Last Updated:
पिछले 6 महीनों से छत्तीसगढ़ में एक हाथी ने आतंक मचाया हुआ है. कबरा कान हाथी ने इस दौरान 19 लोगों की जान ले ली और लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया. इस हाथी ने खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया और लोगों के अंदर दहशत भर दी. अब वन विभाग ने 100 लोगों की टीम लगाई और इस हाथी को पकड़ लिया है. अब उसे रेडियो कॉलर लगाने के बाद रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी है.
पकड़ा गया कबरा कान हाथी
छत्तीसगढ़ में कबरा कान के हाथी ने आतंक मचाया हुआ था. इस हाथी ने 19 लोगों की जान ले ली थी. इस हाथी से लोगों के मन में खौफ पैदा हो गया था और कई लोगों ने घर से निकलना छोड़ दिया था. अब यह खतरनाक हाथी पकड़ा गया है. इसको पहले रामगढ़ की पार्वती गुफा के नीचे रेस्क्यू किया गया. इसके बाद धीरे-धीरे हाथी को बेहोश किया गया. इस दौरान मौके पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौजूद थी. हाथी को देखने के लिए काफी भीड़ उमड़ पड़ी थी. इसको रोकने के लिए काफी इंतजाम किए गए.
हाथी को पकड़ने के लिए लगी 100 लोगों की टीम
बताया जा रहा है कि हाथी को पकड़ने के लिए यह ऑपरेशन 13 नवंबर को शुरू हुआ था. अब 18 नवंबर को अंबिकापुर के उदयपुर में रामगढ़ की पहाड़ी पर जाकर सफल हुआ है. कबरा कान को पकड़ने के लिए वन विभाग के करीब 100 लोगों की टीम लगी थी. बताया जा रहा है कि कबरा हाथी दूसरे 17 हाथियों के दल के साथ, जिससे उसे अलग करना मुश्किल हो रहा था और उसे बेहोश करने में परेशानी हो रही थी. इस अभियान में ‘तीरथ राज’ और ‘दुर्योधन’ नाम के दो ट्रेन हाथियों की मदद ली गई.
आखिर में चारों तरफ से घेराबंदी करके और ड्रोन से निगरानी के बाद हाथी को बेहोश करके अलग किया गया. पहले कबरा हाथी को रेस्क्यू कर रमकोला सेंटर भेजने का प्लान था, लेकिन फिर इसे बदल दिया गया. अब इस योजना में बदलाव कर दिया गया है.
कॉलर बैंड लगाकर छोड़ा जाएगा कबरा कान हाथी
अब यह फैसला लिया गया है कि उसके गले में कॉलर बैंड बांधा जाएगा. फिर उसे रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा. बाद में उसे इन्हीं 17 हाथियों के दल के साथ उदयपुर वन क्षेत्र में घूमने के लिए छोड़ दिया जाएगा. कॉलर बैंड लगाने से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि वन विभाग के पास हाथी की लोकेशन होगी और वह उसकी हर मूवमेंट को ट्रैक कर सकेंगे.
अब इसके बाद अगर किसी गांव में हाथी जाता है, तो इसकी जानकारी वन विभाग को मिल जाएगी. कबरा कान ने अंबिकापुर, सूरजपुर और बलरामपुर में दहशत मचा रखी थी और वह फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहा था. अब उसके आतंक पर ब्रेक लग गया है.
(रिपोर्ट-कविता)