प्रयागराज: यूपी में प्रयागराज जिले के सिविल लाइंस इलाके से फॉर्च्यूनर कार चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों ने डुप्लीकेट चाबी की मदद से कार चोरी की और उसे प्रयागराज से महाराष्ट्र ले गए. वहां कार की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी गई. पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित तलोजा इलाके से गिरफ्तार कर लिया. उनके कब्जे से चोरी की गई फॉर्च्यूनर कार भी बरामद हुई है.
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 को पीयूष जायसवाल की फॉर्च्यूनर कार सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में म्योर रोड स्थित होटल रॉयल स्टे इन के बाहर खड़ी थी. इसी दौरान आरोपियों ने कार चोरी कर ली. इस मामले में सिविल लाइंस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था.
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कार की बरामदगी के लिए कई टीमें बनाई थीं. जांच के दौरान सर्विलांस सेल की मदद ली गई. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई कमिश्नरेट के तलोजा थाना क्षेत्र स्थित MIDC ग्राउंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद इस्तियाक उर्फ मोहम्मद शाह और 29 वर्षीय मोहम्मद आजम के रूप में हुई है. मोहम्मद इस्तियाक उर्फ मोहम्मद शाह पुत्र अख्तर अहमद मूल रूप से प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र के रसूलाबाद का रहने वाला है. वह काम के सिलसिले में महाराष्ट्र में रहता है. वहीं, दूसरा आरोपी मोहम्मद आजम पुत्र मुस्ताक अहमद प्रयागराज के कैंट थाना क्षेत्र के बेली गांव का निवासी है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक फॉर्च्यूनर कार बरामद की है. कार पर फर्जी नंबर प्लेट MH14EH7007 लगी हुई थी, जबकि उसका असली रजिस्ट्रेशन नंबर UP32HQ9596 है.
डुप्लीकेट चाबी बनवाकर की थी चोरी की योजना
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मोहम्मद इस्तियाक उर्फ मोहम्मद शाह इस चोरी का मास्टरमाइंड है. उसने अपने साथी मोहम्मद आजम और एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर कार चोरी की योजना बनाई थी. पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को मोहम्मद आजम सिविल लाइंस इलाके में फॉर्च्यूनर कार धुलवा रहा था. इसी दौरान मोहम्मद इस्तियाक वहां पहुंचा. दोनों की नजर कार पर पड़ी और उन्होंने इसे चोरी करने की योजना बना ली. इसके बाद अपने एक अन्य साथी की मदद से कार की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली.
आरोपियों ने 22 अक्टूबर को चोरी की योजना बनाई. इसके बाद मोहम्मद इस्तियाक वापस मुंबई चला गया और मोहम्मद आजम ने कार चलाना छोड़ दिया. 22 अक्टूबर को इस्तियाक दोबारा प्रयागराज पहुंचा. इसके बाद दोनों ने पहले से बनवाई गई डुप्लीकेट चाबी से रात में कार चोरी कर ली.
प्रयागराज से रीवा होते हुए महाराष्ट्र ले गए कार
पुलिस के मुताबिक, कार चोरी करने के बाद आरोपी उसे नैनी, छिवकी, मेजा और कोरांव के रास्ते रीवा होते हुए महाराष्ट्र ले गए. रास्ते में उन्होंने कार की असली नंबर प्लेट UP32HQ9596 हटाकर फर्जी नंबर प्लेट MH14EH7007 लगा दी. आरोपियों की योजना महाराष्ट्र में इस कार को बेचने की थी. हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की कार बरामद कर ली.
कई धाराएं बढ़ाईं, जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने कार बरामद होने के बाद दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) भी बढ़ा दी हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस अब इस मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है. उसकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं.