UPSC Aspirant Shraddha Singh Story: यूपीएससी के आखिरी अटेंप्ट में फेल, सोशल मीडिया पर बताया 6 साल का संघर्ष, 1 बार दिया था इंटरव्यू

UPSC Aspirant Shraddha Singh Story: यूपीएससी के आखिरी अटेंप्ट में फेल, सोशल मीडिया पर बताया 6 साल का संघर्ष, 1 बार दिया था इंटरव्यू


Last Updated:

UPSC Aspirant Shraddha Singh Story: 10 साल पहले नोएडा स्थित केंद्रीय विद्यालय की 12वीं टॉपर रहीं श्रद्धा सिंह ने बचपन से आईएएस अफसर बनने का ख्वाब देखा. श्रद्धा सिंह का 6 साल का यूपीएससी सफर आखिरी अटेंप्ट के साथ थम गया है. वह साल 2025 में इंटरव्यू राउंड तक पहुंच गईं थीं. लेकिन उनका आईएएस बनने का सपना अधूरा रह गया. फिर 2026 में वह मेंस में ही असफल हो गईं. पढ़िए श्रद्धा सिंह की यूपीएससी स्टोरी.

Zoom

UPSC Aspirant Shraddha Singh Story: यूपीएससी एस्पिरेंट श्रद्धा सिंह ने 6 सालों की संघर्ष गाथा सुनाई है

नई दिल्ली (Shraddha Singh UPSC Story). यूपीएससी सिविल सेवा की तैयारी करने वाले ज्यादातर युवा आईएएस अफसर बनने का सपना देखते हैं. लेकिन इस कठिन परीक्षा में सफल होने के लिए मेहनत के साथ ही किस्मत की लकीरें भी बहुत मायने रखती हैं. ऐसी ही दिल छू लेने वाली कहानी है नोएडा की रहने वाली श्रद्धा सिंह की. उन्होंने अपने जीवन के 6 साल इस परीक्षा को समर्पित कर दिए. यूपीएससी 2026 मेंस रिजल्ट के बाद श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर इस लंबे और चैलेंजिंग सफर का लेखा-जोखा शेयर किया है.

10 साल पहले श्रद्धा सिंह ने केंद्रीय विद्यालय (नोएडा) से 12वीं में 96.4% अंक हासिल किए थे. उन्होंने मीडिया इंटरव्यू में बताया था कि उनका लक्ष्य IAS अफसर बनना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की एंकरिंग करने वाली और जर्मनी तक स्कॉलरशिप पर जाने वाली इस होनहार स्टूडेंट ने अपना सपना सच करने के लिए दिन-रात एक कर दिया. जानिए श्रद्धा सिंह का 6 साल का संघर्ष, एक बार UPSC इंटरव्यू तक पहुंचने और फिर आखिरी अटेंप्ट के बाद जिंदगी को नए सिरे से अपनाने की पूरी कहानी.

बचपन में देखा था आईएएस अफसर बनने का सपना

श्रद्धा सिंह ने बचपन से खुद को हमेशा आईएएस अफसर के रूप में ही देखा था. स्कूल की टॉपर रहीं श्रद्धा सिंह शुरू से ही पढ़ाई और एक्स्ट्रा-करिकुलर एक्टिविटीज में अव्वल थीं. मूल रूप से बिहार के रहने वाले उनके पिता सुनील कुमार सिंह इंदिरापुरम (गाजियाबाद) में रहते हैं. 10 साल पहले अखबार में छपी अपनी तस्वीर और ‘आईएएस अफसर बनने’ के बयान को उन्होंने अपनी प्रेरणा बनाए रखा. लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था.
Childhood Dream: श्रद्धा सिंह ने स्कूली दिनों में ही आईएएस अफसर बनने का सपना देख लिया था

महाकाल की कृपा और 2025 में यूपीएससी इंटरव्यू तक का सफर

साल 2025 श्रद्धा के लिए सबसे बड़ी उम्मीद लेकर आया था. वे उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन करने गई थीं. वहां भस्म आरती के साथ शुरू हुए उस दिन के आखिर में जब UPSC मेंस का रिजल्ट आया तो पीडीएफ में उनका रोल नंबर चमक रहा था. श्रद्धा ने पहली बार इंटरव्यू (Personality Test) के लिए क्वॉलिफाई किया था. उन्होंने लिखित परीक्षा में 800 और इंटरव्यू में 146 अंक हासिल किए यानी कुल 946 नंबर. लेकिन दुर्भाग्य से वह बेहद करीब आकर भी फाइनल लिस्ट में जगह बनाने से चूक गईं.
UPSC Mains Result 2026: श्रद्धा यूपीएससी के 5वें अटेंप्ट में इंटरव्यू तक पहुंच गई थीं

तनाव की कीमत: झड़ते बाल, मुंहासे और अकेलापन

यूपीएससी सीएसई में फाइनल सिलेक्शन से चूकने के बाद श्रद्धा सिंह ने हार नहीं मानी और 2026 में अपने आखिरी अटेंप्ट के लिए खुद को झोंक दिया. उन्होंने ठान लिया था कि इस बार मेंस में इतने नंबर लाएंगी कि किस्मत को खेल खेलने का मौका ही न मिले. लेकिन इस जुनून की उन्हें भारी शारीरिक और मानसिक कीमत चुकानी पड़ी. लगातार स्ट्रेस के कारण उनका वजन बढ़ गया, चेहरे पर मुंहासे निकल आए और गुच्छों में बाल झड़ने लगे. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी.

‘पुरानी श्रद्धा’ को अलविदा और नई शुरुआत

जब यूपीएससी 2026 मेंस का रिजल्ट उनके पक्ष में नहीं रहा तो श्रद्धा टूट गईं. 3 दिनों तक वह इस सच को स्वीकार नहीं कर पाईं और लगातार रोती रहीं. 1 हफ्ते बाद जब आंसू सूखे तो उन्होंने यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर अपनी कहानी दुनिया के सामने रखी. इसे लाखों लोगों ने देखा और सराहा. श्रद्धा कहती हैं कि उन्हें कोई पछतावा नहीं है. उन्होंने अपना 100% दिया. अब वह उस ‘पुरानी श्रद्धा’ को अलविदा कह रही हैं, जो खुद को सिर्फ IAS के रूप में देखती थी. वह महाकाल के रचे नए भविष्य के लिए तैयार हैं.





Source link