दुनिया के सबसे बड़े रेनफॉरेस्ट अमेजन के घने जंगलों से एक ऐसी ऐतिहासिक और झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है. ब्राजील के जंगल में रहने वाली एक ऐसी आदिम जनजाति, जिसने दशकों से बाहरी दुनिया से कोई संपर्क नहीं रखा था, पहली बार कैमरे के सामने आई है. लेकिन ये मुलाकात किसी खुशी या उत्सव की वजह से नहीं हुई, बल्कि भूख ने इन लोगों को जंगल से बाहर आने पर मजबूर कर दिया. ये लोग जंगल के आस-पास बसे गांवों में खाना मांगते दिखाई दिए और पेट भरने का सामान लेकर लौट भी गए.
जंगल के बाहर इस हाल में दिखी अवा जनजाति
ब्रिटेन के मानवाधिकार संगठन ‘सर्वाइवल इंटरनेशनल’ ने इस ऐतिहासिक पल का एक वीडियो जारी किया है. इसमें ब्राजील के उत्तर-पूर्वी राज्य मारान्हाओ में ‘अवा’ जनजाति के करीब 20 लोग नजर आ रहे हैं, जो बिना कपड़ों के, हाथों में लंबे तीर-कमान लिए जंगल के किनारे खड़े होकर पास के गांव वालों से खाना मांग रहे हैं. जंगल में अवैध रूप से पेड़ काटने वाले माफियाओं, शिकारियों और मवोशी पालकों की बढ़ती घुसपैठ ने इस आत्मनिर्भर जनजाति के सामने पेट भरने का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है.
दशकों बाद बाहरी दुनिया से हुआ आमना-सामना
ये घटना मारान्हाओ राज्य के अरारिबोइया आदिवासी इलाके में हुई, जहां गुआजाजारा समुदाय के लोग रहते हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जंगल की झाड़ियों के पीछे से अवा जनजाति के पुरुष, महिलाएं और बच्चे बाहर निकलते हैं. उनके शरीर पर कपड़े नहीं हैं, गले में पारंपरिक मालाएं और सिर पर पंखों का मुकुट सजा है, जबकि पुरुषों के हाथों में शिकार करने वाले बड़े तीर-कमान हैं.
स्थानीय ग्रामीणों और गुआजाजारा समुदाय के नेताओं के मुताबिक, अवा जनजाति के ये लोग सरकारी चेकपोस्ट के पास पहुंचे और उन्होंने खाने के लिए रतालू (Yams) मांगे. तवारी गांव के लोगों ने उन्हें रतालू और खाने-पीने की चीजें दीं, जिन्हें लेकर वो वापस घने जंगल में लौट गए. सर्वाइवल इंटरनेशनल का कहना है कि पिछले कई दशकों में अवा जनजाति का इस तरह बाहरी लोगों के पास आकर खाना मांगना पहले कभी नहीं देखा गया.
भूख और कुपोषण के शिकार हो रहे हैं जंगल के असली रखवाले
आमतौर पर अवा जनजाति के लोग पूरी तरह से जंगल पर निर्भर रहते हैं. वो शिकार करके और जंगल से कंद-मूल व फल इकट्ठा करके अपना गुजारा करते हैं. लेकिन पिछले कुछ सालों में अवैध लकड़ी माफिया, शिकारियों और पशुपालकों ने इनके इलाके में चारों तरफ से घुसपैठ कर दी है. जंगलों की अंधाधुंध कटाई की वजह से जानवर भाग गए हैं और इनके लिए शिकार करना मुश्किल हो गया है.
मारान्हाओ के आदिवासी संगठन ‘कोआपिमा’ ने इस वाकये के बाद गहरी चिंता जताई है. संगठन के मुताबिक, गांव वालों ने देखा कि अवा जनजाति के कई लोग, खासकर बच्चे और बुजुर्ग, बेहद कमजोर और कुपोषित दिखाई दे रहे थे. उनके शरीर पर भूख और कमजोरी के साफ निशान थे, जो ये बताने के लिए काफी हैं कि जंगल के अंदर हालात कितने भयावह हो चुके हैं.
बाहरी संपर्क से इन आदिवासियों की जान को भी है बड़ा खतरा
अवा जनजाति उन ‘अनकॉन्टैक्टेड’ यानी अलग-थलग रहने वाले आदिवासी समूहों में से है, जो बाहरी दुनिया के बारे में जानते हुए भी उनसे दूरी बनाकर रखते हैं. ब्राजील की आदिवासी मामलों की सरकारी एजेंसी ‘फुनाई’ के अनुसार, करीब 100 अवा आदिवासी आज भी पूरी तरह अलग-थलग जीवन जी रहे हैं.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि इन लोगों का बाहरी दुनिया के संपर्क में आना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. चूंकि ये लोग सदियों से जंगल के भीतर रहे हैं, इसलिए इनके शरीर में आम बीमारियों जैसे सर्दी-जुकाम या फ्लू से लड़ने की रोग प्रतिरोधक क्षमता नहीं होती. बाहरी लोगों के संपर्क में आने से कोई मामूली संक्रमण भी इनकी पूरी आबादी को खत्म कर सकता है. यही वजह है कि ब्राजील सरकार की नीति भी इनसे दूरी बनाए रखने की है, लेकिन अब इस घटना के बाद सरकार ने इनकी सेहत की सुरक्षा के लिए इमरजेंसी सर्विस एक्टिव कर दी है.
‘ये एक खतरे की घंटी है’: मानवाधिकार संगठनों की चेतावनी
सर्वाइवल इंटरनेशनल की निदेशक कैरोलिन पियर्स ने कहा कि अवा जनजाति पर चारों तरफ से हमला हो रहा है. घुसपैठियों ने उन्हें अमेजन के एक छोटे से टापू में सिमटने पर मजबूर कर दिया है, जिसके चारों तरफ सिर्फ तबाही है. वहीं, सर्वाइवल ब्राजील की प्रमुख सारा शेंकर ने इसे ‘संकट का क्षण और खतरे की घंटी’ बताया है.
सारा शेंकर का कहना है कि भले ही ये वीडियो दुनिया भर में सुर्खियां बटोर रहा हो, लेकिन वो चाहती थीं कि अवा जनजाति कभी कैमरे के सामने न आए. उनके मुताबिक, इन लोगों का नजर न आना इस बात का सबूत होता है कि वो अपने जंगल में सुरक्षित हैं, आजाद हैं और अपना पेट भर पा रहे हैं.
उन्होंने ब्राजील सरकार से मांग की है कि जंगल में घुसपैठ करने वाले माफियाओं को हमेशा के लिए बाहर निकाला जाए. गौरतलब है कि जंगल की रक्षा करने वाले गुआजाजारा समुदाय के कई ‘फॉरेस्ट गार्डियंस’ की पहले ही माफियाओं द्वारा हत्या की जा चुकी है.
आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण अमेरिका, एशिया और प्रशांत क्षेत्र के 10 देशों में करीब 196 ऐसे आदिवासी समूह हैं जो बाहरी दुनिया से कटे हुए हैं. इनमें से करीब 95 फीसदी अकेले अमेजन के जंगलों में रहते हैं, जिनमें से 124 समूह सिर्फ ब्राजील में हैं.