बिना वैभव सूर्यवंशी के ही जीत गई बिहार की टीम, रोमांचक मैच में हारी दिल्ली
Last Updated:
Syed Mushtaq Ali Trophy 2026 Bihar vs Delhi: बिहार ने दिल्ली के खिलाफ एक शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने 225 रनों के लक्ष्य को दो गेंदें शेष रहते और केवल दो विकेट हाथ में रहते हुए हासिल कर लिया. इसके साथ ही उन्होंने किसी बड़ी टीम के खिलाफ अपना सबसे बड़ा सफल रन-चेज दर्ज किया है. सबसे खास बात यह है कि उन्होंने यह जीत अपने सबसे अहम खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के बिना हासिल की.
वैभव सूर्यवंशी के बिना SMAT में बिहार ने दिल्ली को हरा दिया.
नई दिल्ली: वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) के लिए बिहार का कप्तान बनाया गया था, लेकिन ACC पुरुष राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में इंडिया ए से खेलने के लिए वह कतर चले गए, ऐसे में वैभव की गैरमौजूदगी में भी उनकी टीम ने 18 नवंबर को ग्रुप बी के एक रोमांचक मैच में दिल्ली को दो विकेट से हरा दिया. यश ढुल ने 59 गेंदों में 125 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली की टीम बिहार से जीत नहीं पाई.
यश ढुल की सेंचुरी बेकार
यश ढुल की तूफानी पारी में 16 चौके और सात छक्के शामिल हैं, उनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज तेजस्वी दहिया ने 25 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रन बनाए, इससे दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 224 रन बनाए. इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 8.5 ओवर में 126 रन की साझेदारी करके टीम को शुरुआती झटकों से उबारा.
एक गेंद पहले जीता बिहार
बिहार की तरफ से तेज गेंदबाज राघवेंद्र प्रताप ने 44 रन देकर तीन विकेट लिए. बिहार के अधिकतर बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान दिया, जिससे उसकी टीम ने एक गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट पर 227 रन बनाकर जीत दर्ज की. बिहार की तरफ से सलामी बल्लेबाज आयुष लोहारुका (22 गेंद पर 50 रन) और बिपिन सौरभ (19 गेंद पर 49 रन) ने केवल 5.4 ओवर में 92 रन जोड़े। बिहार ने हालांकि 16.3 ओवर में 189 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे और उस पर हार का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन मयंक कुमार (13 गेंद पर नाबाद 24) और प्रशांत सिंह (आठ गेंद पर नाबाद 13) ने नौवें विकेट के लिए 37 रन की अटूट साझेदारी करके बिहार को जीत दिलाई.
मुंबई ने गोवा को 18 रन से रौंदा
एक अन्य मैच में मुंबई ने गोवा को 18 रन से हराया. मुंबई के लिए मुशीर खान ने 27 गेंद में 44 और सूर्यकुमार यादव ने 25 रन बनाए. आठवें नंबर के बल्लेबाज साइराज पटेल ने 21 गेंद में 40 रन बनाए. एक दूसरे मैच में सौराष्ट्र ने जम्मू कश्मीर को 43 रन से और उत्तराखंड ने गुजरात को दस रन से हराया.