Indian Railway: खाटूश्यामजी के भक्तों को रेलवे की सौगात, रींगस से चलेंगी 13 स्पेशल ट्रेनें, टिकट के लिए भी है खास इंतजाम

Indian Railway: खाटूश्यामजी के भक्तों को रेलवे की सौगात, रींगस से चलेंगी 13 स्पेशल ट्रेनें, टिकट के लिए भी है खास इंतजाम


Last Updated:

Khatu Shyamji Mela Special Train: खाटूश्यामजी के देवउठनी एकादशी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं. मेले के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रींगस रेलवे स्टेशन से 13 स्पेशल ट्रेनों के कुल 39 ट्रिप संचालित किए जाएंगे. इन ट्रेनों का संचालन रेवाड़ी, जयपुर, फुलेरा और दिल्ली सहित प्रमुख शहरों के लिए किया जाएगा. यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए स्टेशन पर तीन अतिरिक्त टिकट काउंटर और आठ ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं. भीड़ बढ़ने पर मोबाइल यूटीएस मशीनों से भी टिकट दिए जाएंगे. सुरक्षा के लिए अतिरिक्त रेलवे स्टाफ और RPF जवान तैनात रहेंगे. स्टेशन पर CCTV कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जाएगी. व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग के लिए रेलवे ने विशेष वार रूम भी बनाया है.

Zoom

खाटूश्यामजी के देवउठनी एकादशी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं

जयपुर. देवउठनी एकादशी के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने व्यापक तैयारियां की है. मेले के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रींगस और खाटूश्यामजी पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से लेकर टिकट व्यवस्था, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं तक विशेष इंतजाम किए हैं. रेलवे की ओर से रींगस रेलवे स्टेशन से 13 स्पेशल ट्रेनों के कुल 39 ट्रिप संचालित किए जाएंगे. इन ट्रेनों के जरिए श्रद्धालुओं को अलग-अलग शहरों से आने-जाने में सुविधा मिलेगी.

रेलवे का प्रयास है कि मेले के दौरान यात्रियों को ट्रेनों में जगह मिलने के साथ स्टेशन पर भी किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि देवउठनी एकादशी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है. इसके तहत रींगस से रेवाड़ी, जयपुर, फुलेरा और दिल्ली सहित विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी. स्पेशल ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम करने और भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी.

टिकट के लिए अतिरिक्त काउंटर और मशीनों की व्यवस्था

मेले के दौरान रींगस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण टिकट लेने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है. रेलवे ने स्टेशन पर तीन अतिरिक्त टिकट काउंटर स्थापित किए हैं. इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए आठ ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं. इन मशीनों के माध्यम से यात्री आसानी से टिकट प्राप्त कर सकेंगे. यदि स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती है तो मोबाइल यूटीएस मशीनों के जरिए भी टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे. इससे टिकट खिड़कियों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करने में मदद मिलेगी. रेलवे प्रशासन का फोकस है कि श्रद्धालुओं को टिकट लेने से लेकर ट्रेन में सवार होने तक सुविधाजनक व्यवस्था मिले.

सुरक्षा के लिए की गई है RPF जवानों की तैनाती

मेले के दौरान स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं. इसके लिए अतिरिक्त रेलवे कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की तैनाती की जाएगी. स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी. इसके अलावा मेला अवधि के दौरान रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी. किसी भी आपात स्थिति या अव्यवस्था से निपटने के लिए सुरक्षा कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

यात्री सुविधाओं की निगरानी के लिए बनाया गया है वार रूम

रेलवे ने मेले के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष वार रूम भी तैयार किया है. यहां से ट्रेनों के संचालन, यात्रियों की भीड़, टिकट व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी. किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे. सीपीआरओ ने बताया कि खाटूश्यामजी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही है. अतिरिक्त ट्रेनों, टिकट काउंटरों, ऑटोमेटिक मशीनों और सुरक्षा इंतजामों के जरिए यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.



Source link