South Korean Exam Topper AI Cheating: 160 में से 159 जवाब बिल्कुल सही, 400 में से 397.5 नंबर, टॉपर ने वीडियो बनाकर कबूली चीटिंग

South Korean Exam Topper AI Cheating: 160 में से 159 जवाब बिल्कुल सही, 400 में से 397.5 नंबर, टॉपर ने वीडियो बनाकर कबूली चीटिंग


नई दिल्ली (Exam Topper Story). आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पढ़ाई और काम को आसान बना रहा है. लेकिन अब इसका इस्तेमाल परीक्षाओं में नकल के लिए भी होने लगा है. साउथ कोरिया से ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इसने शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. वहां की प्रतिष्ठित नेशनल टैक्स अकाउंटेंट योग्यता परीक्षा के टॉपर ने खुद कैमरे के सामने आकर कबूल किया है कि उसने यह कामयाबी AI की मदद से नकल करके हासिल की थी.

अप्रैल और जुलाई में हुई इस 2 चरणों की परीक्षा में टॉपर के असाधारण नंबर देखकर पहले से ही संदेह जताया जा रहा था. आखिरकार रविवार को ‘हान’ नाम के इस उम्मीदवार ने चेहरे पर मास्क लगाकर एक यूट्यूब वीडियो के जरिए अपनी गलती मान ली. इन दिनों साउथ कोरिया में एनुअल नेशनल कॉलेज एंट्रेंस एग्जाम की तैयारियां चल रही हैं. इस बीच हुए इस खुलासे से सरकार और प्रशासन में हड़कंप मच गया है. जानिए एआई से चीटिंग का पूरा मामला.

हाई-टेक नकल को अंजाम कैसे दिया?

यूट्यूब चैनल ‘अटॉर्नी ली डोन-हो’ पर शेयर किए गए वीडियो में टॉपर हान ने नकल का पूरा तरीका बताया. उसने कबूल किया कि परीक्षा हॉल के अंदर उसने बेहद छोटे ‘माइक्रोकैमरा’ का इस्तेमाल किया. इस कैमरे से उसने प्रश्नपत्र की फोटो खींची और जनरेटिव एआई टूल पर शेयर कर दिया. एआई टूल ने पलक झपकते ही उन कठिन सवालों के जवाब तैयार कर दिए. हान ने स्मार्टफोन की स्क्रीन देखकर उत्तर पुस्तिका में जवाब भर दिए. उसने माफी मांगते हुए स्वीकार किया कि उसकी सफलता ईमानदारी का नतीजा नहीं थी.

400 में से 397.5 नंबर देख हुआ था शक

इस परीक्षा के पहले राउंड में हान ने 400 में से 397.5 अंक हासिल किए थे. उसने 160 सवालों में से 159 के बिल्कुल सटीक जवाब दिए थे. किसी भी उम्मीदवार के लिए इतने कठिन टैक्स अकाउंटेंट एग्जाम में लगभग पूरे नंबर लाना लगभग असंभव माना जाता है. इसी असाधारण प्रदर्शन के बाद से उस पर ‘स्मार्ट ग्लास’ के जरिए नकल करने के आरोप लग रहे थे. शुरुआत में हान ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था. लेकिन बढ़ते दबाव और जांच के डर से आखिरकार उसने सच उगल दिया.

पुलिस जांच शुरू, सरकार ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग

हान ने वकील के जरिए सियोल पुलिस को लिखित कबूलनामा सौंप दिया है. सियोल मेट्रोपॉलिटन पुलिस एजेंसी ने इसकी पुष्टि करते हुए मामले को आगे की जांच के लिए सौंप दिया है. इस घटना ने साउथ कोरिया के प्रेसिडेंट ऑफिस को भी चिंता में डाल दिया है. वहां स्टैंडर्डाइज्ड परीक्षाओं को करियर और भविष्य का सबसे बड़ा आधार माना जाता है. ऐसे में अब सर्टिफाइड पब्लिक अकाउंटेंट (CPA) परीक्षा में भी AI से नकल होने की आशंका जताई जा रही है. इसे लेकर राष्ट्रपति के चीफ ऑफ स्टाफ ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है.

कॉलेज एंट्रेंस एग्जाम के लिए सख्त पहरा

इस विवाद के ठीक बाद देश में गुरुवार को होने वाली नेशनल कॉलेज एंट्रेंस परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं. प्रधानमंत्री हान सियोंग-सूक के ऑफिस ने बयान जारी कर लोगों को भरोसा दिलाया है कि आगामी परीक्षा में किसी भी तरह की हाई-टेक चीटिंग रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए जा रहे हैं. परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस की सख्त जांच और कड़ी निगरानी रखी जाएगी. इससे स्टूडेंट्स के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होगा.

परीक्षा एजेंसियों के लिए बड़ा सबक

यह घटना सिर्फ साउथ कोरिया ही नहीं, बल्कि भारत समेत दुनियाभर की परीक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चेतावनी है. जैसे-जैसे एआई टूल्स और माइक्रो गैजेट्स आम लोगों की पहुंच में आ रहे हैं, पारंपरिक तरीके से नकल रोकना अब नाकाफी साबित हो रहा है. भविष्य में परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जैमर, एआई डिटेक्शन टेक्नोलॉजी और सख्त फिजिकल चेकिंग जैसे मॉडर्न कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया है.



Source link