देश में 1000 लड़कों पर 918 बेटियों का जन्म, 978 के साथ छत्तीसगढ़ नंबर 1
Last Updated:
सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (SRS) की 2022-24 की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में प्रति 1000 लड़कों पर 918 लड़कियों का जन्म हो रहा है. इस मामले में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शान सबसे बेहतर रहा है. यहां प्रति 1000 लड़कों पर 978 लड़कियों का जन्म दर्ज किया गया.
लिंग जांच पर सरकार सख्त.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सेंट्रल सुपरवाइजरी बोर्ड की 32वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए देश में बाल लिंगानुपात सुधारने पर जोर दिया. सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (SRS) की 2022-24 की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में प्रति 1000 लड़कों पर 918 लड़कियों का जन्म हो रहा है. इस मामले में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां प्रति 1000 लड़कों पर 978 लड़कियों का जन्म दर्ज किया गया. बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिंगानुपात में सुधार के लिए मिलकर काम करने की सलाह दी गई.
भ्रूण हत्याओं को रोकने के लिए सरकार सख्ती बरतने की तैयारी में है. सेंट्रल सुपरवाइजरी बोर्ड की 32वीं बैठक में लिंग चयन और भ्रूण के लिंग की जांच पर रोक लगाने वाले PC&PNDT Act की समीक्षा भी की गई. जेपी नड्डा ने अल्ट्रासाउंड और दूसरी डायग्नोस्टिक तकनीकों के दुरुपयोग पर सख्ती बरतने, अल्ट्रासाउंड सेंटरों का नियमित निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
‘जब लड़का लड़की है बराबर, तो पूछना क्यों?’
बैठक में भ्रूण के लिंग की जांच और लिंग चयन को बढ़ावा देने वाले ऑनलाइन विज्ञापनों पर भी चिंता जताई गई. ऐसे विज्ञापनों की निगरानी के लिए एक नोडल एजेंसी बनाई गई है, जो उनसे जुड़े URL और कीवर्ड की पहचान कर कार्रवाई कर रही है. इसके अलावा, देशभर में जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘जब लड़का लड़की है बराबर, तो पूछना क्यों?’ अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत आकाशवाणी के FM चैनलों पर 13 अक्टूबर से लगातार 20 दिनों तक रेडियो जिंगल प्रसारित किए गए. अब दूरदर्शन पर भी जेंडर इक्वलिटी को लेकर विज्ञापन दिखाए जाएंगे. सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के जरिए भी बेटियों के प्रति भेदभाव खत्म करने और समाज में लड़कियों को बराबरी का अधिकार देने के लिए जागरूकता बढ़ा रही है.