिस चुनाव चिन्ह पर उन्हें जीत मिलेगी, उसी का प्रतिरूप बनवाकर सांवलिया सेठ को चढ़ाया जाएगा. चुनाव में उन्हें कटहल चुनाव चिन्ह मिला और वे बड़ी जीत के साथ सरपंच बन गई. इसके बाद परिवार ने अपनी मन्नत पूरी करते हुए चांदी का कटहल तैयार करवाया.

1265 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत

रोलाहेड़ा ग्राम पंचायत में पंचायत राज चुनाव के तीसरे चरण में 5 नवंबर को मतदान हुआ था. मतगणना के बाद रतनी देवी जाट को 1521 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी सत्तू जाट को 256 वोट मिले. इस तरह रतनी देवी ने 1265 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की. जीत के बाद रतनी देवी अपने परिवार और ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए सांवलिया सेठ के मंदिर पहुंचीं. यहां उन्होंने चांदी का कटहल भगवान के चरणों में अर्पित किया. परिवार के लिए यह सिर्फ चुनाव जीतने की खुशी नहीं थी, बल्कि चुनाव से पहले की गई मन्नत पूरी होने का भी मौका था.

महिला सीट आरक्षित हुई तो चुनाव लड़ने का फैसला

रतनी देवी के बेटे किशन जाट ने बताया कि इस बार ग्राम पंचायत में सरपंच का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हुआ था. इसके बाद परिवार ने मां को चुनाव लड़ाने का फैसला किया। . परिवार ने चुनाव से पहले ही सांवलिया सेठ से जीत की मन्नत मांगी थी. किशन ने बताया कि उनके परिवार में इससे पहले किसी ने भी सरपंच पद का चुनाव नहीं लड़ा था. रतनी देवी लंबे समय से गांव में सामाजिक कामों से जुड़ी रही हैं और ग्रामीण उन्हें जानते हैं. इसी विश्वास के साथ परिवार ने चुनाव लड़ने का फैसला किया.

जीत के बाद अब गांव की जिम्मेदारी

रतनी देवी की जीत के बाद परिवार ने अपनी मन्नत पूरी कर दी है. अब नई सरपंच के सामने गांव के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की जिम्मेदारी है. परिवार का कहना है कि ग्रामीणों ने जिस भरोसे के साथ रतनी देवी को चुना है, अब उनका पूरा प्रयास गांव के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करने का रहेगा. सांवलिया सेठ के दरबार में चढ़ाया गया यह चांदी का कटहल फिलहाल श्रद्धा के साथ-साथ अपनी अनोखी कहानी को लेकर भी चर्चा में है.



Source link