चीन के शेनझेन शहर में दुनिया के तीन सबसे ताकतवर नेता महामंथन करने जा रहे हैं. एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार एक साथ दिखाई देंगे. इस मीटिंग के लिए ट्रंप चीन में लैंड हो चुके हैं और यहां पहुंचते ही उन्हें हैरान कर देने वाला सरप्राइज मिला. शी जिनपिंग खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पहुंच गए. ये एक एक रेयर डिप्लोमैटिक मूव है, जिसके असल मायने बहुत गहरे हैं. जिनपिंग सिर्फ ट्रंप को लेने नहीं पहुंचे बल्कि एक तगड़ा मैसेज देने और मौके पर चौका लगाने पहुंचे थे.
चीन में कैसे हुआ ट्रंप का ग्रैंड वेलकम?
जैसे ही ट्रंप का एयरफोर्स वन एयरपोर्ट पर लैड हुए, वहां जिनपिंग पहुंच गए. उन्होंने ट्रंप के लिए रेड कार्पेट बिछाया, पर्सनली रिसीव किया, दोनों ने मिलते ही एक-दूसरे से हैंडशेक किया और गले भी लगाया. इसके बाद चीनी अंदाज में ट्रंप का स्वागत करने के लिए रेड कार्पेट के अलग-बगल युवा डांसर्स हाथ में पॉम-पॉम लेकर गाते और डांस करते दिखाई दिए. ये पूरा नजारा देखकर ट्रंप गदगद नजर आए और उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी.
एयरपोर्ट पर जिनपिंग का पहुंचना क्यों है इतनी बड़ी बात?
अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में प्रोटोकॉल का बहुत बड़ी अहमियत होती है. किसी भी देश का राष्ट्रपति जब दूसरे देश जाता है, तो उसका स्वागत कौन करने आता है, इससे दोनों देशों के रिश्तों की गर्माहट और उस मेहमान की अहमियत का अंदाजा लगाया जाता है. आमतौर पर चीन में जब कोई विदेशी राष्ट्राध्यक्ष आता है, तो एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए चीन के विदेश मंत्री या कोई अन्य वरिष्ठ मंत्री जाता है. खुद राष्ट्रपति शी जिनपिंग एयरपोर्ट पर किसी का स्वागत करने जाएं, ऐसा बहुत ही दुर्लभ मामलों में देखने को मिलता है.
- ट्रंप जब पिछली बार 13 से 15 मई 2026 तक चीन दौरे पर गए थे, तब जिनपिंग उन्हें लेने पहुंचे थे. फिर इस बार ऐसा क्या हुआ?
- प्रोटोकॉल से हटकर कदम: जिनपिंग का खुद एयरपोर्ट जाना इस बात का सबूत है कि बीजिंग इस मुलाकात को कहीं ज्यादा महत्व दे रहा है. ये सीधे तौर पर ट्रंप को व्यक्तिगत सम्मान देने की कोशिश है, क्योंकि ट्रंप के बारे में ये माना जाता है कि उन्हें मान-सम्मान और ग्रैंड जेस्चर काफी पसंद आता है.
- तनाव कम करने का संदेश: पिछले कई सालों से अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक और दक्षिण चीन सागर जैसे मुद्दों पर भारी तनाव रहा है. ऐसे में एयरपोर्ट पर जिनपिंग की मौजूदगी दुनिया को ये संदेश देने की कोशिश है कि चीन बातचीत के दरवाजे खुले रखना चाहता है और वो रिश्तों में जमी बर्फ को पिघलाने के लिए तैयार है.
जिनपिंग ने खास दोस्त पुतिन का भी नहीं किया ऐसा स्वागत
पुतिन के लिए कभी एयरपोर्ट नहीं गए: शी जिनपिंग ने अपने सबसे करीबी दोस्त माने जाने वाले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए भी कभी ऐसा नहीं किया. दोनों के बीच करीब 50 बार मुलाकातें हो चुकी हैं, लेकिन जिनपिंग उन्हें लेने कभी एयरपोर्ट नहीं गए.
- पुराने नियमों का ही पालन हुआ: जब भी पुतिन चीन आए (जैसे मई 2024 या मई 2026 में), एयरपोर्ट पर उन्हें लेने के लिए चीन के कोई बड़े मंत्री या उप-प्रधानमंत्री ही गए. जिनपिंग ने हमेशा पुतिन का स्वागत बीजिंग के ‘ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल’ में ही किया.
- पुतिन ने भी यही नियम अपनाया: रूस में भी यही रिवाज चलता है. जब जिनपिंग 2019 या 2023 में रूस गए थे, तो खुद पुतिन उन्हें लेने एयरपोर्ट नहीं पहुंचे थे, बल्कि वहां के उप-प्रधानमंत्री ने ही उनका स्वागत किया था.
- दूसरे तरीकों से दिया खास सम्मान: ये बात अलग है कि जिनपिंग ने पुतिन के लिए दूसरे कई प्रोटोकॉल जरूर तोड़े हैं, जैसे उन्हें चीन का सबसे बड़ा सम्मान ‘फ्रेंडशिप मेडल’ देना, उनके साथ हाई-स्पीड ट्रेन में सफर करना या उनके जन्मदिन पर साथ बैठकर केक और वोदका पीना.
