Last Updated:
Bangladesh Civil War Like Condition: बांग्लादेश में तारिक रहमान की सरकार बने अभी ज्यादा वक्त नहीं हुआ है और एक बार फिर से यहां की सड़कों पर हिंसा देखने को मिल रही है. आज शेख हसीना की पार्टी की ओर से लॉकडाउन का आह्वान किया गया है, जिससे पहले ही चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के मुखिया रहे मोहम्मद यूनुस का घर भीड़ ने फूंक दिया.
शेख हसीना की पार्टी का लॉकडाउन का आह्वान. (क्रेडिट- एएनआई)
Bangladesh Civil War Like Condition: बांग्लादेश एक बार फिर ऐसे खतरनाक मोड़ पर खड़ा है, जहां देश की सड़कों पर राजनीतिक विरोध की आग फैल चुकी है. हर जगह बम, आगजनी और खूनी टकराव दिखाई दे रहे हैं. यहां तक कि राजधानी ढाका में देसी बमों के धमाके, बसों और गाड़ियों में आग, नेताओं के घरों पर हमले और चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख रहे मोहम्मद यूनुस के पैतृक आवास में आग लगा दी गई. इन घटनाओं ने इस देश की कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं. फिलहाल हालात पर काबू पाने के लिए कई इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ानी पड़ी है और सवाल उठ रहा है कि क्या बांग्लादेश एक बार फिर गृहयुद्ध की ओर बढ़ रहा है?
पिछली बार की हिंसा शेख हसीना को हटाने के लिए हुई थी और इस बाद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी से पहले उनकी पार्टी अवामी लीग का देशव्यापी लॉकडाउन वजह बना है. आपको बता दें कि शेख हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत में रह रही हैं. उनकी पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर बांग्लादेश ने पाबंदी लगा रखी है, बावजूद इसके 19 नवंबर को लॉकडाउन का आह्वान किया गया है. इससे पहले ही रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 10 दिनों में कम से कम 28 जिलों में कच्चे बम के धमाके और आगजनी की घटनाएं रिपोर्ट की गई हैं.
18 नवंबर की रात चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पैतृक आवास में आग लगा दी गई. शुरुआती आशंका पेट्रोल बम से हमले की जताई गई. पुलिस के मुताबिक आग एक खाली पड़े ग्राउंड फ्लोर के कमरे में लगी थी और उसे बुझा दिया गया. इसके अलावा चटगांव में कुछ बैंक ब्रांचेज को भी निशाना बनाए जाने की खबरें हैं. ये घटना इसलिए अहम है क्योंकि यूनुस उस अंतरिम सरकार का चेहरा रहे, जिसने अवामी लीग के खिलाफ कठोर कार्रवाई की थी. ऐसे में उनके घर पर हमला राजनीतिक बदले की कार्रवाई बन गया है. हालांकि हिंसा का असर सिर्फ एक पार्टी तक सीमित नहीं है. नारायल में BNP से जुड़े दो नेताओं की हत्या हुई, फरीदपुर में कृषक दल के एक नेता की जान गई और पीरोजपुर में बस में आग लगने से एक कर्मचारी की मौत हुई. ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, दो दिनों में राजनीतिक हिंसा और आगजनी की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हुई.
बांग्लादेश की कपड़ा फैक्ट्रियों में काम करने वाले कामगारों से शुरू हुआ प्रोटेस्ट राजनीतिक हो चुका है. (फोटो: Reuters)
सरकार ने हालात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. ढाका में पुलिस चौकियां बढ़ाई गई हैं और संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. रॉयटर्स की रिपोर्ट बताती है कि ढाका में 24 घंटे के भीतर प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 71 लोगों को गिरफ्तार किया गया. ग्रामीण बैंक की कम से कम 37 शाखाओं को 10 नवंबर के बाद से निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया है.
बांग्लादेश में फिर से सड़कों पर बवाल. (फोटो क्रेडिट- एएनआई)
बांग्लादेश की सबसे बड़ी समस्या है कि अब केवल अवामी लीग और बीएनपी के बीच सत्ता की लड़ाई नहीं रह गया है. इसके भीतर बदले की राजनीति, पुराने सत्ता संघर्ष, स्थानीय गुटबाजी और संस्थाओं पर नियंत्रण की लड़ाई भी शामिल हो गई है. हसीना के शासनकाल में विपक्ष ने दमन और राजनीतिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे और 2024 के विद्रोह के बाद अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई हुई. अब यही आरोप अवामी लीग पार्टी प्रतिबंधों को लेकर लगा रही है. दूसरी तरफ बीएनपी के सत्ता में आने के बाद भी राजनीतिक हिंसा पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.
सबसे बड़ी समस्या यही है कि जिस देश में 2024 का आंदोलन लोकतांत्रिक बदलाव की उम्मीद लेकर आया था, वहां आज भी राजनीतिक प्रतिशोध और हिंसा का खतरा बना हुआ है. हालात एक बार फिर सिविल वॉर जैसे हैं, हालांकि ये कम जिलों तक सीमित हैं लेकिन कानून व्यवस्था की धज्जियां तो उड़ ही रही हैं. ढाका की सड़कों पर उठता धुआं सिर्फ फूंकी हुई गाड़ियों का नहीं बल्कि बांग्लादेश की अधूरी राजनीतिक लड़ाई का भी है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login