Last Updated:
Bilawal Bhutto Slams Shehbaz-Munir: पाकिस्तान की सियासत इस वक्त हिली हुई है. यहां पर शहबाज शरीफ की सरकार को बाहरी समर्थन देने वाले बिलावल भुट्टो की बातों से ऐसा लग रहा है कि उनका मूड कुछ अलग ही है. वो हर उस मुद्दे पर भड़के हुए हैं, जिसे लेकर मुनीर-शहबाज अपना सीना ताने खड़े हैं.
बिलावल भुट्टो.
Bilawal Bhutto Slams Shehbaz-Munir: पाकिस्तान की राजनीति में एक अलग ही तरह का सर्कस चल रहा है. यहां पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी ने 17 नवंबर को कराची प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए कुछ ऐसा कहा, जिसके सुनकर खुद शहबाज शरीफ को भी हैरानी होगी. उन्होंने सत्ता के गलियारों और सैन्य स्थापना पर तीखा हमला बोला और साफ- साफ चेतावनी दी कि सिंध को जबरदस्ती नए प्रांतों में बांटने की कोई कोशिश कराची और हैदराबाद की सड़कों पर खून-खराबा को बढ़ावा दे सकती है. इतना ही नहीं बिलावल भुट्टो ने कहा कि पाकिस्तान की राजनीतिक व्यवस्था खुद से नहीं गिरी, बल्कि उसे चलाने वाले लोगों ने जानबूझकर तोड़ा है.
बिलावल भुट्टो बस यहीं नहीं रुके, सीधा-सीधा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भी निशाने पर लिया. उन्होंने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का अपने मंत्रिमंडल पर कोई अधिकार नहीं रहा? बिलावल ने गृह मंत्री मोहसिन नकवी पर सबसे ज्यादा निशाना साधा, ये भी सीधा आसिम मुनीर को चुनौती देने वाला माना जा रहा है. दरअसल मोहसिन नकवी को पाकिस्तान के सर्वेसर्वा फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का करीबी माना जाता है. बिलावल भुट्टो ने इमरान खान की रिहाई की भी वकालत की, जो पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री रह चुके हैं और फिलहाल जेल में हैं.
क्यों सरकार पर भड़के हुए हैं बिलावल?
बिलावल भुट्टो ने कहा कि नए प्रांत बनाने और जनमत संग्रह कराने की बात संसद या कैबिनेट में कभी नहीं हुई, ऐसा सिर्फ कुछ प्रभावशाली लोग संवैधानिक बदलाव को पीछे के दरवाजे से थोपना चाहते हैं. आपको बता दें कि बिलावल भुट्टो की पार्टी का शहबाज शरीफ को बाहरी समर्थन प्राप्त है और वे हमेशा से ही सिंध की सीमा बदलने के खिलाफ सख्त रहे हैं. बिलावल ने एक बार फिर से यही मुद्दा उठाते हुए कहा कि राजनीतिक सहमति के बिना नया प्रशासनिक बंटवारा किया गया तो भाई, भाई के खिलाफ खड़ा हो जाएगा. एक फैसले से कराची, हैदराबाद और पूरे समाज में अशांति फैल जाएगी. बिलावल ने कहा कि देश को जबरदस्ती नहीं चलाया जा सकता और फैसला कुछ भी हो, उस पर संसद के अंदर बात की जानी चाहिए.
इमरान खान की रिहाई की वकालत
दिलचस्प ये भी रहा कि वे विपक्षी पार्टी की ओर से भी बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि देश में राजनीतिक बदले की राजनीति तुरंत बंद होनी चाहिए. कोई भी राजनीतिक कैदी जेल में नहीं रहना चाहिए, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान भी शामिल हैं. उन्होंने दुख जताया कि हर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री जेल जाता है और फिर वापस सत्ता में आता है. पाकिस्तान पीटीआई के बिना नहीं चल सकता और इस पार्टी को देश की हकीकत मानना चाहिए. इतना ही नहीं उन्होंने मौलाना फजलुर रहमान के सरकार की आलोचना करने के अधिकार का बचाव किया और NAB पर राजनीतिक मामलों के लिए निशाना साधा. बिलावल ने चुनावी सुधार, नतीजों में हेराफेरी बंद करने और संसद में विपक्ष का विश्वास बहाल करने की मांग की. बिलावल की बातों से ऐसा लग रहा है कि वो कुछ और ही सोच रहे हैं.