कहीं शिव-सती का अलौकिक स्वरूप तो कहीं माता सती का कुंड, तस्वीरों में देखिए दक्षेश्वर महादेव मंदिर के 10 दिव्य स्थल

कहीं शिव-सती का अलौकिक स्वरूप तो कहीं माता सती का कुंड, तस्वीरों में देखिए दक्षेश्वर महादेव मंदिर के 10 दिव्य स्थल


Last Updated:

Daksheshwar Mahadev Temple Haridwar: हरिद्वार के कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर सिर्फ भगवान शिव के दर्शन के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी पौराणिक मान्यताओं और कई दिव्य स्वरूपों के लिए भी खास पहचान रखता है. मंदिर परिसर में दस महाविद्याओं की भव्य मूर्तियों के साथ भगवान शिव और माता सती का अर्धनारीश्वर स्वरूप, प्राचीन यज्ञ कुंड, माता सती कुंड और ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन होते हैं. जानिए दक्षेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मौजूद इन 9 खास धार्मिक और पौराणिक स्थलों का महत्व और उनसे जुड़ी मान्यताएं.

दक्षेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्थित दस महाविद्या मंदिर का विशेष महत्व है. यहां आदिशक्ति के दस प्रमुख स्वरूपों की भव्य मूर्तियां स्थापित हैं. इनमें मां महाकाली, मां तारा, मां षोडशी, मां भुवनेश्वरी, मां त्रिपुर भैरवी, मां छिन्नमस्ता, मां धूमावती, मां बगलामुखी, मां मातंगी और मां कमला शामिल हैं. इनके साथ ही मंदिर में मां सरस्वती और मां दुर्गा के भी दर्शन होते हैं. श्रद्धालु यहां मां के सभी स्वरूपों के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते हैं.

कनखल को भगवान शिव की ससुराल और माता सती की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है. दक्ष मंदिर परिसर के दस महाविद्या मंदिर में भगवान शिव और माता सती की एक साथ सुंदर प्रतिमा स्थापित है. यह प्रतिमा दोनों के प्रेम और अटूट रिश्ते को दर्शाती है. दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालु यहां दर्शन कर अपने वैवाहिक जीवन में सुख-शांति और खुशहाली की कामना करते हैं.

दक्षेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दस महाविद्या मंदिर के पास आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा भी स्थापित है. हिंदू धर्म के पुनरुद्धार में आदि गुरु शंकराचार्य का महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है. उन्होंने देश के चारों कोनों में मठों की स्थापना की थी. मान्यता है कि उन्होंने इस पवित्र भूमि का भ्रमण भी किया था. मंदिर में आने वाले श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के साथ आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा के सामने भी शीश नवाते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

दक्षेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भगवान शिव का अर्धनारीश्वर स्वरूप भी देखने को मिलता है. इस प्रतिमा में आधा भाग भगवान शिव का और आधा भाग माता सती का है. यह स्वरूप बताता है कि शिव और शक्ति एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों के बिना सृष्टि अधूरी है. श्रद्धालु यहां दर्शन कर जीवन में सुख, शांति और संतुलन बनाए रखने की कामना करते हैं.

दक्षेश्वर महादेव के मुख्य शिवलिंग के ठीक सामने ब्रह्मेश्वर महादेव का प्राचीन मंदिर स्थित है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, राजा दक्ष के यज्ञ के समय सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा जी ने इसी स्थान पर भगवान शिव की आराधना की थी. इसके बाद यह स्थान ब्रह्मेश्वर महादेव के नाम से प्रसिद्ध हुआ. मुख्य शिवलिंग के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु यहां भी माथा टेकते हैं. मान्यता है कि यहां पूजा किए बिना कनखल की यात्रा अधूरी मानी जाती है.

कनखल के दक्षेश्वर महादेव मंदिर परिसर में राजा दक्ष का प्राचीन यज्ञ कुंड भी मौजूद है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, राजा दक्ष ने इसी स्थान पर विशाल यज्ञ का आयोजन किया था. इस यज्ञ में भगवान शिव को आमंत्रित नहीं किया गया था. कुंड के आकार में बना यह स्थल उस पौराणिक घटना की याद दिलाता है. मंदिर में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालु इस यज्ञ कुंड के दर्शन कर इससे जुड़ी कथा के बारे में जानते हैं.

दक्षेश्वर महादेव के मुख्य शिवलिंग से थोड़ी दूरी पर माता सती कुंड स्थित है. इस स्थान का विशेष धार्मिक महत्व है. पौराणिक कथा के अनुसार, राजा दक्ष के यज्ञ में भगवान शिव का अपमान होने से दुखी माता सती ने इसी स्थान पर यज्ञ की अग्नि में अपने प्राण त्याग दिए थे. यहां महिलाएं विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं. दक्ष मंदिर आने वाले श्रद्धालु माता सती कुंड के दर्शन जरूर करते हैं और अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं.

दक्षेश्वर महादेव मंदिर परिसर के मुख्य रास्ते पर भगवान शिव और माता सती की एक ऐसी प्रतिमा स्थापित है, जो पौराणिक कथा के बेहद भावुक दृश्य को दर्शाती है. इसमें माता सती के शरीर त्यागने के बाद भगवान शिव उनके पार्थिव शरीर को अपनी गोद में उठाए नजर आते हैं. यह प्रतिमा माता सती के प्रति भगवान शिव के प्रेम और उनके वियोग को दिखाती है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी घटना के बाद देशभर में 51 शक्तिपीठों की स्थापना हुई थी.

दक्षेश्वर महादेव मंदिर का सबसे प्रमुख और प्राचीन स्थल पातालमुखी दक्षेश्वर महादेव का शिवलिंग है. पौराणिक कथा के अनुसार, माता सती के शरीर त्यागने के बाद भगवान शिव ने राजा दक्ष का सिर काट दिया था. बाद में सभी देवी-देवताओं के आग्रह पर भगवान शिव ने राजा दक्ष को बकरे का सिर लगाकर जीवनदान दिया. मान्यता है कि भगवान शिव ने राजा दक्ष को वरदान दिया था कि वे कनखल में दक्षेश्वर के रूप में पूजे जाएंगे. इस शिवलिंग को पातालमुखी कहा जाता है. श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से एक लोटा जल चढ़ाने पर मनोकामनाएं पूरी होती हैं.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link