Last Updated:
बेंगलुरु के पति-पत्नी ने बाहर के खाने से परेशान होकर IT की नौकरी छोड़ शुरू किया Wellfed स्टार्टअप. 15 लाख रुपये की शुरुआती पूंजी से शुरू हुई इस फूड सर्विस ने 9 महीने में 56 लाख रुपये का रेवेन्यू कमाया. कंपनी अब तक 1500 से ज्यादा ग्राहकों को 55 हजार से अधिक मील डिलीवर कर चुकी है.
कपल ने बाहर के खाने से परेशान होकर खुद शुरु किया हेल्दी फूड बिजनेस(फोटो: Instagram-@bewellfed.in)
आजकल नौकरीपेशा लोगों के सामने सबसे बड़ी परेशानियों में से एक है समय पर अच्छा खाना मिलना. सुबह ऑफिस जाने की जल्दी, दिनभर काम का दबाव और देर शाम घर लौटने के बाद खाना बनाने की थकान. ऐसे में ज्यादातर लोग ऑनलाइन खाना ऑर्डर कर लेते हैं। लेकिन बाहर का खाना हर दिन खाना न तो आसान होता है और न ही हर किसी की पसंद के मुताबिक. कुछ ऐसी ही परेशानी बेंगलुरु में रहने वाले दिया कृष्णकुमार और आदित्य नटराजन के सामने भी थी. दोनों IT सेक्टर में काम करते थे, लेकिन नौकरी के लंबे घंटों के कारण उन्हें घर पर खाना बनाने का समय नहीं मिल पाता था. वो चाहते थे कि उन्हें दाल, रोटी और सब्जी जैसा घर का खाना मिले, जो हेल्दी होने के साथ जेब पर भी भारी न पड़े. उन्होंने कई फूड सर्विस और मील सब्सक्रिप्शन के विकल्प देखे, लेकिन उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक कोई सर्विस नहीं मिली. आखिरकार दोनों ने दूसरों की सर्विस पर निर्भर रहने के बजाय खुद का बिजनेस शुरू करने का फैसला किया. सितंबर 2024 में उन्होंने IT की नौकरी छोड़कर 15 लाख रुपये की शुरुआती पूंजी से Wellfed नाम का हेल्दी फूड स्टार्टअप शुरू किया. आज उनकी कंपनी 1500 से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच चुकी है और जनवरी से सितंबर 2026 के बीच 56 लाख रुपये का रेवेन्यू दर्ज कर चुकी है.
रोज की परेशानी ने दिया बिजनेस शुरू करने का आइडिया
दिया कृष्णकुमार और आदित्य नटराजन ने बेंगलुरु से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की थी. इसके बाद दोनों ने एक ही IT कंपनी में अपने करियर की शुरुआत क. कॉर्पोरेट सेक्टर में तीन साल से ज्यादा काम करने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि नौकरी के साथ खानपान का ध्यान रखना काफी मुश्किल हो रहा है. काम की व्यस्तता के कारण कई बार उनके पास खाना बनाने का समय नहीं होता था। ऐसे दिनों में उन्हें बाहर से खाना मंगवाना पड़ता था. दोनों चाहते थे कि उन्हें रोजाना घर जैसा साधारण भारतीय खाना मिले. हालांकि, बाजार में मौजूद कई मील सब्सक्रिप्शन सर्विस में अलग-अलग तरह के पकवान और विदेशी व्यंजन ज्यादा मिलते थे. उन्हें दाल, सब्जी, रोटी और प्रोटीन से भरपूर भोजन जैसी रोजमर्रा की चीजें किफायती कीमत पर नहीं मिल पा रही थीं. दिया का कहना था कि इंटरनेट पर 20 मिनट में बनने वाली रेसिपी को असल रसोई में तैयार करने में कभी-कभी दोगुना समय लग जाता है. इसी परेशानी ने दोनों को ऐसा बिजनेस शुरू करने के लिए प्रेरित किया, जिससे उनकी तरह दूसरे नौकरीपेशा लोगों को भी घर जैसा खाना मिल सके.
15 लाख रुपये से शुरू की Wellfed सर्विस
सितंबर 2024 में दोनों ने अपनी बचत के ज्यादातर हिस्से से 15 लाख रुपये लगाकर Wellfed की शुरुआत की. शुरुआती टीम में कुल छह लोग थे. इसमें दोनों संस्थापक, एक न्यूट्रिशनिस्ट, एक कुक, एक स्टीवर्ड और एक डिलीवरी कर्मचारी शामिल थे. शुरुआत में न्यूट्रिशनिस्ट की मदद से खाने का मेन्यू तैयार किया गया. वह हर मील के पोषण से जुड़ी जानकारी और उसमें मौजूद पोषक तत्वों का हिसाब रखने में मदद करते थे. शुरुआत में टीम ने दोस्तों और परिवार के लोगों को खाना भेजकर उनका फीडबैक लिया. इसके बाद धीरे-धीरे दूसरे ग्राहकों तक अपनी सर्विस पहुंचाई. Wellfed के मेन्यू में दाल, आलू गोभी, ज्वार की रोटी, अदरक वाला चिकन और छोले चाट जैसे व्यंजन शामिल हैं. इसके अलावा पनीर, टोफू, सोया और चिकन जैसे प्रोटीन से भरपूर ऑप्शन भी मिलते हैं. जो लोग कुछ अलग खाना पसंद करते हैं, उनके लिए रैप, बिरयानी और इंडो-चाइनीज डिश भी रखी गई हैं.
एक रील से मिले पहले 100 ग्राहक
किसी भी नए बिजनेस के लिए शुरुआत में ग्राहक जुटाना आसान नहीं होता। Wellfed के साथ भी कुछ ऐसा ही था. हालांकि, बेंगलुरु की एक न्यूट्रिशनिस्ट ने सोशल मीडिया पर इस स्टार्टअप के बारे में एक रील शेयर की. इस वीडियो से कंपनी को काफी मदद मिली और उसके शुरुआती 100 ग्राहक जुड़ गए. कंपनी के संस्थापकों ने खाने की पैकेजिंग पर भी खास ध्यान दिया. उन्होंने सामान्य डिस्पोजेबल डिब्बों के बजाय स्टील की परत वाले दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले लंच कंटेनर चुने. इन कंटेनरों को महाराष्ट्र के एक निर्माता से मंगवाया गया.
View this post on Instagram