नई दिल्ली (Career Tips for Gen Z). हर स्टूडेंट कॉलेज में टॉप करने या शानदार रिजल्ट के सपने देखता है. अच्छी मार्कशीट और डिग्री करियर की शुरुआत में दरवाजे जरूर खोलती है. लेकिन जब जॉब इंटरव्यू देने की बारी आती है तो कई होनहार स्टूडेंट्स भी पीछे रह जाते हैं. उन्हें विषय की पूरी जानकारी होती है, फिर भी वे अपनी बात साफ-साफ नहीं रख पाते या प्रैक्टिकल सवालों में उलझ जाते हैं. क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? टॉपर स्टूडेंट्स इंटरव्यू में क्यों पिछड़ जाते हैं?
कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए अनिवार्य प्रैक्टिकल स्किल्स
आप आर्ट्स, साइंस या कॉमर्स.. चाहे जिस भी स्ट्रीम से हों, कुछ स्किल्स पर पकड़ बनाना जरूरी है. कॉलेज के बाद प्रोफेशनल लाइफ में कदम रखते वक्त यही आपको नौकरी दिलवाने में मदद करेंगी.
बात रखने और सुनने का हुनर
किसी विषय को जानना एक बात है और सामने वाले को आसान भाषा में समझाना बिल्कुल दूसरी. इंटरव्यू में देखा जाता है कि आप सवाल को कितना ध्यान से सुनते हैं और बिना घबराए सीधा जवाब देते हैं. ऑफिस में भी टीम, मैनेजर और क्लाइंट से रोज बातचीत करनी होती है. कई बार युवा जानकारी होने के बावजूद अपनी बात सही लहजे में नहीं रख पाते. इससे गलतफहमी या हिचकिचाहट पैदा होती है.
किताबी ज्ञान से आगे, प्रैक्टिकल समझ
मान लीजिए किसी स्टूडेंट ने प्रोजेक्ट मैनेजमेंट की थ्योरी बहुत अच्छी तरह पढ़ ली है. लेकिन असली काम में जब डेडलाइन बिगड़ती है या बजट अटकता है तो क्या करना है? यह प्रैक्टिकल समझ से तय होता है. समस्या को पहचानना, तुरंत हल निकालना और सही फैसला लेना इंटरव्यूअर सबसे ज्यादा परखते हैं. यह समझ सिर्फ किताबों से नहीं, बल्कि असली हालात से जूझकर आती है.
टीमवर्क और बदलते माहौल में ढलना
आज हर काम में नए टूल्स और टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ गया है. तकनीक सीखना जरूरी है, लेकिन अकेले काम करने से आगे बात नहीं बढ़ती. ऑफिस में अलग-अलग स्वभाव के लोगों के साथ मिलकर चलना पड़ता है. दूसरों की बात मानना, अपनी गलती स्वीकार करना और जरूरत के हिसाब से खुद को बदलना- ये गुण युवाओं को मजबूत टीम प्लेयर बनाते हैं.
जेन जी पीढ़ी इंटरव्यू में क्यों अटकती है?
आज के युवाओं के सामने कई चुनौतियां हैं. उनमें से एक है कि वे बहुत कुछ ऑनलाइन पढ़ और देख लेते हैं, लेकिन रियल-लाइफ बातचीत और प्रेशर संभालने की प्रैक्टिस कम हो पाती है. कई फ्रेशर्स ‘रटे-रटाए’ जवाब देते हैं, जबकि इंटरव्यूअर देखना चाहते हैं कि आप इमर्जेंसी सिचुएशन में कैसे सोचते हैं. कॉलेज के दिनों में ही इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट, ग्रुप डिस्कशन और प्रेजेंटेशन में हिस्सा लेकर यह झिझक दूर कर सकते हैं. मॉक इंटरव्यू की प्रैक्टिस और अपने काम का पोर्टफोलियो तैयार रखना भी इंटरव्यू में बड़ा फायदा देता है.
डिग्री के साथ स्किल का मेल
अच्छे नंबर और डिग्री करियर की मजबूत नींव जरूर हैं. लेकिन मंजिल तक पहुंचने के लिए स्किल्स की गाड़ी जरूरी है. अगर युवा पढ़ाई के साथ कम्युनिकेशन, समस्या हल करने की आदत और टीमवर्क पर काम करें तो इंटरव्यू का डर काफी कम हो सकता है. इस बात का ध्यान रखें कि नॉलेज को काम में बदलने वाले ही नौकरी हासिल कर सकते हैं.