सलमान खान की दरियादिली, ‘मातृभूमि’ की टीम को पनवेल फार्महाउस बुलाया, फिर दिया लाखों का सरप्राइज

सलमान खान की दरियादिली, ‘मातृभूमि’ की टीम को पनवेल फार्महाउस बुलाया, फिर दिया लाखों का सरप्राइज


Last Updated:

बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान अपनी दरियादिली के लिए पूरी इंडस्ट्री में जाने जाते हैं. एक बार फिर उन्होंने कुछ ऐसा किया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. सलमान खान ने अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ की कास्ट और क्रू को एक बेहद खास और महंगा सरप्राइज दिया है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

एक्टर अंकुर भाटिया भी फिल्म का हिस्सा है. फोटो साभार-@ankurbhatia/Instagram

नई दिल्ली. बॉलीवुड में सलमान खान अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने खास अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं. वह अकसर अपने करीबियों और साथ काम करने वाले लोगों के लिए कुछ खास करते रहते हैं. अब उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ की टीम को ऐसा ही एक सरप्राइज दिया है. सलमान ने फिल्म के कलाकारों और क्रू मेंबर्स को महंगी लग्जरी घड़ियां गिफ्ट की हैं. इन घड़ियों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. खास बात यह है कि सलमान ने खुद सभी को ये गिफ्ट दिए.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने 12 नवंबर को अपने पनवेल फार्महाउस पर फिल्म की टीम के लिए एक खास गेट-टुगेदर रखा था. यह पार्टी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दो दिन बाद हुई. शुरुआत में टीम को बताया गया था कि यह मुलाकात फिल्म के प्रमोशन से जुड़ी बातचीत के लिए है. लेकिन वहां पहुंचने के बाद सभी को अलग ही सरप्राइज मिला.

कास्ट और क्रू को गिफ्ट की स्विस घड़ियां

सलमान ने इस मौके पर फिल्म से जुड़े लोगों को महंगी स्विस घड़ियां दी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब 20 से 25 घड़ियां बांटीं. हर घड़ी की कीमत 2 लाख से 6 लाख रुपये के बीच बताई गई है. इन घड़ियों को कपूर वॉच कंपनी से मंगवाया गया था.

किसे मिली कौन सी घड़ी?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान ने मेल-फीमेल सदस्यों के लिए अलग-अलग ब्रांड की घड़ियां चुनी थीं. फिल्म की टीम के मेल सदस्यों को Longines और TAG Heuer की घड़ियां दी गईं. वहीं, फीमेल सदस्यों को Rado की घड़ियां गिफ्ट की गईं. सलमान ने खुद सभी लोगों को ये घड़ियां दीं. फिल्म की शूटिंग और रिलीज से जुड़ी कई चुनौतियों के बाद टीम के लिए यह मुलाकात खास बन गई.

पार्टी में ये सितारे हुए शामिल

सलमान खान के फार्महाउस पर हुई इस पार्टी में फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया भी मौजूद थे. उनके अलावा एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह, अंकुर भाटिया, विपिन भारद्वाज और तान्या देसाई भी इस जश्न का हिस्सा बने. फिल्म के डायलॉग राइटर चिंतन शाह ने भी पार्टी में शिरकत की. पार्टी में शामिल कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर इस शाम की तस्वीरें और झलकियां भी शेयर कीं. फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के बाद टीम के लिए यह एक खास मौका था. सभी ने साथ में वक्त बिताया और फिल्म से जुड़ी यादें ताजा कीं.

कब रिलीज होगी सलमान खान की ‘मातृभूमि’?

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ एक वॉर ड्रामा है. इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है. फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी. फिल्म की शूटिंग और रिलीज की तारीख में कई बदलाव हुए हैं. अब यह 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. हाल ही में मुंबई में 10 नवंबर को फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया था. यह साल 2026 में सलमान खान की पहली थिएट्रिकल रिलीज होगी.



Source link