Last Updated:
प्रसिद्ध गायिका नीति मोहन ने एआर रहमान के साथ काम करके अपने करियर की शुरुआत की. साल 2012 के गाने इश्क वाला लव से उन्हें बॉलीवुड में बड़ी पहचान मिली. चलिए उनके जन्मदिन पर उनके सफर के बारे में बातचीत की.
गायिका नीति मोहन आज बॉलीवुड की जानी-पहचानी आवाज हैं. ‘जिया रे’, ‘इश्क वाला लव’, ‘तूने मारी एंट्रियां’ और ‘नैनो वाले ने’ जैसे गानों से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं था. एक समय ऐसा भी था, जब उन्हें समझ नहीं आता था कि फिल्मी दुनिया के संगीतकारों तक अपनी आवाज कैसे पहुंचाएं. इसी दौरान उन्होंने संगीतकार एआर रहमान के लिए ऑडिशन दिया. उनकी आवाज रहमान को पसंद आई और उन्हें उनके साथ काम करने का मौका मिल गया. यही मौका आगे चलकर उनके करियर के सबसे खास पड़ावों में शामिल हुआ. (Insta/neetimohan18)
18 नवंबर 1979 को दिल्ली में जन्मीं नीति मोहन का बचपन संगीत और डांस के बीच बीता. उनके परिवार में पहले से कोई संगीतकार नहीं था लेकिन उनके माता-पिता ने बेटियों की रुचि को समझा और उन्हें आगे बढ़ने का मौका दिया. नीति चार बहनों में सबसे बड़ी हैं. उनकी बहन शक्ति मोहन डांस की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी हैं जबकि मुक्ति मोहन भी अभिनय और डांस के क्षेत्र में काम कर रही हैं. छोटी बहन कृति भी मनोरंजन जगत से जुड़ी हैं. (Insta/neetimohan18)
नीति ने अपनी पढ़ाई दिल्ली से की. संगीत के साथ उनकी दिलचस्पी डांस में भी थी. उन्होंने भरतनाट्यम और कथक की ट्रेनिंग ली. हालांकि, उन्हें असली पहचान साल 2003 में मिले एक बड़े मौके से मिली. इस साल उन्होंने चैनल वी के रियलिटी शो ‘पॉपस्टार्स’ में हिस्सा लिया और इसकी विजेता बनीं. इसके बाद शो के दूसरे विजेताओं के साथ मिलकर पॉप बैंड ‘आसमा’ बनाया गया. इस बैंड के गाने ‘चंदू के चाचा’ ने युवाओं के बीच अच्छी पहचान बनाई. नीति के लिए यह पहला मौका था, जब उन्हें बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला.(Insta/neetimohan18)
Add News18 as
Preferred Source on Google
बैंड के साथ काम करने के बाद नीति की मुलाकात संगीत की दुनिया के कई लोगों से हुई. इसी दौरान उनकी नजर एआर रहमान की टीम के साथ काम करने के मौके पर पड़ी. नीति ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आता था कि संगीतकारों तक कैसे पहुंचा जाए. ऐसे में उन्होंने सीधे रहमान के लिए ऑडिशन देने का फैसला किया. साल 2007 में उन्होंने अमेरिका में होने वाले रहमान के कॉन्सर्ट के लिए ऑडिशन दिया. उनकी आवाज पसंद की गई और वह रहमान की टीम का हिस्सा बन गईं. इसके बाद उन्हें उनके साथ देश-विदेश में लाइव परफॉर्म करने का मौका मिला.(Insta/neetimohan18)
नीति के लिए यह अनुभव किसी सपने के सच होने जैसा था. उन्होंने एआर रहमान के साथ कई कॉन्सर्ट में हिस्सा लिया. रहमान के साथ काम करने से उन्हें संगीत की बारीकियां समझने और बड़े मंच पर खुद को बेहतर बनाने का मौका मिला. (Insta/neetimohan18)
हालांकि, बॉलीवुड में बतौर प्लेबैक सिंगर उनकी शुरुआत साल 2012 में फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के गाने ‘इश्क वाला लव’ से हुई. इस गाने ने उन्हें फिल्मी संगीत की दुनिया में पहचान दिलाई. इसी साल फिल्म ‘जब तक है जान’ में एआर रहमान के संगीत से सजे गाने ‘जिया रे’ ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया. इस गाने में उनकी आवाज को खूब पसंद किया गया.(Insta/neetimohan18)
इसके बाद नीति ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. फिल्म ‘रांझणा’ का ‘नजर लाए ना’, ‘गुंडे’ का ‘तूने मारी एंट्री’, ‘किक’ का ‘डेविल यारा’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’ का ‘मनवा लागे’, ‘बॉम्बे वेलवेट’ के जैज गाने और ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ का ‘आशिक सरेंडर हुआ’ उनके करियर के चर्चित गानों में शामिल रहे. फिल्म ‘कलंक’ का ‘फर्स्ट क्लास’, ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ का ‘नाच मेरी जान’ और ‘पद्मावत’ का ‘नैनो वाले ने’ भी उनके लोकप्रिय गानों में गिने जाते हैं.(Insta/neetimohan18)
नीति ने सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि तमिल, तेलुगु, कन्नड़, बंगाली और पंजाबी भाषा के गानों में भी अपनी आवाज दी है. ‘द वॉयस इंडिया किड्स’ और ‘द वॉयस इंडिया’ समेत कई सिंगिंग रियलिटी शो में जज और मेंटर की भूमिका भी निभा चुकी हैं. (Insta/neetimohan18)