राहुल गांधी ने सोमवार को अपनी मां सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love के विमोचन के मौके पर अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया. वरिष्ठ कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल ने इस दौरान पहली बार अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान वह अपनी गर्लफ्रेंड को एक ऐसे रेस्टोरेंट में लेकर गए थे, जिसका उनके परिवार से खास रिश्ता था. यह वही जगह थी, जहां उनके माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे.
राहुल गांधी ने बताया कि उनके माता-पिता की पहली मुलाकात की कहानी उन्होंने कई बार सुनी थी. यह कहानी कैंब्रिज के एक रेस्टोरेंट से जुड़ी थी. कई साल बाद जब वह खुद कैंब्रिज में थे, तो उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा कि वे दोनों उस रेस्टोरेंट में चलें, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे.
गर्लफ्रेंड को ले गए उस खास रेस्टोरेंट
राहुल ने इस किस्से को याद करते हुए कहा, ‘उनकी मुलाकात की बड़ी कहानी थी कि वे रेस्टोरेंट में कैसे मिले. कई साल बाद मैं कैंब्रिज में था. मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा कि चलो इस रेस्टोरेंट में चलते हैं. मैं उसे बताना चाहता था कि मेरे माता-पिता कैसे मिले थे.’
राहुल गांधी ने बताया, ‘उस रेस्टोरेंट के दरवाजे का रंग पीला था. वहां पहुंचने पर जब उनसे पूछा गया कि कितने लोग हैं, तो उन्होंने जवाब दिया- दो. इसके बाद दोनों अंदर गए, बैठकर मेन्यू देखा और खाना ऑर्डर किया.’
राहुल ने बताया कि रेस्टोरेंट में मौजूद वेटर ने उन्हें उनके माता-पिता के बारे में बताया. उसने राजीव गांधी और सोनिया गांधी की मुलाकात से जुड़ी यादें साझा कीं. राहुल ने कहा कि उन्होंने वहां वही चिकन मंगाया, जो उनके माता-पिता उस रेस्टोरेंट में खाया करते थे.
राहुल ने याद किया पापा मम्मी का रिश्ता
राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते को याद करते हुए बताया कि उनके घर में उन्होंने हमेशा राजीव गांधी और सोनिया गांधी को एक-दूसरे के बेहद करीब देखा. उन्होंने कहा कि घर में पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मा. यही उनके लिए माता-पिता के प्यार की तस्वीर थी.
राहुल ने बताया कि जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे और वहां माता-पिता को इस तरह एक-दूसरे के साथ नहीं देखते थे, तो वह उनसे पूछते थे कि उनके माता-पिता ऐसे क्यों नहीं हैं.
कैंब्रिज का वह रेस्टोरेंट, जहां शुरू हुई थी राजीव-सोनिया की प्रेम कहानी
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में भी राजीव गांधी से पहली मुलाकात का जिक्र किया है. उनके मुताबिक, साल 1965 में कैंब्रिज के वैरसिटी रेस्टोरेंट (Varsity Restaurant) में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी. यह एक छोटा-सा ग्रीक रेस्टोरेंट था, जहां यूरोप और भारत के छात्र अक्सर खाना खाने आया करते थे.
सोनिया उन दिनों इंग्लैंड में ऐसा खाना तलाश रही थीं, जो उनके इतालवी स्वाद के करीब हो. इसी तलाश में वह इस रेस्टोरेंट तक पहुंचीं. वहां एक दोस्त ने उनका परिचय राजीव गांधी से कराया. सोनिया ने अपनी किताब में लिखा है कि पहली मुलाकात में ही उन्हें राजीव के साथ एक खास जुड़ाव महसूस हुआ था.
उन्होंने राजीव को शांत और सौम्य स्वभाव का व्यक्ति बताया है. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हुई. वे दोस्तों के साथ पार्टियों में जाने लगे और साथ में घूमने-फिरने लगे. आखिरकार 25 फरवरी 1968 को दोनों ने शादी कर ली.