हाईवे ने भर दिया सरकार का खजाना, टोल कलेक्शन ने बनाया नया रिकॉर्ड
Last Updated:
Toll Collection Data: देश में नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही का असर टोल कलेक्शन पर साफ दिखाई दे रहा है. अक्टूबर महीने में देशभर में टोल वसूली ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इस दौरान टोल कलेक्शन बढ़कर 6,640 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले करीब 16 फीसदी अधिक है.
सरकार के लिए देश के एक्सप्रेसवे और हाईवे कमाई का बड़ा जरिया बन गए हैं. (पीटीआई)
Toll Collection Data: देश के नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की रफ्तार ने सरकारी खजाने को भर दिया है. अक्टूबर महीने में टोल कलेक्शन ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 6,640 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया है. यह कमाई पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले करीब 16 फीसदी ज्यादा है जब 5,715 करोड़ रुपये जुटाए गए थे. इससे पहले मई में सबसे ज्यादा 6,185 करोड़ रुपये का टोल वसूला गया था. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों का मानना है कि सड़कों पर बढ़ती वाहनों की आवाजाही देश की मजबूत होती इकोनॉमिक एक्टिविटी का सीधा संकेत है. मौजूदा रफ्तार को देखते हुए इस साल कुल टोल कलेक्शन 74,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है.
इसी दौरान भुगतान के तरीके में भी एक बड़ा बदलाव देखने को मिला; पिछले साल के इसी महीने में नकद संग्रह 84 करोड़ रुपये था, जो पिछले महीने तेजी से गिरकर मात्र 4 करोड़ रुपये रह गया. वहीं, यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए होने वाला भुगतान अक्टूबर में बढ़कर लगभग 100 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले इस माध्यम से कोई भुगतान नहीं हुआ था. नकद लेन-देन में आई भारी कमी, सरकार के उन निर्देशों का परिणाम है जिनमें राजमार्गों पर लगने वाले शुल्क के भुगतान के लिए नकद के बजाय FASTag या UPI का उपयोग करने को कहा गया था.
अधिकारियों ने बताया कि टोल भुगतान के तरीके के रूप में नकद को पूरी तरह से खत्म करने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है. एक अन्य अधिकारी ने कहा, “नकद लेन-देन खत्म होने से गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं बचेगी. साथ ही, ज्यादा लोग FASTag एनुअल पास (वार्षिक पास) भी ले रहे हैं, जो एक अच्छा संकेत है.” इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन के बढ़ते चलन से टोल प्लाजा पर नकद पर निर्भरता कम हुई है. UPI भुगतान में बढ़ोतरी भी यह दर्शाती है कि राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए डिजिटल भुगतान के विकल्पों का दायरा धीरे-धीरे बढ़ रहा है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login