Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल में हरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है. गुरुवार को हरिहर मंदिर की ओर पदयात्रा निकालने पहुंचे संतों और पुलिस के बीच टकराव हो गया. कैला देवी मंदिर से महंत ऋषिराज गिरि के नेतृत्व में निकले श्रद्धालुओं को पुलिस ने रास्ते में रोकने की कोशिश की तो माहौल गरमा गया. देखते ही देखते बैरिकेडिंग हटाने और आगे बढ़ने की कोशिश शुरू हो गई. इस दौरान पुलिसकर्मियों और पदयात्रियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. हालात ऐसे बने कि एक महिला पुलिसकर्मी समेत कई जवान जमीन पर गिर गए.
दरअसल, 19 नवंबर को संभल की शाही जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर विवाद को अदालत में पहुंचे दो साल पूरे हो गए. इसी मौके पर महंत ऋषिराज गिरि ने कैला देवी धाम से हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था. प्रशासन को पहले से ही इस कार्यक्रम की जानकारी थी. लिहाजा सुबह से ही इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई थी. संवेदनशील रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.
बैरिकेडिंग देखते ही बढ़ा तनाव, पुलिस से भिड़े पदयात्री
गुरुवार सुबह करीब 11:40 बजे महंत ऋषिराज गिरि के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का समूह हाथों में झंडियां लेकर कैला देवी मंदिर से रवाना हुआ. पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे. मंदिर से निकलकर श्रद्धालु मुख्य चौराहे पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया.
पुलिस की बैरिकेडिंग के सामने पदयात्री रुकने को तैयार नहीं हुए. समर्थकों ने बैरियर को धकेलकर आगे बढ़ने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. पहली बैरिकेडिंग हटने के बाद भीड़ आगे बढ़ी, लेकिन थाने के मोड़ पर पुलिस ने दूसरी बैरिकेडिंग लगा रखी थी. यहां भारी पुलिस बल ने रास्ता रोक दिया. काफी देर तक नारेबाजी और हंगामे का माहौल बना रहा.
अधिकारियों ने महंत को समझाया, मंदिर में ही खत्म हुई यात्रा
स्थिति बिगड़ती देख सीओ कुलदीप सिंह और एसडीएम विकास चंद्र मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने महंत ऋषिराज गिरि से बातचीत की और बताया कि हरिहर मंदिर से जुड़ा मामला अदालत में विचाराधीन है. ऐसे में विवादित स्थल की ओर पदयात्रा ले जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती.
काफी देर तक चली बातचीत के बाद महंत पदयात्रा आगे नहीं ले जाने पर सहमत हुए. इसके बाद श्रद्धालु वापस कैला देवी मंदिर पहुंचे. मंदिर की परिक्रमा और श्रद्धालुओं को संबोधित करने के बाद कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया.
‘पूजा नहीं तो नमाज भी नहीं’, महंत ने क्या कहा?
पदयात्रा रोके जाने के बाद महंत ऋषिराज गिरि ने अपना विरोध दर्ज कराया. उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा. उनका कहना था कि जब संबंधित स्थल पर पूजा की अनुमति नहीं है तो नमाज की इजाजत भी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने हरिहर मंदिर के पट खुलने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही. साथ ही अगले साल फिर पदयात्रा निकालने का ऐलान किया.
क्या है संभल का हरिहर मंदिर विवाद?
संभल में शाही जामा मस्जिद और हरिहर मंदिर को लेकर कानूनी विवाद चल रहा है. हिंदू पक्ष का दावा है कि मौजूदा मस्जिद परिसर में पहले हरिहर मंदिर था, जिसे मुगलकाल में तोड़कर मस्जिद बनाई गई. इसी दावे को लेकर 19 नवंबर 2024 को अदालत में मुकदमा दाखिल किया गया था.
इसके बाद 24 नवंबर 2024 को मस्जिद के सर्वे के दौरान संभल में हिंसा भड़क गई थी. इस घटना में कई लोगों की मौत हुई थी और पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए थे. तब से यह मामला स्थानीय प्रशासन के लिए बेहद संवेदनशील बना हुआ है.
फिलहाल विवाद का समाधान अदालत में कानूनी प्रक्रिया के जरिए होना है. ऐसे में पदयात्रा के दौरान हुआ टकराव एक बार फिर से संभल में धार्मिक विवाद और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चुनौती सामने ले आया है.