न सूजी, न मूंग दाल, न गाजर, सिर्फ और सिर्फ दूध से बनता है यह हलवा, 80 साल पुरानी दुकान, कीमत ₹100 का 100 ग्राम

न सूजी, न मूंग दाल, न गाजर, सिर्फ और सिर्फ दूध से बनता है यह हलवा, 80 साल पुरानी दुकान, कीमत ₹100 का 100 ग्राम


Last Updated:

UP’s Famous Milk Halwa In Delhi: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में पिछले 80 साल से सिर्फ दूध से बनने वाला अनोखा हलवा काफी प्रसिद्ध है. 15 किलो दूध, चीनी और मक्खन से तैयार इस हलवे की कीमत 100 रुपये प्रति 100 ग्राम है. फिलहाल दिल्ली में लगे फेयर में इसका स्वाद लिया जा सकता है.

ख़बरें फटाफट

दिल्ली. आपने सूजी का हलवा खाया होगा, मूंग दाल का हलवा भी खूब खाया होगा और सर्दियों में गाजर का हलवा भी खूब पसंद किया होगा. लेकिन क्या कभी ऐसा हलवा खाया है, जिसे बनाने के लिए किसी अनाज या सब्जी की नहीं, बल्कि सिर्फ दूध की जरूरत पड़ती है? सुनने में थोड़ा अजीब जरूर लग सकता है, लेकिन यूपी के ललितपुर में एक ऐसा ही खास हलवा मिलता है, जिसकी पहचान पिछले 80 साल से बनी हुई है. इसकी खासियत है इसे बनाने का तरीका और दूध से तैयार होने वाला इसका अलग स्वाद.

15 किलो दूध से तैयार होता है हलवा
इस खास हलवे को बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़ी कड़ाही में करीब 15 किलो दूध डाला जाता है. इसके बाद इसमें थोड़ी मात्रा में चीनी और मक्खन मिलाया जाता है. फिर दूध को तेज आंच पर लगातार पकाया जाता है. करीब एक घंटे तक चलने वाली इस प्रक्रिया में दूध धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगता है और उसमें दाने बनने लगते हैं. यही दाने इस हलवे को बाकी हलवों से अलग बनाते हैं. इसे तैयार करने में काफी मेहनत लगती है और हर कदम पर दूध को अच्छी तरह पकाना जरूरी होता है.

भैंस के दूध से आता है बेहतर स्वाद
हलवा बनाने वाली मीरा देवी बताती हैं कि इसे बनाने के लिए भैंस का दूध सबसे अच्छा रहता है. उनके मुताबिक, भैंस के दूध से हलवे का स्वाद ज्यादा अच्छा आता है. हालांकि, मेले में फिलहाल इसे पैकेट वाले दूध से तैयार किया जा रहा है. मीरा देवी बताती हैं कि इस हलवे को अलग-अलग तरीकों से भी बनाया जा सकता है. इसमें मेवा और केसर का इस्तेमाल करके भी एक दूसरा स्वाद तैयार किया जाता है.

ससुर ने शुरू की थी हलवे की परंपरा
इस हलवे की कहानी भी काफी दिलचस्प है. मीरा देवी बताती हैं कि इसकी शुरुआत उनके ससुर ने करीब 80 साल पहले की थी. पहले वह इसे डिब्बों में भरकर बेचते थे. धीरे-धीरे लोगों को इसका स्वाद पसंद आने लगा और इसकी पहचान बढ़ती चली गई. अब उनकी बहू मीरा देवी इस पुरानी पहचान को आगे बढ़ा रही हैं. उनका कहना है कि वह चाहती हैं कि उनके ससुर की बनाई इस खास मिठाई को देशभर में पहचान मिले. इसी कोशिश में उन्होंने सरकार तक भी इसकी जानकारी पहुंचाई है.

100 रुपये में मिलेगा 100 ग्राम हलवा
अगर आप भी इस अनोखे हलवे का स्वाद चखना चाहते हैं तो इसकी कीमत 100 रुपये प्रति 100 ग्राम है. यानी एक किलो हलवे के लिए आपको 1000 रुपये खर्च करने होंगे. फिलहाल मीरा देवी दिल्ली में आयोजित मेले में इस हलवे को लेकर पहुंची हैं. वहीं, इसका स्थायी ठिकाना उत्तर प्रदेश के ललितपुर में है, जहां उनकी दुकान पिछले करीब 80 साल से चल रही है.



Source link