जब भी बात शादी की आती है तो लड़कियों के मन में एक सवाल जरूर आता है कि क्या शादी के बाद घर की सारी जिम्मेदारी उसे ही उठानी होगी. आमतौर पर भारतीय समाज में शादी से जुड़ी ऐसे सवालों के जवाब पहले से तय माने जाते हैं. पति से कमाने और पत्नी से घर संभालने की उम्मीद की जाती है. लेकिन सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट वायरल हुआ है जिसके बारे में जानकार आपको भी जरूर हैरानी होगी.
रेडिट पर शेयर किए गए एक शादी के प्रपोजल ने कमाई और पति-पत्नी की जिम्मेदारियों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. एक शख्स ने ऐसी पत्नी की तलाश के बारे में पोस्ट शेयर किया है जो सालाना कम से कम 12 लाख रुपये कमाती हो. और इसके बदले में वह खुद घर संभालेगा. कुछ लोग इसे रिश्तों में बराबरी और बदलती सोच का उदाहरण मान रहे हैं, तो वहीं, कुछ सवाल उठा रहे हैं कि क्या भारतीय समाज में ऐसी शादी को आसानी से स्वीकार किया जाएगा? आखिर इस शख्स ने अपनी होने वाली पत्नी के सामने कौन-कौन सी शर्तें रखी हैं और रेडिट यूजर्स इस पर क्या कह रहे हैं? ये आपको बताते हैं.
पति संभालेगा रसोई से लेकर सफाई तक
AskIndianWoman फोरम पर शेयर की गई पोस्ट में व्यक्ति ने बताया कि वह ऐसी महिला से शादी करना चाहता है, जो अपनी पसंद का करियर, नौकरी या कारोबार जारी रख सके. इसके लिए उसे किसी खास शहर में रहने की भी बाध्यता नहीं होगी. दूसरी तरफ, वह खुद घर पर रहकर परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रखना चाहता है. उसने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया कि खाना बनाना, घर की सफाई करना, कपड़े धोना और घर से जुड़े दूसरे कामों की जिम्मेदारी वह उठाएगा. उसका कहना है कि वह एक ऐसा रिश्ता चाहता है, जिसमें दोनों की भूमिकाएं पहले से तय सामाजिक मान्यताओं के बजाय उनकी पसंद के अनुसार हों.
कितनी होनी चाहिए कमाई?
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, शख्स ने कमाई को लेकर भी उसने अपनी अपेक्षा बताई है. उसके मुताबिक, उसकी होने वाली पत्नी की सालाना आय कम से कम 12 लाख रुपये होनी चाहिए. वह चाहता है कि पत्नी आर्थिक रूप से परिवार की मुख्य जिम्मेदारी संभाले और उसे अपने काम तथा करियर में आगे बढ़ने का पूरा मौका मिले.
खुद के बारे में भी दी जानकारी
शादी का प्रपोजल रखने वाले इस व्यक्ति ने अपनी पोस्ट में अपने परिवार और आर्थिक स्थिति से जुड़ी कुछ जानकारियां भी शेयर की हैं. उसने खुद को छह फुट लंबा, गोरे रंग का और अच्छी फिजिकल हेल्थ वाला शख्स बताया है. उसके माता-पिता सरकारी नौकरी से रिटायर हो चुके हैं और उन्हें पेंशन मिलती है. परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है. उसने यह भी दावा किया कि वह अपनी होने वाली पत्नी पर आर्थिक रूप से निर्भर नहीं रहेगा. उसके पास किराए और बैंक जमा पर मिलने वाले ब्याज से नियमित आय है. उसके मुताबिक, यह पैसिव इनकम परिवार की जरूरतों के लिए पर्याप्त है.
उसका कहना है कि उसे बाहर की दुनिया में ज्यादा घुलना-मिलना रहना पसंद नहीं है. इसके बजाय उसे घर पर रहकर दूसरों की देखभाल करना अच्छा लगता है. वह शादी को ऐसी साझेदारी के रूप में देखता है, जिसमें पत्नी बाहर की जिम्मेदारियां संभाले और वह घर की व्यवस्था देखे.
किस शर्त पर लोगों ने उठाए सवाल?
इस प्रपोजल में सबसे ज्यादा चर्चा बच्चों को लेकर रखी गई शर्त पर हुई. व्यक्ति ने साफ कहा कि वह फिलहाल बच्चे नहीं चाहता और ऐसी शादी को प्राथमिकता देता है, जिसमें दोनों बिना बच्चों के अपनी जिंदगी बिता सकें. हालांकि, एक महिला यूजर ने इस पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर बच्चे नहीं होंगे तो घर संभालने की जिम्मेदारी में ऐसा क्या खास होगा, जो पुरुष रिश्ते में योगदान देगा? उसका कहना था कि आज कई महिलाएं नौकरी के साथ अपना घर भी संभालती हैं और अपनी पसंद के कामों के लिए समय निकालती हैं. ऐसे में सिर्फ घर के काम करने के बदले पत्नी से पूरी आर्थिक जिम्मेदारी उठाने की अपेक्षा कितनी व्यावहारिक है?
इस सवाल के जवाब में व्यक्ति ने बताया कि वह पत्नी पर बच्चे पैदा करने का दबाव नहीं डालना चाहता. अगर भविष्य में पत्नी बच्चे चाहती है तो इस बारे में दोनों बातचीत कर सकते हैं. उसके अनुसार, बच्चे होने की स्थिति में उनकी परवरिश की जिम्मेदारी भी मिलकर उठाई जा सकती है.
क्या ससुराल की जिम्मेदारी भी उठाएगा?
पोस्ट पर लोगों का रिस्पांस मिला-जुला रहा. कुछ यूजर्स ने उसकी सोच का समर्थन किया. उनका कहना था कि अगर पुरुष घर संभालने और परिवार की देखभाल करने के लिए तैयार है तो इसमें कुछ गलत नहीं है. इससे यह भी पता चलता है कि शादी में जिम्मेदारियां सिर्फ महिला या पुरुष के आधार पर तय नहीं होनी चाहिए.
वहीं, कुछ लोगों ने उसकी अपेक्षाओं पर सवाल उठाए. एक यूजर ने पूछा कि जब आज अच्छी कमाई करने वाले पुरुष भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर पत्नी चाहते हैं, तो कोई महिला ऐसे रिश्ते को क्यों चुनेगी, जिसमें उसे परिवार की मुख्य कमाने वाली सदस्य बनना पड़े? एक अन्य महिला ने भारत में शादी के बाद महिलाओं पर आने वाली पारिवारिक जिम्मेदारियों का मुद्दा भी उठाया.