नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. तापमान में लगातार गिरावट के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है. सुबह और शाम चलने वाली सर्द हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है. वहीं, रविवार सुबह हुई बारिश के बाद शहर में ठिठुरन और बढ़ गई है. मौसम में आए इस बदलाव के बीच अब नैनीतालवासियों से लेकर यहां पहुंचने वाले पर्यटकों तक को आसमान से बर्फ की सफेद फुहारों का इंतजार है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस बार नैनीताल में जमकर बर्फबारी होगी और पूरा शहर बर्फ की सफेद चादर से ढक जाएगा.
नैनीताल की सर्दियां हमेशा से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रही हैं. खासकर बर्फबारी के दौरान यहां की खूबसूरती देखते ही बनती है. ऊंची पहाड़ियों, देवदार और बांज के पेड़ों के साथ घरों की छतों पर जमी बर्फ शहर को किसी जन्नत जैसा नजारा देती है. यही वजह है कि सर्दियों में बर्फबारी देखने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से पर्यटक नैनीताल का रुख करते हैं. हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में अपेक्षाकृत कम बर्फबारी होने से पर्यटकों के साथ स्थानीय कारोबारियों को भी निराशा हाथ लगी है. ऐसे में इस बार सभी की निगाहें मौसम पर टिकी हैं.
गुजरात से बर्फबारी देखने पहुंचीं पर्यटक
गुजरात से नैनीताल घूमने पहुंचीं पर्यटक अतिशा ने बताया कि वह खासतौर पर यहां बर्फबारी देखने के लिए आई हैं. उन्हें उम्मीद थी कि नैनीताल पहुंचते ही बर्फबारी का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा, लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने बताया कि यहां काफी ठंड है और पहुंचने के दौरान बारिश भी हुई, जिससे मौसम और सर्द हो गया. हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा और नैनीताल में बर्फबारी देखने को मिल सकती है. वहीं, गुजरात से ही नैनीताल पहुंचे अमित ने बताया कि यहां का मौसम बेहद अच्छा है. भले ही उन्हें अभी बर्फ देखने को नहीं मिली, लेकिन ठंड का एहसास जरूर हो रहा है. मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए उन्हें भी उम्मीद है कि जल्द ही नैनीताल में बर्फबारी हो सकती है.
बर्फबारी से बढ़ेगा पर्यटन कारोबार
नैनीझील में नाव चलाने वाले नाव चालक मोहम्मद शौकिन का कहना है कि इन दिनों शहर में काफी ठंड पड़ रही है. सुबह और शाम सर्द हवाएं चल रही हैं, जबकि रविवार सुबह हुई बारिश के बाद ठिठुरन और बढ़ गई है. उन्होंने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ ही शहर में पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है. उन्हें उम्मीद है कि नवंबर के अंतिम दिनों या दिसंबर में नैनीताल में बर्फबारी हो सकती है. उनका कहना है कि जब भी शहर में बर्फ गिरती है, तो बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं. इससे नाव चालकों समेत पर्यटन से जुड़े अन्य लोगों के कारोबार को भी फायदा मिलता है. वहीं भोटिया मार्केट के दुकानदार दिनेश भोटिया ने बताया कि इन दिनों नैनीताल का मौसम बेहद खुशनुमा बना हुआ है. ठंडी हवाओं और बारिश के चलते सर्दी का एहसास लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है. अब नैनीताल में भी बर्फ गिरने का इंतजार है, उनका मानना है कि बर्फबारी होते ही शहर में पर्यटकों की आमद बढ़ जाएगी और बाजारों में भी रौनक लौटेगी.
5-6 साल से बर्फबारी का इंतजार
स्थानीय दुकानदार जीवन सिंह जीना ने बताया कि नैनीताल में पिछले पांच से छह वर्षों से अच्छी बर्फबारी देखने को नहीं मिली है. ऐसे में इस बार लोगों को काफी उम्मीदें हैं. उन्होंने कहा कि यदि नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर की शुरुआत में बर्फबारी होती है, तो नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ सकती है. बर्फबारी के दौरान पूरा शहर पर्यटकों से भर जाता है और होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, नाव तथा बाजारों के कारोबार में तेजी आ जाती है.
पर्यटन कारोबारियों को क्यों है बर्फबारी का इंतजार?
दरअसल, नैनीताल का पर्यटन कारोबार काफी हद तक सर्दियों के मौसम और बर्फबारी से जुड़ा है. बर्फ की सफेद चादर देखने के लिए दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, गुजरात समेत देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक यहां पहुंचते हैं. इससे होटल और होमस्टे में बुकिंग बढ़ती है, रेस्टोरेंट में रौनक लौटती है और टैक्सी चालकों, नाव संचालकों तथा स्थानीय दुकानदारों को भी रोजगार मिलता है. फिलहाल मौसम में आए बदलाव ने लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं. हालांकि, नैनीताल में बर्फबारी कब होगी, यह मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा. लेकिन स्थानीय लोगों और कारोबारियों की निगाहें अब आसमान पर टिकी हैं. सभी को इंतजार है उस दिन का, जब सरोवर नगरी एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर ओढ़ेगी और पहाड़ों की रानी का खूबसूरत नजारा पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा.