रेलवे की एक और ख़बर ऐसी आई है जिसमें 150 साल से ज़्यादा से जो नहीं हुआ वो अब होने जा रहा है. जिस नेपाल ने भारत में ट्रेनों का जाल बिछाया अब इतने साल बाद जाकर ट्रेन नेपाल तक जाएगी. ज़्यादातर लोग तो यही नहीं जानते कि भारत में ट्रेनों का जाल नेपाल ने कैसे बिछाया? पूरे भारत का ना भी कहें लेकिन यूपी-बिहार में जो रेलवे का नेटवर्क है वो बिछाने में नेपाल का क्या रोल था ये तो कहीं किसी ने बताया भी नहीं और कोई उसकी बात भी नहीं करता. ट्रेन तो अंग्रेज ले कर आए थे ना, तो नेपाल कहां से आ गया? और अगर नेपाल की वजह से उत्तर भारत में रेलवे का नेटवर्क बन पाया तो नेपाल में ट्रेन क्यों नहीं थी इतने साल तक? अग्रेज़ों ने वहां रेल लाइन क्यों नहीं बिछाई? वो सब समझने से पहले तो अभी जो ख़बर आई है वो समझ लेते हैं कि क्या है जो होने जा रहा है और फिर समझेंगे कि 150 साल में भी ये क्यों नहीं हो पाया था.
नेपाल के प्रधानमंत्री ने भारत दौरे में एक ट्रेन का उद्घाटन करेंगे. तो क्या अभी तक नेपाल तक ट्रेन नहीं जाती थी भारत से? जाती थी, लेकिन वो कौनसी ट्रेन थी और अब क्या होने जा रहा है? तो अभी की ख़बर ये है कि भारतीय रेलवे अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच एक नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने जा रही है. श्रीराम के जन्मस्थान अयोध्या से माता सीता के जन्मस्थान जनकपुर तक ये ट्रेन 604 km का सफर तय करेगी. इसमें सिर्फ 28 km हिस्सा नेपाल में पड़ता है और बाकी पूरा रास्ता भारत में है. ट्रेन अयोध्या कैंट से चलेगी और बिहार के मधुबनी ज़िले में जयनगर स्टेशन इसका आख़िरी स्टेशन होगा भारत में. वहां से सीमा पार करके ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी.
क्या होगा रूट और इंजन का सफर? जानिए स्टेशनों की पूरी लिस्ट
यानी अयोध्या कैंट से चलेगी, फिर वहां से मंदिर के स्टेशन यानी अयोध्या धाम, वहां से मनकापुर, मनकापुर से बस्ती, बस्ती से गोरखपुर, गोरखपुर के बाद ट्रेन एंटर कर जाएगी बिहार में, गोरखपुर के बाद बिहार के नरकटियागंज, वहां से रक्सौल, रक्सौल से सीतामढ़ी, सीतामढ़ी से शिशो, वहां से मधुबनी और फिर भारत का आख़िरी स्टेशन इस ट्रेन का होगा जयनगर. जयनगर के बाद नेपाल के जनकपुर धाम में जाकर ट्रेन रुकेगी. हफ्ते में सिर्फ एक बार चलेगी. जनकपुर धाम से शनिवार को निकलेगी और अयोध्या कैंट से सोमवार को वापस आएगी. टिकट कितनी होगी, टाइम क्या होगा, नाम क्या होगा, नंबर क्या होगा, ये सब रेलवे की तरफ़ से घोषणा की जानी है. AC डिब्बे भी होंगे और स्लीपर कोच भी होंगे. भारत की तरफ से इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी और नेपाल के हिस्से में जयनगर से इसमें डीजल इंजन लगा दिया जाएगा. क्योंकि नेपाल में अभी बिजली की रेल लाइन नहीं है.
नेपाल में क्यों नहीं बिछी रेल लाइन? अंग्रेज़ों के राज और संधि की कहानी
सवाल ये कि नेपाल में बिजली की लाइन भी नहीं है ऐसा कैसे? नेपाल में रेलवे विकसित क्यों नहीं हुई? क्या पहाड़ हैं इस वजह से? लेकिन पहाड़ तो भारत में भी हैं. अंग्रेज़ों ने भारत में तो रेलवे का जाल बिछा दिया था, और पहाड़ों में रेल बिछाई थी. भले ही अपना राज क़ायम करने के लिए, अपनी सेना को सब जगह फैलाने के लिए रेल लाइन बिछाई तभी तो जहां-जहां कैंट होते थे ब्रिटिश आर्मी के उस शहर के कैंट का रेलवे स्टेशन होता ही था. और नेपाल के पहाड़ों में ना भी ले जाते, नेपाल में इतना सारा मैदानी इलाक़ा भी तो है, वहां क्यों नहीं ले गए ट्रेन को. अंग्रेज़ों का ही साम्राज्य तो फैलता. वहां अंग्रेज़ों का राज नहीं था क्या? जी, नेपाल में अंग्रेज़ों का पूरी तरह से राज नहीं था. नेपाल एक स्वतंत्र देश रहा.
राणाओं का राज और भारत की रेल
क्योंकि अंग्रेज़ों और नेपाल के बीच एक युद्ध हुआ था जिसके बाद में 1816 में नेपाल के साध अंग्रेज़ों ने एक संधि की थी कि नेपाल पर शाह राजवंश का ही राज रहेगा. अंग्रेज़ भी नहीं चाहते थे हिमालय में अपनी सेना उनको लगानी पड़े क्योंकि पहाड़ के पार तिब्बत पर चीन के राजवंश की नज़र रहती थी. तो वो बीच में नेपाल का एक बफ़र की तरह रखना चाहते थे. काठमांडू में अंग्रेज़ों का एक रेज़िडेंट ज़रूर रहता था, लेकिन उसकी ताक़त कुछ ख़ास नहीं थी. बस वो अंग्रेज़ों का एक नुमाइंदा था वहां पर. 1816 में नेपाल के साथ संधि हुई. 1825 में इंग्लैंड में रेल आ गई. और बहुत तेज़ी से रेल फैल गई यूरोप में. अंग्रेज़ भारत में रेल ले आए 1853 में. और भारत में भी रेलवे का जाल बिछाने लग गए.
