Last Updated:
Rekha Mystery Movies on OTT: बॉलीवुड एक्ट्रेस रेखा ने अपने करियर में एक से एक यादगार फिल्म की है. इसी तरह उन्होंने अपने करियर में कई डिफरेंट रोल भी प्ले किए हैं. चलिए आज आपको उनके द्वारा निभाए रहस्यमयी किरदारों से रूबरू करवाते हैं.
courtesy: kalyug 1981 Movie Scene
एवरग्रीन एक्ट्रेस रेखा ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई दशक बिताए हैं. हर बार उन्होंने अपने काम और अभिनय से अमिट छाप छोड़ी है. यही वजह है कि उनकी बराबरी आज भी कोई नहीं कर सकता. 72 साल की हो चुकीं रेखा ने अपने करियर में रोमांस से लेकर एक्शन तक हर अंदाज बड़े पर्दे पर दिखाया है. जिस जमाने में एक्ट्रेसेज सिर्फ हीरो के इर्द-गिर्द नजर आती थीं तो उस वक्त उन्होंने फूल बने अंगारे और इंसाफ की आवाज जैसी फिल्मों में एक्शन किया. इसी तरह उन्होंने अपने करियर में रहस्यमयी किरदार भी निभाए.
जी हां, रेखा ने अपने करियर में ऐसे रोल भी निभाए जो कुछ हटकर थे. कभी उनके किरदार से फिल्म में सस्पेंस देखने को मिला तो कभी पूरी फिल्म ही पलट जाती है. चलिए आपको ऐसी ही फिल्मों से रूबरू करवाते हैं जिन्हें आप ओटीटी पर भी देख सकते हैं.
रेखा ने प्ले किया डबल रोल
काली घटा (1980): ये रेखा की थ्रिलर फिल्म थी जिसमें उन्होंने डबल रोल प्ले किया था. फिल्म में वह रेखा और रश्मि जुड़वां बहनों का डबल रोल निभाती नजर आई थीं. मगर ये कहानी जितनी आसान लग रही है, उतनी आसान नहीं है. कहानी में ऐसा मोड़ आता है जब रेखा की पहचान और उनसे जुड़े रहस्य फिल्म में सस्पेंस पैदा करते हैं. अगर आपको ये फिल्म देखनी है तो आप यूट्यूब पर फ्री में देख सकते हैं.
रेखा का एक्शन अवतार
मैडम एक्स (1994) रेखा की यादगार और तारीफ-ए-काबिल फिल्मों में से एक है. जहां उन्होंने दमदार भूमिका निभाई थी और जबरदस्त सफलता हासिल की थी. उन्होंने एक खतरनाक लेडी डॉन और उसकी हमशक्ल सोनू का किरदार निभाया. ये फिल्म पूरी तरह से रेखा के कंधों पर थी. जहां रेखा का किरदार सोनू ‘मैडम एक्स’ के छिपे राज सामने लाती हैं. इसे आप अमेजन प्राइम के साथ साथ यूट्यूब पर भी देख सकते हैं.
रेखा का रहस्यमयी रोल
खून भरी मांग (1988) एक सफल फिल्म थी और खूब तारीफ भी हुई थी. इस फिल्म में रेखा अपना बदला लेने के लिए नया रूप धारण करके वापस लौटती है. जहां उनका खुफिया अंदाज फिल्म में जबरदस्त तड़का लगाता है. अगर आपको राकेश रोशन के निर्देशन में बनी फिल्म देखनी है तो यूट्यूब से लेकर अमेजन प्राइम पर देख सकते हैं.
रेखा ने द्रौपदी से प्रेरित रोल प्ले किया था
अब आते हैं कलयुग (1981)फिल्म पर. ये फिल्म महाभारत से प्रेरित दो कारोबारी परिवारों की प्रतिद्वंद्विता, साजिश और छिपे इरादों से जुड़ी थी. जिसमें रेखा ने एक अहम रोल प्ले किया था. श्याम बेनेगल की फिल्म ‘कलयुग’ में रेखा ने द्रौपदी से प्रेरित सुप्रिया का रोल प्ले किया था. सुप्रिया एक समझदार, आत्मविश्वासी और प्रभावशाली महिला है. 7.8 की रेटिंग वाली फिल्म को यूट्यूब पर दर्शक देख सकते हैं.