होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर आग धधक उठी है. जहां एक तरफ अमेरिका के साथ पीस-टॉक चल रही है, वहीं दूसरी तरफ ईरान, दुश्मनों को बार-बार जंग के लिए उकसा रहा है. यही वजह है कि होर्मुज में कांड थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. हाल ही में होर्मुज के पास एक तेल टैंकर रहस्यमय तरीके से बारूदी सुरंग से टकरा गया और जोरदार धमाके के साथ उसमें आग लग गई. इस भयानक घटना के बाद ईरान अलग ही तरीके से अपना डिफेंस करने में जुट गया है. IRGC ने इस मामले पर ऐसा बयान दिया है जिसे सुनकर कहा जा सकता है कि ये ठीक ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली कहावत जैसा कारनामा है.
होर्मुज स्ट्रेट में टैंकर पर हमला: नेविगेशन सिस्टम बंद होने का दावा
घटना की शुरुआत तब हुई जब होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी इलाके में अचानक एक बड़ा धमाका हुआ. ईरान की नौसेना और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की तरफ से सामने आए दावों के मुताबिक, एक तेल टैंकर इस इलाके के उस प्रतिबंधित रास्ते से गुजर रहा था, जहां जहाजों का आना-जाना मना है. ईरानी नौसेना का दावा है कि इस तेल टैंकर ने अपना नेविगेशन सिस्टम पूरी तरह से बंद कर रखा था, ताकि उसकी गतिविधियों को छुपाया जा सके.
इसी दौरान, अंधेरे और बिना नेविगेशन के चल रहा ये टैंकर समंदर में बिछाई गई एक बारूदी सुरंग से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जहाज में भीषण आग लग गई और उसे भारी नुकसान का सामना करना पड़ा. IRGC ने दावा किया है कि इस इलाके में एक नहीं बल्कि दो ऐसे जहाज हैं जो नेवल माइन्स की चपेट में आए हैं, जिससे वहां हड़कंप मच गया है.
ईरान का अजीब तर्क: ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली कहावत हो रही सच
इस पूरी घटना के सामने आने के बाद ईरान का रुख बेहद चौकाने वाला रहा है. एक तरफ जहां समंदर में इस तरह बारूदी सुरंगों का होना और जहाजों का फटना क्षेत्रीय सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है, वहीं ईरानी सेना ने इसका पूरा ठीकरा जहाजों की लापरवाही पर फोड़ दिया है. ईरान का कहना है कि जब जहाज नेविगेशन सिस्टम बंद करके प्रतिबंधित रूट पर चलेंगे, तो ऐसे हादसे तो होंगे ही.
अंतरराष्ट्रीय एक्सपर्ट्स का मानना है कि ईरान का ये रवैया ठीक वैसा ही है जैसे ‘उल्टा चोर, कोतवाल को डांटे’. खाड़ी देशों के समुद्री इलाकों में इस तरह बारूदी सुरंगों का फटना इस बात का सबूत है कि ओमान और फारस की खाड़ी के बीच का ये रास्ता अब जहाजों के लिए बेहद खतरनाक जोन बन चुका है. तेल की सप्लाई के लिए दुनिया की रगो कहे जाने वाले इस रास्ते पर इस तरह के धमाके वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए खतरे की घंटी हैं.
बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर ईरान का ड्रोन हमला
होर्मुज में तेल टैंकर के फटने की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि पश्चिम एशिया से एक और बड़ी खबर ने खौफ फैला दिया है. ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर एक खतरनाक ड्रोन हमला किया गया है. इस हमले में अमेरिकी सेना के महत्वपूर्ण रडार सिस्टम को सीधा निशाना बनाया गया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, IRGC के कॉम्बैट ड्रोन्स ने बहरीन स्थित ‘शेख ईसा बेस’ पर ये एयर स्ट्राइक की. इस बेस पर अमेरिकी सेना के हमलावर दस्ते तैनात रहते हैं. ड्रोन हमलों के जरिए अमेरिकी रडार सिस्टम को तबाह करने या नुकसान पहुंचाने के इस वीडियो फुटेज ने ये साफ कर दिया है कि ईरान और अमेरिका के बीच प्रॉक्सी और प्रत्यक्ष तनाव अब खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है. अमेरिका की सैन्य चौकियों पर इस तरह के ड्रोन हमलों से खाड़ी क्षेत्र में किसी भी वक्त बड़े युद्ध जैसे हालात बन सकते हैं.
वैश्विक शांति के लिए बड़ा खतरा बनता पश्चिम एशिया का तनाव
होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों का बारूदी सुरंगों से टकराना और दूसरी तरफ बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ड्रोन का गिरना, ये दोनों घटनाएं इस बात की गवाही देती हैं कि पश्चिम एशिया का ये सुलगता रेगिस्तान जल्द ही एक बड़े वैश्विक संकट का सेंटर बन सकता है. होर्मुज ब्लॉकेड की वजह से पहले ही दुनिया भर में तेल के दामों में आग लगी हुई है. इस वजह से कई देशों की अर्थव्यवस्था तबाही की कगार पर खड़ी है. खुद अमेरिका में भी बढ़ते डीजल प्राइसेस की वजह से डोनाल्ड ट्रंप को मिडटर्म में जनता की गुस्सा का सामना करना पड़ा है.