- सिर्फ ट्रंप के लिए तोड़ा ये नियम: लेकिन खुद चलकर एयरपोर्ट जाना और किसी विदेशी नेता को गले लगाकर रिसीव करना, जिनपिंग ने अपने पूरे कार्यकाल में सिर्फ और सिर्फ डोनाल्ड ट्रंप के लिए ही किया है.
इस खास स्वागत के पीछे चीन की क्या चाल हो सकती है?
कूटनीति की दुनिया में कोई भी कदम बिना किसी सोची-समझी रणनीति के नहीं उठाया जाता. जानकारों और अंतरराष्ट्रीय मामलों के एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जिनपिंग के इस कदम के पीछे चीन के कई गहरे मकसद छिपे हो सकते हैं.
- दुनिया के सामने खुद को शांतिदूत दिखाना: एक तरफ रूस और यूक्रेन के बीच 2022 से युद्ध चल रहा है, तो दूसरी तरफ दुनिया भर में अस्थिरता का माहौल है. ऐसे समय में ट्रंप और पुतिन दोनों की मेजबानी करके चीन खुद को एक ऐसे जिम्मेदार वैश्विक नेता के रूप में पेश करना चाहता है, जो दुनिया के सबसे बड़े विवादों को सुलझाने की ताकत रखता है.
- ट्रंप की ‘डील मेकिंग’ छवि का फायदा उठाना: ट्रंप खुद को एक ऐसे नेता के रूप में देखते हैं जो बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान बातचीत और समझौते से निकाल सकते हैं. चीन इस बात को अच्छी तरह समझता है. एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत करके जिनपिंग शुरुआत से ही ट्रंप के साथ एक सकारात्मक माहौल बनाना चाहते हैं, ताकि व्यापार और टैरिफ जैसे मुद्दों पर चीन को अमेरिका से कुछ रियायतें मिल सकें.
- मल्टीपोलर दुनिया का संदेश: ट्रंप के पहुंचने से ठीक पहले जिनपिंग और पुतिन ने आपस में मुलाकात की थी. इस दौरान दोनों नेताओं ने साफ कहा कि वो एक ऐसी दुनिया बनाना चाहते हैं जहां किसी एक देश की मनमानी न चले, बल्कि ताकत कई देशों में बंटी हो. ट्रंप का गर्मजोशी से स्वागत करके चीन ये दिखाना चाहता है कि वो न केवल रूस का करीबी है, बल्कि अमेरिका के साथ भी बराबरी के स्तर पर बात करने की हैसियत रखता है.
त्रिपक्षीय बैठक और यूक्रेन युद्ध पर सस्पेंस
शेनझेन में हो रही इस संभावित त्रिपक्षीय बैठक (ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन) के एजेंडे को लेकर अभी भी पूरी तरह से तस्वीर साफ नहीं है. राष्ट्रपति ट्रंप ने 17 नवंबर को कहा था कि वो परमाणु हथियारों को सीमित करने और यूक्रेन युद्ध को खत्म करने पर बात करना चाहते हैं. ट्रंप के मुताबिक, युद्ध में रूसी सैनिकों को हो रहे लगातार नुकसान की वजह से अब समझौते का एक अच्छा मौका है और उन्हें लगता है कि ये काम जल्द ही पूरा हो सकता है.
हालांकि, ट्रंप के अपने ही सहयोगियों और अधिकारियों ने पहले ये संकेत दिया था कि इस तीन-तरफा बैठक में यूक्रेन युद्ध का मुद्दा शामिल नहीं होगा. ऐसे में अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बंद कमरे में इन तीनों नेताओं के बीच असल में क्या बात होती है.
किम जोंग उन और एशिया के अन्य देशों पर भी नजर
ट्रंप का ये एशिया दौरा सिर्फ चीन तक सीमित नहीं है. चीन आने से पहले ट्रंप फिलीपींस के मनीला में थे, जहां उन्होंने आसियान (ASEAN) समिट और क्वाड (Quad) नेताओं की बैठक में हिस्सा लिया. फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ मुलाकात के बाद ट्रंप ने दोनों देशों के बीच एक बड़े व्यापार समझौते का भी ऐलान किया, जो खासतौर पर फिलीपींस के एग्रीकल्चर और एनर्जी फील्ड से जुड़ा है.
इसके अलावा, ट्रंप ने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से भी मिलने की इच्छा जताई है. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का कहना है कि ट्रंप उत्तर कोरिया के साथ तनाव कम करने के लिए किम से मिलने को लेकर गंभीर हैं, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में किया था. हालांकि, रुबियो ने ये भी साफ कर दिया कि फिलहाल 19 नवंबर के लिए ऐसी कोई बैठक तय नहीं हुई है.
तरफ पुतिन और जिनपिंग और ट्रंप की एंट्री
शेनझेन में जुटे इन तीन दिग्गजों की हर हरकत पर पूरी दुनिया की नजर है. एक तरफ पुतिन और जिनपिंग की दोस्ती है, जो अमेरिका के खिलाफ एक नया मोर्चा बनाती दिख रही है, तो दूसरी तरफ ट्रंप की अपनी अलग कूटनीति है. जिनपिंग का एयरपोर्ट पर आना इस बात का संकेत जरूर है कि चीन बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन क्या ये गर्मजोशी यूक्रेन युद्ध को रोकने या अमेरिका-चीन के बीच चल रहे व्यापार युद्ध को खत्म करने में कामयाब हो पाएगी, ये आने वाले कुछ दिनों की बैठकों के बाद ही साफ हो पाएगा.