Last Updated:
Gwalior News: कश्मीरी सूट में इस बार कनी वर्क और जरी वर्क के नए डिजाइन उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि कनी वर्क प्रिंट नहीं बल्कि पारंपरिक बुनाई की कला है. इन सूट में फ्रंट और बैक पर खूबसूरत वर्क देखने को मिल रहा है. सूट के दाम 500 रुपये से शुरू होकर 2500 रुपये तक हैं.
ग्वालियर. सर्दियों का मौसम शुरू होते ही गर्म कपड़ों की खरीदारी बढ़ने लगी है. मध्य प्रदेश के ग्वालियर के शिल्प बाजार में लगा कश्मीरी कपड़ों का बाजार लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है. यहां कश्मीर की पारंपरिक कला और आधुनिक फैशन का खूबसूरत संगम देखने को मिल रहा है. बाजार में कश्मीरी शॉल, सूट, पश्मीना, जरी वर्क और खूबसूरत हैंडबैग्स की कई नई वैरायटी उपलब्ध हैं. इस बाजार में श्रीनगर से आए असद अहमद अपने खास कलेक्शन के साथ पहुंचे हैं. उनका कहना है कि वह हर साल ग्राहकों के लिए नया कलेक्शन लेकर आते हैं और पुराने डिजाइन दोबारा नहीं लाते.
इस बार कश्मीरी सूट में कनी वर्क और जरी वर्क के नए डिजाइन देखने को मिल रहे हैं. खास बात यह है कि कनी वर्क प्रिंट नहीं बल्कि पारंपरिक बुनाई की कला है. इन सूट में फ्रंट और बैक पर खूबसूरत वर्क के साथ अटैच दुपट्टे की वैरायटी भी उपलब्ध है. सूट की कीमत ₹500 से शुरू होकर ₹2500 तक है. वहीं प्रिंटेड डिजाइन भी उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत करीब ₹1000 से शुरू होती है. पार्टी वियर से लेकर वेडिंग और खास मौकों के लिए भी यहां कई विकल्प मिल रहे हैं.
मूनलाइट और पश्मीना शॉल की डिमांड
शॉल के कलेक्शन में इस बार मूनलाइट शॉल, पश्मीना में कनी वर्क और जरी वर्क के साथ वूलेन शॉल की कई वैरायटी शामिल हैं. मूनलाइट शॉल की कीमत ₹5000 बताई गई है, जिस पर 30 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है. वहीं गोल्डन जरी वर्क वाला खास रिंग शॉल ₹6000 में उपलब्ध है, जिसपर 20 प्रतिशत की छूट मिल रही है. इसकी खासियत है कि यह रिंग से भी आसानी से निकल जाता है.
हैंडबैग और पाउच में भी कश्मीरी टच
सिर्फ कपड़े ही नहीं बल्कि इस बार बाजार में कश्मीरी स्टाइल के हैंडबैग और पाउच भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. अलग-अलग डिजाइन और पैटर्न में उपलब्ध ये बैग पारंपरिक कलेक्शन को नया अंदाज दे रहे हैं.
दिसंबर तक लगेगा कश्मीरी बाजार
शिल्प बाजार के पिछले हिस्से में लगा यह कश्मीरी बाजार करीब दो महीने तक चलने वाला है. दुकानदार के मुताबिक, बाजार दिसंबर के आखिरी तक खुला रहेगा. ऐसे में सर्दियों की खरीदारी के साथ कश्मीरी कारीगरी और फैशन को करीब से देखने का यह अच्छा मौका है.
अगर आप भी इस सर्दी अपने वॉर्डरोब में कश्मीर की खूबसूरती और पारंपरिक कारीगरी का रंग जोड़ना चाहते हैं, तो ग्वालियर के शिल्प बाजार का यह कश्मीरी बाजार जरूर आकर्षित कर सकता है.