अनुज गुप्ता, उन्नाव: यूपी में 2027 के चुनाव को लेकर सियासी पारा अब चढ़ने लगा है. उन्नाव में भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में विपक्ष पर एक के बाद एक तीखा हमला बोल दिया. अखिलेश यादव के जीत वाले दावे से लेकर राहुल गांधी के वोट चोरी वाले बयान तक और आजम खान के इंकलाब से लेकर सपा-कांग्रेस गठबंधन तक, साक्षी महाराज ने हर मुद्दे पर खुलकर जवाब दिया.
उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए सबसे पहले अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे पर निशाना साधा. अखिलेश ने 2027 में गोरखपुर की 9 की 9 सीटें सपा के जीतने के दावे पर साक्षी महाराज ने तंज कसते हुए कहा कि एक बहुत बड़ा शायर हुआ है गालिब. गालिब ने कहा है – दिल बहलाने के लिए गालिब यह ख्याल अच्छा है. जब तक चुनाव आ नहीं जाता, नतीजा निकल नहीं जाते, तब तक 9 में 12 भी ले सकते हैं, कोई बड़ी बात नहीं है.
वहीं सपा कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर- लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा पर साक्षी महाराज ने कहा कि अपने घर पर कोई भी कुछ लिख ले, लेकिन भाजपा की सरकार थी, है और आगे भी भाजपा की ही सरकार होगी. जेल से बाहर आए आजम खान के इंकलाब वाले बयान पर साक्षी महाराज ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इंकलाब एक बहुत पवित्र शब्द है. आजम खान जैसे व्यक्ति के मुंह से इंकलाब शोभा नहीं देता. लगता है उनकी बुद्धि का जनाजा निकल गया. इंकलाब था अंग्रेजों के खिलाफ. आज भारत आजाद है, 2047 तक भारत विकसित होगा. रस्सी जल गई ऐंठ नहीं गई, जेल से निकलते ही उल-जलूल बयान देने शुरू कर दिए.
वहीं राहुल गांधी के अमेरिका में वोट चोरी वाले बयान पर साक्षी महाराज ने उन्हें राष्ट्रद्रोही तक कह दिया. उन्होंने कहा वोट चोरी तो तब हुआ था जब उनके परिवार ने सरदार पटेल को प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया था. मैं सात बार से सांसद हूं, इतनी पारदर्शिता मैंने कभी नहीं देखी. मैं भारत निर्वाचन आयोग का हृदय से धन्यवाद करूंगा. घर की बात बाहर ले जाना तो राष्ट्रद्रोह है.
सपा-कांग्रेस गठबंधन में कांग्रेस को कितनी सीटें मिलनी चाहिए, इस सवाल पर साक्षी महाराज ने राहुल गांधी पर जमकर चुटकी ली. उन्होंने कहा अखिलेश जी पढ़े-लिखे समझदार चेहरा हैं, जनाधार वाले नेता हैं और एक तरफ वो पप्पू हैं, राजनीति में एबीसीडी तक नहीं जानते हैं. जो आलू से सोना बनाते हैं. तो दो-चार आलू पकड़ा देना चाहिए, यानी दो-चार सीटें दे देनी चाहिए. उन्होंने अपने कार्यकाल में विकास के सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा, सूरज निकले उल्लू को दिखाई न दे तो सूर्य का क्या दोष है. उन्नाव में सड़कों का जाल बिछा है, दिल्ली से आया व्यक्ति भी विकास देखकर दंग रह गया.
वहीं ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर साक्षी महाराज ने कहा भाजपा किसी के गठबंधन से हानि-लाभ नहीं सोचती है. भाजपा अपना काम करती है. अंत में 2027 में अखिलेश को कितनी सीटें मिलेंगी, इस सवाल पर साक्षी महाराज ने बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा मुझे नहीं लगता कि एक सैकड़ा यानी 100 सीटें भी सपा को मिल पाएंगी.