IMD Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Cyclone Akvan) अब और ताकतवर होता जा रहा है. इसके असर से दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में मौसम बेहज ज्यादा बिगड़ने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात अक्वान 20 नवंबर को दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच दस्तक दे सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. तूफान के प्रभाव से कल यानी 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बेहद मूसलाधार बारिश हो सकती है. ऐसे में लोगों के लिए घर से बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं रहेगा. दूसरी ओर, उत्तर भारत में ठंड के बीच कोहरे का असर बढ़ने लगा है. आईएमडी ने दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है.
बंगाल की खाड़ी में मजबूत हो रहा चक्रवात अक्वान
मौसम विभाग के अनुसार, भीषण चक्रवाती तूफान अक्वान 18 नवंबर की सुबह 8:30 बजे दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्से और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था. यह पिछले छह घंटों के दौरान करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा. ओडिशा के गोपालपुर से इस तूफान की दूरी करीब 710 किलोमीटर और पुरी से लगभग 770 किलोमीटर थी.
अक्वान तूफान 20 नवंबर को उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच दस्तक दे सकता है. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
IMD का अनुमान है कि अक्वान उत्तर-पश्चिमोत्तर दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर को दोपहर तक मछलीपट्टनम और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार कर सकता है. इस दौरान यह भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में रह सकता है. इसकी अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. तूफान के करीब आने के साथ ही समुद्र में भी हलचल बढ़ेगी. इस दौरान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहने का अनुमान है और यह स्थिति तूफान के तट पार करने तक बनी रह सकती है.
आंध्र में भारी बारिश और तूफान हवाओं का अलर्ट
चक्रवात अक्वान का सबसे ज्यादा असर तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, अक्वान तूफान के चलते 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है. 19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अलग-अलग स्थानों पर बेहद भारी बारिश की आशंका है. इसके अलावा गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर भी चल सकता है. 19 और 20 नवंबर को कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
तटीय इलाकों में हवा की रफ्तार को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है. आंध्र प्रदेश और यानम के तटों के आसपास 19 नवंबर की सुबह हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो झोंकों के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. इसके बाद 19 नवंबर से 20 नवंबर को तूफान के तट पार करने तक हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम के निचले इलाकों में तूफान के दौरान समुद्र में उठने वाली लहरों और जलस्तर बढ़ने से पानी भरने का खतरा है. IMD ने यहां खगोलीय ज्वार से 0.5 से 1.2 मीटर तक ऊंची तूफानी लहरों के कारण निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है.
ओडिशा में भी भारी बारिश की आशंका
चक्रवात अक्वान के प्रभाव से ओडिशा में भी मौसम काफी खराब रह सकता है. मौसम विभाग ने 19 और 20 नवंबर को राज्य में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है. इस दौरान कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश की आशंका है. बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. 19 और 20 नवंबर को ओडिशा के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों के साथ इनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
ओडिशा के गोपालपुर से इस तूफान की दूरी करीब 710 किलोमीटर और पुरी से लगभग 770 किलोमीटर थी
तटीय ओडिशा में भी हवा की रफ्तार बढ़ने की चेतावनी दी गई है. 19 नवंबर की सुबह से 20 नवंबर की दोपहर तक तट के आसपास हवा 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है और झोंकों में इसकी गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. गंजम, खुर्दा और पुरी जिलों के निचले इलाकों में तूफान के तट पार करने के दौरान 0.5 से 1.2 मीटर तक ऊंची तूफानी लहरों के कारण पानी भरने की आशंका है. मछुआरों को दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
चक्रवात अक्वान का असर भले ही दक्षिण और पूर्वी भारत में दिखे, लेकिन उत्तर भारत में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है. दिल्ली-NCR में 19 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध या उथला कोहरा छा सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है.
दिल्ली के साथ हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी कोहरे का असर बढ़ सकता है. IMD ने इन इलाकों में 19 से 22 नवंबर के दौरान घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. ऐसे में सुबह के समय दृश्यता कम होने की आशंका रहेगी.
यूपी-उत्तराखंड में दो दिन बाद बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में 19 नवंबर को बारिश की कोई बड़ी गतिविधि होने का अनुमान नहीं है. हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. 21 नवंबर को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. वहीं उत्तराखंड के लिए भी 19 नवंबर को बारिश या बर्फबारी का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
झारखंड में 20 से बदलेगा मिजाज
बिहार में 19 नवंबर को बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. IMD के मुताबिक, राज्य में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. वही झारखंड में 19 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है. इसके बाद 20 और 21 नवंबर को राज्य में भारी बारिश का अनुमान है. इन दो दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. 20 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है.
पूर्वोत्तर भारत में भी आंधी-बारिश के आसार
देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में भी 19 नवंबर को मौसम सक्रिय रह सकता है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. इन राज्यों में 20 और 21 नवंबर को भी भारी बारिश हो सकती है. आईएमडी ने 19 से 21 नवंबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की आशंका जताई है.
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 19 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. यहां 18 से 20 नवंबर के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और झोंकों में इनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में 19 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. वहीं, 20 और 21 नवंबर को राज्य में व्यापक बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. पश्चिम भारत में अगले सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.