Indore: इंदौर में इस बार कम बारिश का असर अब धीरे-धीरे सामने आने लगा है. सामान्य से करीब 27 प्रतिशत कम बारिश होने के कारण भूजल स्तर में बढ़ोतरी नहीं हो सकी. आंकड़ों के मुताबिक सामान्य बारिश 868.1 मिलीमीटर के मुकाबले इस बार करीब 633.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसका असर अब शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है. सांवेर रोड, पालदा, पोलोग्राउंड और लक्ष्मीबाई नगर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में कई फैक्ट्रियां बोरिंग के पानी पर निर्भर हैं, लेकिन अब बोरिंग से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. नवंबर महीने में ही पानी की कमी ने उद्योग संचालकों की चिंता बढ़ा दी है.
पानी की कमी से उद्योगों पर पड़ रहा असर
पानी की कमी का सबसे ज्यादा असर उन उद्योगों पर पड़ रहा है, जिनकी उत्पादन प्रक्रिया में पानी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है. डाइंग, कलरिंग, टेक्सटाइल, केमिकल, प्लास्टिक और अन्य प्रोसेसिंग यूनिटों के लिए पानी उत्पादन का जरूरी हिस्सा है. अकेले पालदा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 300 से 400 औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं. इनमें कई यूनिट ऐसी हैं, जिनका काम पानी की नियमित उपलब्धता पर निर्भर करता है. पानी की सप्लाई प्रभावित हुई तो मशीनें और कर्मचारी होने के बावजूद उत्पादन जारी रखना मुश्किल हो जाएगा.
टैंकरों के भरोसे है पानी की सप्लाई
फैक्ट्री संचालकों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती पानी की व्यवस्था करने की है. बोरिंग से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा और नगर निगम की मौजूदा सप्लाई भी औद्योगिक जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है. ऐसे में टैंकरों से पानी मंगाना ही एक विकल्प बचता है. लेकिन जिन फैक्ट्रियों में रोजाना बड़ी मात्रा में पानी की जरूरत होती है, उनके लिए टैंकरों से पानी खरीदना महंगा सौदा साबित होगा. इससे उत्पादन लागत बढ़ेगी और बाजार में प्रतिस्पर्धा करना भी मुश्किल हो सकता है. वहीं टैंकर समय पर नहीं पहुंचे तो पूरी उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित होने का खतरा है.
इंडस्ट्रियल इलाकों तक ट्रीटेड वेस्ट वाटर पहुंचाने का प्लान
औद्योगिक क्षेत्रों को राहत देने के लिए ट्रीटेड वेस्ट वाटर यानी शोधित पानी उपलब्ध कराने की योजना भी अहम मानी जा रही है. इसके लिए अलग पाइपलाइन बिछाकर उद्योगों तक पानी पहुंचाने का प्रस्ताव है. उद्योग संचालकों का कहना है कि वे पानी की उचित कीमत चुकाने को तैयार हैं, लेकिन उन्हें नियमित और पर्याप्त सप्लाई चाहिए. पोलोग्राउंड औद्योगिक क्षेत्र में पानी की टंकी और कनेक्शन की व्यवस्था पर भी काम हुआ है, लेकिन बाकी औद्योगिक क्षेत्रों में स्थायी व्यवस्था कब तक होगी, यह बड़ा सवाल है.
- 1. इंदौर में पानी का संकट
सामान्य बारिश – 868.1 मिलीमीटर
इस बार बारिश – 633.1 मिलीमीटर
सामान्य से करीब 27 प्रतिशत कम बारिश
2. इन औद्योगिक क्षेत्रों पर संकट
पालदा औद्योगिक क्षेत्र
सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र
पोलोग्राउंड
लक्ष्मीबाई नगर औद्योगिक क्षेत्र
- 3. इन उद्योगों पर सबसे ज्यादा असर
डाइंग और कलरिंग
टेक्सटाइल उद्योग
केमिकल यूनिट
प्लास्टिक उद्योग
इंजेक्शन मोल्डिंग
अन्य प्रोसेसिंग यूनिट
लोगों की रोजी-रोटी पर पड़ सकता है असर
इंदौर को मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहा जाता है. यहां हजारों छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां कारोबार और रोजगार का बड़ा आधार हैं. अगर पानी की कमी के कारण फैक्ट्रियों में उत्पादन घटता है तो इसका असर सिर्फ उद्योगपतियों तक सीमित नहीं रहेगा. कर्मचारियों की शिफ्ट, मजदूरों की रोजी-रोटी, सप्लाई चेन और बाजार तक इसका असर पहुंच सकता है.
फेडरेशन ऑफ फार्मा एंटरप्रेन्योर्स (FOPE) की वाइस प्रेसिडेंट अमित चावला के मुताबिक पानी की कमी का असर इंदौर की करीब 1000 से ज्यादा छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयों पर पड़ सकता है. फार्मा इंडस्ट्री के सामने आने वाले दिनों में पानी का संकट बड़ी चुनौती बनने जा रहा है. उद्योगों को लगातार पानी की जरूरत होती है, ऐसे में नियमित सप्लाई नहीं हुई तो उत्पादन प्रभावित होने के साथ कई इकाइयों के संचालन पर भी संकट खड़ा हो सकता है. उनका कहना है कि नगर निगम की ओर से भी फिलहाल उद्योगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई गई है.
(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)