50 फिल्मों का निर्देशन, कैमरे से किए ऐसे एक्सपेरिमेंट बदल गया सिनेमा का अंदाज, ताउम्र किया लोगों के दिलों पर राज

50 फिल्मों का निर्देशन, कैमरे से किए ऐसे एक्सपेरिमेंट बदल गया सिनेमा का अंदाज, ताउम्र किया लोगों के दिलों पर राज


Last Updated:

हिंदी सिनेमा को नई पहचान देने वाले दिग्गज फिल्मकार वी. शांताराम की आज भी अपनी अलग पहचान है. उन्होंने अपनी फिल्मों से न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि कैमरे और फिल्म निर्माण की तकनीक में ऐसे प्रयोग किए, जिन्होंने सिनेमा की दुनिया को नई दिशा दी. ‘दो आंखें बारह हाथ’ से लेकर ‘झनक झनक पायल बाजे’ तक, उनकी फिल्मों में मनोरंजन के साथ समाज को एक खास संदेश भी देखने को मिला. आइए, जानते हैं उनके फिल्मी सफर और उन प्रयोगों के बारे में, जिन्होंने उन्हें हिंदी सिनेमा का यादगार नाम बना दिया.

ख़बरें फटाफट

Zoom

बदल दिया सिनेमा का अंदाज

नई दिल्ली. भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ ऐसे फिल्मकार हुए हैं, जिन्होंने अपनी कहानियों और फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ फिल्म बनाने के अंदाज को भी बदल दिया. वी. शांताराम का नाम भी ऐसे ही दिग्गजों में शामिल है. उन्होंने अपनी फिल्मों के जरिए समाज को कई जरूरी संदेश दिए और हिंदी सिनेमा में ऐसे तकनीकी प्रयोग किए, जिन्होंने आगे आने वाले फिल्मकारों के लिए नए रास्ते खोल दिए. अभिनय से लेकर निर्देशन तक, उन्होंने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई.

वी. शांताराम का जन्म 18 नवंबर 1901 को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हुआ था. उनका असली नाम राजाराम वानकुद्रे था. बचपन से ही उन्हें कला और थिएटर में काफी दिलचस्पी थी. इसी शौक के चलते उन्होंने गंधर्व नाटक मंडली में काम करना शुरू कर दिया. परिवार की आर्थिक हालत अच्छी नहीं थी, इसलिए उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी. हालांकि, मुश्किल हालात भी फिल्मों के प्रति उनके जुनून को कम नहीं कर सके.

19 साल की उम्र में शुरू किया फिल्मी सफर

महज 19 साल की उम्र में शांताराम ने बाबूराव पेंटर की महाराष्ट्र फिल्म कंपनी से जुड़कर फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखनी शुरू कर दी थीं. साल 1921 में उन्होंने मूक फिल्म ‘सुरेखा हरण’ से बतौर अभिनेता अपने करियर की शुरुआत की. यहां काम करते हुए उन्होंने सिनेमा को करीब से समझा और धीरे-धीरे निर्देशन की तरफ कदम बढ़ाया. साल 1929 में उन्होंने अपनी फिल्म कंपनी प्रभात फिल्म्स की शुरुआत की. इस बैनर के तहत ‘खूनी खंजर’, ‘रानी साहिबा’ और ‘उदयकाल’ जैसी फिल्में बनाई गईं. शांताराम की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वह फिल्मों को सिर्फ कहानी और कलाकारों तक सीमित नहीं रखते थे. वह चाहते थे कि पर्दे पर दिखने वाला हर दृश्य दर्शकों को नया अनुभव दे. इसी सोच के साथ उन्होंने कैमरे के इस्तेमाल में कई नए प्रयोग किए. हिंदी सिनेमा में मूविंग शॉट्स के इस्तेमाल को बढ़ावा देने में उनका अहम योगदान रहा. वहीं, फिल्म ‘चंद्रसेना’ में ट्रॉली कैमरे का इस्तेमाल कर उन्होंने शूटिंग के तरीके को एक नया रूप दिया. उस समय इस तरह के प्रयोग करना आसान नहीं था, लेकिन शांताराम हमेशा कुछ नया करने की कोशिश में लगे रहते थे.

फिल्मों के जरिए समाज को भी दिया जरूरी संदेश

उनकी फिल्मों की एक और खास बात यह थी कि उनमें मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश भी छिपा होता था. वह ऐसी कहानियां चुनते थे, जो लोगों को सोचने पर मजबूर करें. उनकी फिल्म ‘संत तुकाराम’ को जबरदस्त सफलता मिली. यह पहली भारतीय फिल्म थी, जिसे वेनिस फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया था. साल 1942 में प्रभात फिल्म्स से अलग होने के बाद उन्होंने मुंबई में राजकमल फिल्म्स और स्टूडियो की स्थापना की. इसके बाद ‘शकुंतला’ और ‘झनक झनक पायल बाजे’ जैसी यादगार फिल्मों का निर्माण किया.साल 1958 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘दो आंखें बारह हाथ’ ने देश और विदेश में खूब नाम कमाया. फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला और बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में भी प्रदर्शित किया गया. इसे सिल्वर बीयर अवॉर्ड के साथ सैमुअल गोल्डन अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म का सम्मान भी मिला. फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके कैमरा वर्क और तकनीकी प्रयोगों की भी काफी तारीफ हुई.

बता दें कि करीब छह दशक के अपने लंबे फिल्मी सफर में वी. शांताराम ने लगभग 50 फिल्मों का निर्देशन किया. उनका मानना था कि सिनेमा केवल लोगों के मनोरंजन का जरिया नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज में बदलाव लाने और लोगों को जागरूक करने का काम भी किया जा सकता है. भारतीय सिनेमा में उनके इसी योगदान के लिए साल 1985 में उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया.30 अक्टूबर 1990 को वी. शांताराम ने दुनिया को अलविदा कह दिया.



Source link