Balaghat News: भारतीय संविधान में शिक्षा को मूल अधिकारों में शामिल किया गया है. वहीं, साल 2010 में शिक्षा का अधिकार अधिनियम भी लागू हुआ है. अब इस बात को भी सालों बीत गए. लेकिन, एक सवाल रह गया कि क्या समाज की अंतिम पंक्ति को भी समान शिक्षा मिल सकी. जवाब आता है शायद नहीं. इसके पीछे क्या कारण हैं? इसी का जवाब ढूंढने पूर्व आईएएस बी. चंद्रशेखर (समान शेखर) यात्रा पर निकल गए हैं. यह यात्रा मध्य प्रदेश के बालाघाट से निकली है, जो कई जिलों से होकर भोपाल 25 नवंबर को पहुंचेगी. उस यात्रा में समान शिक्षा के साथ रैली और जनसंवाद अलग-अलग 10 शहरों में होगा. इस रैली का समापन 25 नवंबर को भोपाल में होगा. ऐसे में लोकल 18 ने पूर्व IAS समान शेखर (बी. चंद्रशेखर) से चर्चा की तो उन्होंने क्या कहा? जानिए…
समान शिक्षा की जागरूकता जरूरत क्यों?
पूर्व आईएएस समान शेखर कहते हैं कि समान शिक्षा का कार्य है, जो सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे, जो सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े बच्चे पढ़ने के लिए जाते हैं, उन्हें समान और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मिले. साथी अवसरों की समानता मिले. जैसी किसी प्राइवेट स्कूलों मिलती है. उसी उद्देश्य के साथ वह बीते दो साल से इस विषय पर काम कर रहे हैं. अब वह इस जागरूकता अभियान के साथ यात्रा शुरू कर रहे हैं. यह समान शिक्षा जन यात्रा है.
जब IAS थे तब क्या कठिनाई आई?
समान शेखर कहते हैं कि वह 6 जिलों में कलेक्टर रहे. उनका कहना है कि जब वह प्रशासनिक सेवा में थे, जब भी शिक्षा के क्षेत्र को प्राथमिकता देकर काम करते थे, नौकरी के दौरान भी बार-बार एक विचार और एहसास होता रहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाना है. यह जमीन पर उतर कर और लोगों के बीच जाकर ही संभव था. यह प्रशासकीय पदों पर रहकर संभव नहीं था. ऐसे में उन्होंने उसी विजन के साथ पहले नौकरी छोड़ी और दो साल तक गुमनाम होकर तैयारी शुरू की. ऐसे में अब उनकी यात्रा शुरू हुई है.
समान शिक्षा नहीं मिल रही तो जिम्मेदारी किसकी?
समान शेखर कहते हैं कि हर सरकारी स्कूल की बात होती है. इसमें किसी एक से जिम्मेदारी तय नहीं हो रही है. इसमें कई घटक हैं, जिसमें पालक, समाज, शिक्षक और शासन-प्रशासन. ऐसे में हर घटक को उसकी जिम्मेदारी का एहसास करवाना है. उस जिम्मेदारी को पूरा करने में उन्हें मदद करना ही उनका अभियान है.
पिछड़ा तबका अपना पेट पाले या फिर बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दे
समान शेखर भी यही मानते हैं कि आर्थिक-सामाजिक पिछड़े लोगों के पास समय का अभाव होता है. रोजी-रोटी के साथ शिक्षा भी जरूरी है. ऐसे में उन्होंने दो साल तक कई परिवारों से मुलाकात की. उनकी आंखों में उम्मीद थी कि बदलाव होगा. उन्होंने इस बदलाव को लाने के लिए उन्हें बस इतना जागरूक किया कि बच्चों को लगातार स्कूल भेजें. शाला विकास समिति की बैठक में शामिल हों. वहीं से बदलाव की शुरुआत होगी. अगर एक स्कूल में 50 पेरेंट्स हैं, तो 15 से 20 प्रतिशत पालक भी जागरूक होंगे, तो बदलाव आएगा.
मौलिक अधिकार और कानून बना फिर कहा कमी रही
पूर्व आईएएस समान शेखर ने कहा, शिक्षा मौलिक अधिकार है. शिक्षा का अधिकार अधिनियम होने के बावजूद सुधार नहीं आया है. इसके पीछे वजह है कि शिक्षा सरकार की प्राथमिकता में नहीं है. सरकार की प्राथमिकता भी तभी बनेगी, जब नागरिक इसकी मांग करेंगे. इसके लिए पालकों और समुदायों को जागरूक होने की आवश्यकता है. जब जनता जागरूक होगी, तब सरकार इसे प्राथमिकता से करेगी. ऐसे में जब यह जन आंदोलन बनेगा, तब किसी से जिम्मेदारी नहीं मांगनी पड़ेगी.
जानिए कौन हैं पूर्व आईएएस समान शेखर
समान शेखर पहले बी चंद्रशेखर के नाम से जाने जाते थे. वह 2002 बैच के आईएएस अफसर हैं. उन्होंने करीब 6 जिलों में कलेक्टर की जिम्मेदारी निभाई. बालाघाट में उन्हें उनके शिक्षा के क्षेत्र में हुए कामों के लिए याद किया जाता है. बालाघाट से उनका तबादला 9 महीने में हो गया था. 6 जिलों की कलेक्टरी के बाद वह जबलपुर संभाग के कमिश्नर बने और उन्होंने 21 साल की नौकरी के बाद वीआरएस ले लिया. इसी के बाद उन्होंने वकालत भी शुरू की और समान शिक्षा मिशन की भी शुरुआत की है.