Last Updated:
Haridwar ki local news : क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर पक्षी कब, क्यों और कैसे गाते हैं. उनकी हर चहचहाहट के पीछे अलग वजह होती है. गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश भट्ट ने करीब 34 सालों के शोध के बाद पक्षियों के संगीत की भाषा को डिकोड करने में सफलता हासिल की है. लोकल 18 से डॉ. दिनेश भट्ट बताते हैं कि उत्तर भारत में वसंत ऋतु पक्षियों के गाने के लिए सबसे अनुकूल समय होता है. जोड़ा बनाने से लेकर अंडे सेने और बच्चों के लालन-पालन तक करीब तीन-चार महीनों में पक्षी लगातार गाते हैं.
हरिद्वार. सुबह-सुबह पेड़ों पर चहचहाते परिंदों की मधुर आवाज सभी ने सुनी है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर पक्षी कब, क्यों और कैसे गाते हैं. क्या उनकी हर चहचहाहट के पीछे कोई खास संदेश होता है और उनके इस गाने का असली महत्व क्या है. इन सभी सवालों के जवाब मिल गए हैं. गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश भट्ट ने करीब 34 सालों के शोध के बाद पक्षियों के संगीत की भाषा को डिकोड करने में सफलता हासिल की है. ऐसा करने वाले डॉ. दिनेश भट्ट देश के पहले पक्षी वैज्ञानिक बन गए हैं. परिंदे कब प्यार का इजहार करते हैं और कब चेतावनी देते हैं चलिए विस्तार से जानते हैं गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर से.
डॉ. दिनेश भट्ट ने साल 1991 से 2024 तक करीब 34 वर्षों के लंबे शोध के बाद पक्षियों के संगीत की भाषा को डिकोड किया है. लोकल 18 से वह बताते हैं कि उत्तर भारत में वसंत ऋतु पक्षियों के गाने के लिए सबसे अनुकूल समय होता है. इस मौसम में हर तरफ हरियाली और कीट-पतंगों की उपलब्धता से पक्षियों के दिमाग में प्रजनन का संकेत जाता है. जोड़ा बनाने से लेकर अंडे सेने और बच्चों के लालन-पालन तक करीब तीन-चार महीनों में पक्षी लगातार गाते हैं. नर पक्षी अपनी सुरीली लय बद्धता और गानों से मादा को आकर्षित करते हैं. अपने भोजन के संसाधनों और मादा को दूसरे नरों से बचाने के लिए नर पक्षी संगीत के माध्यम से ही अपनी सीमा तय करते हैं.
एक-दूसरे से मुकाबला
डॉ. दिनेश भट्ट के मुताबिक, दो नर पक्षियों के बीच जब इलाके को लेकर विवाद होता है तो वे गानों के माध्यम से ही एक-दूसरे से मुकाबला करते हैं. जिस पक्षी की धुन में ज्यादा दम होता है, वह जीत जाता है. परिवार के पालन-पोषण के समय भी पक्षियों की खास ध्वनियां होती हैं. घोंसले में भूखे पक्षी बच्चे जब लगातार चीं-चीं करते हैं तो उसे बेगिंग कॉल कहते हैं जिसे सुनकर माता-पिता दाना या कीड़े लाते हैं. बच्चों से संवाद के लिए कॉन्टैक्ट कॉल और मुसीबत में मदद मांगने के लिए स्ट्रेस कॉल का उपयोग होता है. प्रेम का इजहार करना, गुस्सा दिखाना और अपनी सीमाओं की रक्षा करना जैसे कई मानवीय व्यवहार हमें पक्षियों से ही मिले हैं.