भीड़ संभालने के लिए पटना से लेकर दरभंगा और मुजफ्फरपुर तक रेलवे का मेगा प्लान
Last Updated:
Chhath Diwali Rail Crowd: त्योहारों की खुशियां मनाने के बाद अब बिहार से अपने काम पर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने लगी है. यात्रियों के इस बढ़ते दबाव को देखते हुए रेल मंत्रालय पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. सफर को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए रेलवे के प्रमुख जोन में बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं.
भीड़ कंट्रोल करने के लिए रेल मंत्रालय ने नए इंतजामों के निर्देश जारी किए हैं. (फाइल फोटो)
Chhath Diwali Train Crowd: रेल मंत्रालय ने कहा कि त्योहार के बाद बिहार से लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए विभिन्न रेलवे स्टेशन पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित की जा सके. मंत्रालय ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे के प्रमुख जोन में विशेष ट्रेन चलाई जा रही हैं.
रेल मंत्रालय के एक बयान में कहा गया, “केंद्रीय रेल मंत्री पूरे नेटवर्क में वास्तविक समय में यात्रियों की आवाजाही और परिचालन संबंधी तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं.” इसमें कहा गया, “जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेते हुए रेल मंत्री ने पटना, मुजफ्फरपुर, राजेंद्र नगर, दरभंगा और दानापुर सहित बिहार के प्रमुख आरंभिक और पारगमन केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की.”
मंत्रालय ने कहा, “अधिक भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म पर अत्यधिक भीड़ से बचने के लिए विशाल और अच्छी तरह से सुसज्जित प्रतीक्षा क्षेत्र स्थापित किए गए हैं. इन क्षेत्रों में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पीने का पानी, स्वच्छता सुविधाएं, सार्वजनिक उद्घोष प्रणाली और ट्रेन के प्रस्थान के लिए स्पष्ट संकेत उपलब्ध कराए गए हैं.”