Last Updated:
Jaipur News : राजधानी जयपुर के खोनागोरियान इलाके में हुई चोरी की वारदात ने एक पूरे परिवार के सपनों को तोड़कर रख दिया है. चोरी का शिकार हुआ यह परिवार अपने भाई की मौत के बाद उसे अंतिम विदाई देने के लिए पैतृक गांव गया हुआ था. पीछे से चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया. चोर वहां से उनकी पीढ़ियों की जमा-पूंजी समेट ले गए. इनमें नगदी समेत सोना और डेढ़ किलो चांदी शामिल है. चोर बेटियों की शादी के लिए बनवाए गए जेवर, बहुओं के आभूषण और बच्चों के गुल्लक को तोड़कर उसमें रखे रुपये तक भी पार कर ले गए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
चोरों ने घर की जो हालत की उसे देखकर पूरा परिवार सन्न रह गया.
जयपुर. एक भाई को खोने का गम अभी कम भी नहीं हुआ था कि दूसरे भाई के घर लौटने पर परिवार को एक और ऐसा सदमा मिला जिसने सबको भीतर तक तोड़ दिया. परिवार अपने भाई को आखिरी विदाई देने और रस्मों में शामिल होने पैतृक गांव गया था. घर पर ताला लगा था. लेकिन चोरों की नजर इसी बंद मकान पर पड़ गई. परिवार जब मंगलवार रात करीब 11:30 बजे गांव से लौटा तो घर का नजारा देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई. अलमारियां खुली थीं. सामान फर्श पर बिखरा था. नकदी और जेवर गायब थे. यहां तक कि बच्चों की गुल्लक भी खाली कर दी गई थी. चोरी की यह वारदात जयपुर के गांधी विहार-खोनागोरियान इलाके में भरतपुर-डीग क्षेत्र में कार्यरत प्रिंसिपल सैयद सादिक अली के मकान में हुई.
घर संभालने पर पता चला कि चोर जिंदगीभर की कमाई समेट ले गए. चोरों ने सिर्फ सोना-चांदी और नकदी ही नहीं चुराई बल्कि उस बचत को भी निशाना बना लिया जिसमें बेटियों की शादी के सपने थे. बहुओं की यादें थीं. बच्चों की पढ़ाई की चिंता थी और परिवार की कई पीढ़ियों की निशानियां थीं. परिवार के मुताबिक चोर करीब 1 लाख 75 हजार रुपये नकद, 11 से 12 तोला सोना और करीब डेढ़ किलो चांदी ले गए. परिवार ने कुल नुकसान करीब 22 लाख रुपये बताया है.
दो दिन तक बंद रहा था मकान
पुलिस के मुताबिक सैयद सादिक अली के सगे भाई सैयद साबिर अली की भरतपुर के खोरी गांव में चुनाव ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई थी. भाई की मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. अंतिम संस्कार और पारिवारिक रस्मों में शामिल होने के लिए पूरा परिवार जयपुर से पैतृक गांव टोडाभीम गया. पीछे से दो दिन तक मकान बंद रहा. उसी दौरान वह मकान चोरों की नजर में आ गया.
चोरों का एक पेचकस घर में ही छूट गया
पीड़ित परिवार को इस बात इल्म ही नहीं था कि जिस वक्त वे अपने भाई को अंतिम विदाई दे रहे होंगे उसी वक्त जयपुर में उनके घर को चोर निशाना बना रहे होंगे. परिवार के मुताबिक चोर मुख्य दरवाजा खोलकर मकान में दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने घर के कमरों, अलमारियों और सामान को खंगाला. चोर अपने साथ पेचकस लेकर आए थे. उसका वारदात में इस्तेमाल किया लेकिन उनका एक पेचकस घर में ही छूट गया.
बेटियों की शादी के जेवर, बहुओं के आभूषण और पुश्तैनी सोना सब कुछ ले गए
चोरों ने जिस सामान पर हाथ साफ किया उसमें परिवार की कई पीढ़ियों की यादें जुड़ी थीं. परिवार के मुताबिक चोरी हुए सामान में सोने में पुश्तैनी आभूषण, बहुओं को शादी में मिले जेवर और बेटियों की शादी के लिए संभालकर रखे गए गहने शामिल हैं. चोर बच्चों के गुल्लक तक खाली कर गए. फीस के लिए रखे गए रुपये भी साफ कर दिए. बहरहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चोरों के पेचकेस के जरिये उन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.