Amla Navami 2026 Date: कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला नवमी मनाते हैं. इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु और आंवले के पेड़ की पूजा करने का विधान है. भगवान विष्णु को आंवले का भोग भी लगाते हैं. आंवला नवमी को अक्षय नवमी और कूष्मांड नवमी के नाम से भी जानते हैं. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आंवला नवमी से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक आंवले के पेड़ में श्रीहरि का वास रहता है. इस साल आंवला नवमी कब है, 18 या 19 नवंबर? यह सवाल इस वजह से है क्योंकि नवमी तिथि दोनों ही दिन प्राप्त हो रही है.
आंवला नवमी, 18 या 19 नवंबर?
आंवला नवमी की सही तारीख जानने के लिए सबसे पहले नवमी तिथि का समय जानते हैं. पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि 18 नवंबर को सुबह में 6 बजकर 4 मिनट से शुरू हो रही है और यह अगले दिन 19 नवंबर को सुबह 7 बजकर 5 मिनट तक मान्य है.
अब उदयातिथि के आधार पर देखा जाए तो नवमी तिथि दोनों ही दिन प्राप्त हो रही है. अब समस्या यह है कि व्रत किस दिन है? आपको बताएं कि आंवला नवमी के लिए पूर्वाह्न मुहूर्त का ध्यान रखते हैं. ऐसे में पूर्वाह्न मुहूर्त आपको 18 नवंबर को प्राप्त होगा, न कि 19 नवंबर को क्योंकि 19 को नवमी तिथि सुबह होते ही खत्म हो जा रही है. ऐसे में आंवला नवमी 18 नवंबर दिन बुधवार को है.
आंवला नवमी 2026 मुहूर्त
इस साल आंवला नवमी की पूजा के लिए आपको 5 घंटे 20 मिनट का शुभ मुहूर्त प्राप्त होगा. जो लोग व्रत रखेंगे, वे आंवला नवमी की पूजा सुबह में 6 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 6 मिनट के बीच कर लें.
आंवला नवमी के दिन ब्रह्म मुहूर्त 04:59 ए एम से 05:53 ए एम तक रहेगा, जिसमें आप स्नान आदि करके व्रत और पूजा का संकल्प कर लें. हालांकि दिन बुधवार होने की वजह से उस दिन कोई अभिजीत मुहूर्त नहीं है. निशिता मुहूर्त रात 11:40 पी एम से लेकर 19 नवंबर को 12:33 ए एम तक है.
रवि योग में आंवला नवमी 2026
आंवला नवमी के दिन रवि योग बन रहा है. यह शुभ योग पूरे दिन रहेगा. इसमें सूर्य का प्रभाव अधिक होने से सभी दोष मिट जाते हैं. इसके अलावा ध्रुव योग प्रात:काल से लेकर सुबह 08:05 ए एम तक रहेगा, उसके बाद व्याघात योग बनेगा और पूरे दिन शतभिषा नक्षत्र है.
आंवला नवमी को लगेगा अग्नि पंचक
आंवला नवमी को पूरे दिन अग्नि पंचक है. अग्नि पंचक को अशुभ फलदायी मानते हैं. इसमें आग से सावधान रहने की जरूरत है. इस पंचक का प्रारंभ मंगलवार को हो रहा है, जो 5 दिन तक रहता है.
आंवला नवमी को क्यों कहते हैं अक्षय नवमी?
आंवला नवमी के दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है. यह अर्जित पुण्य कभी खत्म नहीं होता है. इस वजह से इसे अक्षय नवमी कहा जाता है.
आंवला नवमी का महत्व
धार्मिक मान्यता है कि आंवला नवमी को आंवले के पेड़ से अमृत की बूंदें बरसती हैं. स्वास्थ्यवर्धक गुणों की वजह से आंवले को अमृत फल भी कहा जाता है. जो लोग आंवला नवमी को आंवले के पेड़ के नीचे बैठते हैं और भोजन करते हैं, उनको आरोग्य की प्राप्ति होती है.
पौराणिक कथा के अनुसार, इस तिथि को भगवान विष्णु ने कूष्मांड राक्षस का संहार किया था, इस वजह से इसे कूष्मांड नवमी कहा जाता है. इस अवसर पर कूष्मांड यानि कद्दू का दान देते हैं.