Last Updated:
Amethi’s Famous Samosa In Delhi Trade Fair: दिल्ली के व्यापार मेले में अमेठी के निहालगढ़ रेलवे स्टेशन का मशहूर समोसा लोगों को आकर्षित कर रहा है. 1958 से शुरू हुए इस समोसे के स्वाद को पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी भी पसंद कर चुकी हैं. ओनर का कहना है कि इसे खाने के बाद न पेट भारी होता है और न गला जलता है, इसलिए लोग इसे काफी पसंद करते हैं.
दिल्ली. दिल्ली के भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार देश के अलग-अलग राज्यों के खाने का स्वाद भी लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है. कहीं पहाड़ी पकवान मिल रहे हैं तो कहीं दक्षिण भारत के खास व्यंजन. लेकिन इन सबके बीच एक समोसे का स्टॉल ऐसा है, जिसकी कहानी काफी दिलचस्प है. यह कोई आम समोसा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के अमेठी स्थित निहालगढ़ रेलवे स्टेशन की पहचान बन चुका समोसा है. खास बात यह है कि इस समोसे को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी पसंद कर चुकी हैं.
1958 से चल रहा है समोसे का स्वाद
इस स्टॉल पर मौजूद आदित्य बताते हैं कि उनके परिवार में समोसे बनाने की शुरुआत साल 1958 में उनके दादा-परदादा ने की थी. शुरुआत में यह दुकान अमेठी के निहालगढ़ रेलवे स्टेशन तक ही सीमित थी. धीरे-धीरे इसके स्वाद की चर्चा आसपास के इलाकों में होने लगी और समोसे की अपनी अलग पहचान बन गई. अब परिवार इस कारोबार को आगे बढ़ाते हुए लखनऊ, नोएडा और दूसरे शहरों तक पहुंचा रहा है. दिल्ली के ट्रेड फेयर में भी पहली बार इसे लोगों के सामने पेश किया जा रहा है.
15-16 मसालों और हींग से आता है खास स्वाद
इस समोसे की सबसे बड़ी खासियत इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले हैं. आदित्य के मुताबिक, समोसे की स्टफिंग तैयार करने में करीब 15 से 16 तरह के मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें हींग का स्वाद सबसे अलग पहचान देता है. उनका कहना है कि मसालों के साथ हींग का ऐसा संतुलन रखा जाता है कि समोसा खाने के बाद गले में जलन या भारीपन महसूस न हो. यही वजह है कि लोग एक की जगह दो-तीन समोसे भी आसानी से खा लेते हैं.
स्मृति ईरानी भी कर चुकी हैं तारीफ
इस समोसे की पहचान सिर्फ इसके स्वाद तक सीमित नहीं है. आदित्य बताते हैं कि स्मृति ईरानी भी उनकी दुकान पर आ चुकी हैं और समोसे का स्वाद चखकर तारीफ कर चुकी हैं. उनके मुताबिक, दुकान पर आने वाले ग्राहकों को भी इसका मसालेदार स्वाद काफी पसंद आता है.
8.50 रुपये से 20 रुपये तक है कीमत
इस समोसे की कीमत अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग है. आदित्य बताते हैं कि निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर एक समोसा 8.50 रुपये का मिलता है. लखनऊ में इसकी कीमत 15 रुपये है, जबकि दिल्ली ट्रेड फेयर में इसे 20 रुपये में बेचा जा रहा है. अगर आप भी ट्रेड फेयर घूमने जा रहे हैं और वहां कुछ अलग खाने का मन है, तो अमेठी के निहालगढ़ स्टेशन से दिल्ली पहुंचे इस समोसे का स्वाद चख सकते हैं. खास मसालों और हींग की खुशबू वाला यह समोसा आपको एक बार में ही अपने पुराने स्वाद की कहानी सुना देगा.