लेकिन उधर नेपाल में क्या हो रहा था कि शाह राजवंश से ज़्यादा ताक़तवर वहां का राणा परिवार हो रहा था. और राणा परिवार के वहां प्रधानमंत्री बनने लग गए. सारी ताक़त राणाओं के पास आ गई. राणा प्रधानमंत्रियों ने अंग्रेज़ों के साथ दोस्ती रखी और ब्रिटिश सेना के लिए गोरखा सैनिक भी दिए, लेकिन ऐसा माना जाता है कि राणा नेपाल को बिलकुल अलग-थलग रखना चाहते थे ताकि शासन पूरी तरह से उनके क़ब्ज़े में रहे. तो उन्होंने रेल क्या सड़कें तक भी ज़्यादा नहीं बनने दीं वहां. ताकि भारत से लोगों को वहां पहुंचने में ही मुश्किल हो. काठमांडु तक भी कोई आसान सड़क नहीं बनाई. रेलवे तो दूर की बात है. तो फिर वो बात कहां से आई कि नेपाल में तो रेल नहीं बनी लेकिन भारत का रेलवे नेटवर्क नेपाल ने बनवाया?
लकड़ी ढोने से अयोध्या-जनकपुर सफर तक
तो वो क्या हुआ कि रेलवे की पटरी बिछाने के लिए चाहिए थी लकड़ी. रेल की पटरियों के बीच में अब तो सीमेंट के स्लीपर लगते हैं आपने देखे ही होंगे. पहले लकड़ी के फट्टे लगते थे. उनपर लोहे की पटरियां बिछाई जाती थीं. और लकड़ी ऐसी चाहिए थी जो टनों का वज़न भी झेल सके. आख़िर रेलगाड़ियां गुज़रनी थीं उन फट्टों के ऊपर से. मज़बूत लकड़ी चाहिए. एक तो थी सागवान. लेकिन वो तो बहुत अच्छी लकड़ी थी और उसका फ़र्निचर भी बनता था. जो और भी ज़्यादा मज़बूत थी वो थी साल की लकड़ी. साखू भी कहते हैं उसको सखुआ की लकड़ी भी कहते हैं. उत्तर भारत में साल की लकड़ी की चौखट बनती थी क्योंकि बहुत ही मज़बूत लकड़ी थी. तो अंग्रेज़ों ने रेलवे का जाल बिछाने के लिए सागवान के और साल की लकड़ी के जंगल के जंगल काट डाले. जंगल के जंगल साफ़ कर दिए. लकड़ी फिर भी कम पड़ रही थी.
यूपी बिहार में रेल लाइनें बिछानी थीं. और बहुत घने जंगल थे साल की लकड़ी के नेपाल में. बिलकुल भारत के बॉर्डर पर थे जंगल. तो अंग्रेज़ों ने राणा प्रधानमंत्रियों से डील की. राणाओं को पैसा चाहिए था. तो ये हुआ कि उन्होंने नेपाल में तो रेल नहीं बनने दी, लेकिन नेपाल की लकड़ी बेचनी शुरू कर दी अंग्रेज़ों को भार में रेल की पटरियों का जाल बिछाने के लिए. लेकिन लकड़ी जाए कैसे भारत? सड़कें तक तो ढंग की बनाई नहीं गई थीं. फिर भी हज़ारों-हज़ारों पेड़ काट कर पहुंचाए जाते रहे और पैसा राणा परिवार को पहुंचता रहा.
फिर राणाओं ने बॉर्डर के पास एक रेल लाइन ही बिछा दी. नैरो गेज की. यानी वो छोटी लाइन की पटरी जैसी शिमला और दार्जीलिंग वगैरह में थी. लोगों के लिए नहीं. नेपाल की लकड़ी भारत भेजने के लिए. रक्सौल से अमलेखगंज तक 1927में एक छोटी लाइन बनाई. नेपाल को भारत से जोड़ने के लिए नहीं थी ये, लकड़ी ढोने के लिए थी. फिर जयनगर और जनकपुर वाली लाइन बिछाई गई 1937 में. ये लाइन भी जनकपुर के आसपास के जंगलों से लकड़ी काटकर भारत में बिहार में जयनगर तक लाने के लिए बनाई गई थी. और सारे उस इलाक़े के साल के जंगल काट कर बेच दिए अंग्रेज़ों को राणा परिवार ने. बाद में जब जंगल ही साफ़ हो गए, तो यही लाइन यात्रियों के लिए इस्तेमाल होने लगी. और यूपी बिहार में जो रेल का नेटवर्क बना वो बना नेपाल से आई लकड़ी के फट्टों पर बिछी पटरियों से.
तो भारत में तो रेल बिछी नेपाल की बदौलत, लेकिन नेपाल तक रेल नहीं पहुंची. भारत और नेपाल के बीच वो कुछ किलोमीटर का रेल सफ़र बस उस जयनगर और जनकपुर के बीच हो रहा था. अब जाकर 150 साल से भी ज़्यादा बीतने के बाद पहली बार भारत और नेपाल रेल से जुड़ेंगे इस नई ट्रेन से जब श्रीराम के अयोध्या और माता सीता के जनकपुर का ट्रेन कनेक्शन हो जाएगा. सौ बात की एक बात.