Pali Ground Report: दोनों तरफ सड़क तैयार, बीच के 3 KM हिस्से को भूला विभाग, रोजाना जान जोखिम में डाल रहे राहगीर

Pali Ground Report: दोनों तरफ सड़क तैयार, बीच के 3 KM हिस्से को भूला विभाग, रोजाना जान जोखिम में डाल रहे राहगीर


Last Updated:

Incomplete Road Construction on Desuri Jojawar Route in Pali: पाली जिले में देसूरी से जोजावर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पिछले 12 महीनों से अधूरा पड़ा है. सड़क के दोनों तरफ निर्माण होने के बावजूद सुमेर से लांपी के बीच 2-3 किलोमीटर का हिस्सा टूटा हुआ है, जिस पर बड़े-बड़े नुकीले पत्थर बिखरे हैं. जंगल से गुजरने वाले इस जानलेवा रास्ते पर दुपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस बदहाल सड़क को ठीक कराने की मांग की है.

ख़बरें फटाफट

पाली. राजस्थान के पाली जिले में प्रशासन और जिम्मेदार विभागों की लापरवाही का एक और खतरनाक नमूना सामने आया है. देसूरी से जोजावर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए किसी खतरे के रास्ते से कम नहीं है. पिछले 12 महीनों से इस सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे यह मार्ग अब आए दिन होने वाले हादसों का सबब बन चुका है. हैरान करने वाली बात यह है कि सड़क के दोनों सिरों पर तो निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया है, लेकिन बीच का एक बड़ा हिस्सा जस का तस टूटा-फूटा छोड़ दिया गया है, जिस पर बिखरे नुकीले पत्थर लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं.

लोकल-18 की टीम द्वारा किए गए ग्राउंड निरीक्षण में सामने आया है कि देसूरी से जोजावर मार्ग पर सुमेर और लांपी (लापी) गांवों के पास का 2 से 3 किलोमीटर का हिस्सा पूरी तरह से जर्जर हालत में है. सड़क के दोनों तरफ तो पक्की डामर सड़क बना दी गई है, लेकिन बीच के इस हिस्से को महीनों से अधूरा छोड़ दिया गया है. इस बदहाल टुकड़े पर बड़े-बड़े कंकड़ और नुकीले पत्थर बिखरे पड़े हैं. हालात यह हैं कि इस मार्ग पर 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी वाहन चलाना बेहद मुश्किल और जोखिम भरा साबित हो रहा है.

जंगल का रास्ता और सुरक्षा का बड़ा संकट
सुमेर से लांपी के बीच का यह पूरा इलाका जंगली क्षेत्र से होकर गुजरता है, जिसके कारण यहाँ से आवाजाही करना और भी अधिक खतरनाक हो जाता है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि साल भर का लंबा समय बीत जाने के बाद भी किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या विभाग ने इस अधूरे काम को पूरा करने की सुध नहीं ली है. खराब रास्ते और सुनसान जंगल के इस सुनसान मार्ग पर रात के समय महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का गुजरना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है. लोग रात के वक्त इस रास्ते से निकलने से खौफ खाते हैं.

आए दिन हो रहे हादसे, ग्रामीणों में गहरा रोष
इस टूटे-फूटे और पथरीले रास्ते पर आए दिन दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं और गंभीर रूप से चोटिल हो रहे हैं. सड़क पर बिखरे नुकीले पत्थर इतने खतरनाक हैं कि जरा सा संतुलन बिगड़ने पर बड़ी दुर्घटना या जनहानि की आशंका बनी रहती है. स्थानीय निवासी हरीश ने बताया कि पूरा रास्ता दो-तीन किलोमीटर तक इसी तरह बदहाल है और दिवाली के बाद से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है. स्कूली बच्चों, किसानों और दैनिक यात्रियों को अपनी जान हथेली पर रखकर इस रास्ते से गुजरना पड़ रहा है. ग्रामीणों का प्रशासन के प्रति गहरा रोष है और उन्होंने जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त कराने की जोरदार मांग की है.



Source link