दिल्ली में घर खरीदने से पहले जान लें ये बात! बैंक खुद करेगा प्रापर्टी की जांचं
Last Updated:
दिल्ली में घर खरीदना बड़ा सपना है. इकोनॉमिस्ट आकाश जिंदल के अनुसार होम लोन लेने पर बैंक प्रॉपर्टी की कानूनी जांच करता है, जिससे विवाद से बचा जा सकता है. हालांकि वकील से भी कागजात की जांच करवाना जरूरी है. हालांकि, बैंक की जांच के बावजूद अपने वकील से प्रॉपर्टी के कागजात चेक करवाना भी जरूरी है.
दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में अपना घर खरीदना हर किसी का सपना होता है. इसके लिए लोग सालों तक पैसे जोड़ते हैं और फिर फ्लैट या मकान खरीदने का फैसला लेते हैं, लेकिन घर खरीदते समय सिर्फ उसकी कीमत और लोकेशन देखना काफी नहीं है. यह जानना भी जरूरी है कि जिस प्रॉपर्टी में आप अपनी मेहनत की कमाई लगा रहे हैं, उसके कागजात सही हैं या नहीं. कहीं उस पर कोई विवाद तो नहीं है. ऐसे में होम लोन लेना आपके लिए एक तरह से फायदेमंद हो सकता है. इकोनॉमिस्ट आकाश जिंदल बताते हैं कि होम लोन लेने पर बैंक सिर्फ आपको पैसे नहीं देता, बल्कि प्रॉपर्टी की कानूनी जांच भी करता है.
बैंक करता है प्रॉपर्टी की जांच
आकाश जिंदल के मुताबिक, जब आप किसी घर के लिए बैंक से होम लोन लेते हैं तो बैंक अपनी तरफ से उस प्रॉपर्टी की जांच करवाता है. इसमें घर के कागजात, मालिकाना हक और उससे जुड़ी कानूनी जानकारी देखी जाती है. इससे खरीदार को यह जानने में मदद मिलती है कि प्रॉपर्टी में कोई कानूनी दिक्कत या विवाद तो नहीं है.
दरअसल, हर व्यक्ति को प्रॉपर्टी से जुड़े कानून और कागजात की पूरी जानकारी नहीं होती है. मान लीजिए आप डॉक्टर या इंजीनियर हैं, तो जरूरी नहीं कि आपको जमीन के मालिकाना हक और प्रॉपर्टी के नियमों की भी जानकारी हो. ऐसे में बैंक की जांच आपके काम आ सकती है. बैंक इस तरह की जांच के लिए एक्सपर्ट की मदद लेता है. हालांकि, बैंक की जांच के बावजूद अपने वकील से प्रॉपर्टी के कागजात चेक करवाना भी जरूरी है.
दिल्ली में प्रॉपर्टी खरीदना क्यों फायदेमंद
आकाश जिंदल का कहना है कि दिल्ली में प्रॉपर्टी खरीदने का एक फायदा यह भी है कि यहां घरों की खरीद-बिक्री का बाजार काफी सक्रिय रहता है. यानी अगर भविष्य में आपको अपना घर बेचना पड़े तो खरीदार मिलने की संभावना रहती है. इसके अलावा, समय के साथ प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ती है तो आपको निवेश पर फायदा भी मिल सकता है. इसे कैपिटल एप्रिसिएशन कहा जाता है.
आकाश जिंदल कहते हैं कि अगर आप दिल्ली में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो होम लोन एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इससे आपको घर खरीदने के लिए आर्थिक मदद तो मिलती ही है, साथ ही बैंक की तरफ से प्रॉपर्टी की जांच का फायदा भी मिलता है. बस होम लोन लेने से पहले अपनी कमाई, EMI और ब्याज दर का हिसाब जरूर लगा लें.