Chhath Puja : छठ में केले के पूरे घौद से अर्घ्य, गाजीपुर में देखने को मिली अनूठी पूजा, जानिए सीक्रेट

Chhath Puja : छठ में केले के पूरे घौद से अर्घ्य, गाजीपुर में देखने को मिली अनूठी पूजा, जानिए सीक्रेट


Last Updated:

Chhath Puja Ghazipur : गाजीपुर की सरिता सिंह पिछले तीन साल से छठ में केले के पूरे घौद के साथ अर्घ्य दे रही हैं. इस परंपरा को निभाना आसान नहीं है. एक तरफ छठ का कठिन निर्जला व्रत, दूसरी तरफ केले के भारी घौद को संभाल कर पूजा करना. लोकल 18 से सरिता सिंह बताती हैं कि केले के पौधे में भगवान विष्णु का वास माना जाता है. केले का संबंध देवगुरु बृहस्पति से भी जोड़ा जाता है. सरिता का प्रयास रहता है कि छठ से जुड़ी हर रस्म और पूजा सामग्री तैयार करने का तरीका पुरानी परंपराओं के अनुरूप ही हो. वह छठ के प्रसाद और भोजन को भी मिट्टी के चूल्हे पर बनाती हैं.

गाजीपुर. छठ महापर्व में सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल और दूसरे प्रसाद सजाने की परंपरा है, लेकिन गाजीपुर में छठ की एक ऐसी परंपरा भी देखने को मिलती है, जिसमें व्रती केले के पूरे घौद के साथ सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं. गाजीपुर के गौतम बुद्ध कॉलोनी की रहने वाली सरिता सिंह पिछले तीन वर्षों से इस परंपरा को निभा रही हैं. लोकल 18 से सरिता सिंह बताती हैं कि केले के पूरे घौद को लेकर अर्घ्य देने की यह पुरानी परंपरा है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, केले के पौधे में भगवान विष्णु का वास माना जाता है. केले का संबंध देवगुरु बृहस्पति से भी जोड़ा जाता है. इसी आस्था का साथ वह केले के पूरे घौद को छठ पूजा में विशेष स्थान देती हैं. इस परंपरा को निभाना आसान नहीं है. एक तरफ छठ का कठिन निर्जला व्रत, दूसरी तरफ केले के भारी घौद को संभालना और पूजा की पूरी प्रक्रिया को पारंपरिक तरीके से संपन्न करना, शारीरिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण होता है. इसके बावजूद सरिता सिंह अपनी पारिवारिक और लोकपरंपराओं को आगे बढ़ा रही हैं.

‘केरवा जे फरेला घवद से’

उनकी पूजा-पद्धति में परंपरा का महत्व केवल केले के घौद तक सीमित नहीं है. वह छठ के प्रसाद और भोजन को भी पारंपरिक तरीके से तैयार करती हैं. इसके लिए मिट्टी के चूल्हे का इस्तेमाल करती हैं. उनका प्रयास रहता है कि छठ से जुड़ी हर रस्म और पूजा सामग्री तैयार करने का तरीका पुरानी परंपराओं के अनुरूप ही हो. छठ महापर्व में केले का विशेष महत्व है. पूजा के सूप और दउरा में केले का पूरा घौद प्रमुखता से रखा जाता है. भोजपुरी लोकगीत ‘केरवा जे फरेला घवद से’ में भी केले के घौद का जिक्र मिलता है. इस गीत में केले के फल को छठी मैया के लिए पवित्र और सुरक्षित प्रसाद के रूप में पेश किया गया है.

धार्मिक और लोकमान्यताओं के साथ छठ का कृषि संस्कृति से भी गहरा संबंध है. इस पर्व में केला, गन्ना, नारियल, अदरक, हल्दी, मूली और दूसरे मौसमी फल और कृषि उत्पाद अर्पित किए जाते हैं. यह प्रकृति और खेती से मिलने वाली उपज के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने की परंपरा भी है. गाजीपुर की सरिता सिंह की यह पहल बताती है कि आधुनिक जीवनशैली के बीच भी कुछ परिवार अपनी पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं. उनके लिए छठ केवल एक व्रत नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम भी है.



Source link