जन्मदिन पर अपने गांव को CM सम्राट चौधरी का तोहफा, 9 करोड़ से बदलेगी भोलेनाथ के मंदिर की सूरत

जन्मदिन पर अपने गांव को CM सम्राट चौधरी का तोहफा, 9 करोड़ से बदलेगी भोलेनाथ के मंदिर की सूरत


Last Updated:

CM Samrat Choudhary Birthday: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने जन्मदिन की शुरुआत भगवान भोलेनाथ के दर्शन से की. मुंगेर के तारापुर स्थित रत्नेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. पर्यटन विभाग की ओर से इस मंदिर के विकास पर 9 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.

Zoom

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जन्मदिन पर तारापुर पहुंचे. (फोटो साभारः एक्स)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने जन्मदिन की शुरुआत भगवान भोलेनाथ के दर्शन और आशीर्वाद के साथ की. छठ महापर्व के मौके पर मुख्यमंत्री देर रात अपने पैतृक गांव मुंगेर जिले के तारापुर स्थित लखनपुर पहुंचे थे. यहां सुबह उन्होंने सबसे पहले अपने परिवार के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया. इसके बाद वह प्रसिद्ध रत्नेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की. मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

बाबा के दरबार में पूजा के बाद मंदिर का निरीक्षण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया. इस दौरान उन्होंने मंदिर के विकास और पुनर्स्थापना की योजना के बारे में जानकारी ली. अधिकारियों ने उन्हें प्रस्तावित कामों की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए. उन्होंने साफ कहा कि मंदिर के विकास कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए. सभी काम तय मानकों के अनुसार होने चाहिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

9 करोड़ 10 लाख रुपये से बदलेगी मंदिर की सूरत
दरअसल, पर्यटन विभाग की ओर से प्रसिद्ध रत्नेश्वर नाथ मंदिर के विकास की योजना तैयार की गई है. इस पर करीब 9 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इस राशि से मंदिर परिसर का कायाकल्प किया जाएगा. मंदिर को पहले से ज्यादा आकर्षक और व्यवस्थित बनाया जाएगा. साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर जरूरी इंतजाम किए जाएंगे. इस योजना के पूरा होने के बाद रत्नेश्वर नाथ मंदिर को नई पहचान मिलने की उम्मीद है. इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. साथ ही तारापुर और मुंगेर जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है.

जन्मदिन पर परिवार के साथ मनाया छठ
मुख्यमंत्री का यह दौरा कई मायनों में खास रहा. एक तरफ उन्होंने 58वें जन्मदिन के दिन बाबा भोलेनाथ के दरबार में मत्था टेका, तो दूसरी तरफ अपने पैतृक क्षेत्र की धार्मिक विरासत के विकास का जायजा लिया. छठ महापर्व पर परिवार के साथ पूजा करने के बाद उन्होंने अपना जन्मदिन भी परिवार और समर्थकों के बीच बिताया. इस मौके पर परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी.



Source link