Last Updated:
Jaipur Road Accident: जयपुर के जोबनेर में जोबनेर-रेनवाल राजमार्ग पर भोजपुरा स्टैंड के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. सवारियों से भरी निजी बस और एम्बुलेंस समेत चार वाहनों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में एक युवक की मौत हो गई और डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. जोरदार टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही जोबनेर थाना पुलिस और कई एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं.
जयपुर. राजधानी जयपुर के जोबनेर में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. भोजपुरा स्टैंड के पास जोबनेर-रेनवाल राजमार्ग पर सवारियों से भरी निजी बस, एम्बुलेंस समेत चार वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में एक युवक की मौत हो गई है. इसके अलावा करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए.
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. कई यात्री क्षतिग्रस्त वाहनों में फंस गए. सूचना मिलते ही जोबनेर थाना पुलिस और कई एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं.
पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. फिलहाल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है. हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है.
जयपुर से दांतारामगढ़ जा रही थी बस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, निजी कंपनी की बस जयपुर से सवारियां लेकर दांतारामगढ़ जा रही थी. भोजपुरा बस स्टैंड के पास बस और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. इसके बाद अनियंत्रित बस ने एम्बुलेंस और एक कार को भी टक्कर मार दी. तीनों वाहनों को टक्कर मारने के बाद बस क्षतिग्रस्त होकर रुक गई.
एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. जोबनेर थाना पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में फंसे यात्रियों को भी बाहर निकलवाया.
रेनवाल और जोबनेर अस्पताल से एम्बुलेंस बुलाकर करीब 18 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात फिर से शुरू हो सका.
खाटूश्यामजी दर्शन करने आया था कैंसर पीड़ित
हादसे में शामिल एम्बुलेंस में महाराष्ट्र का एक कैंसर पीड़ित मरीज सवार था. वह खाटूश्यामजी के दर्शन करने आया था और दर्शन के बाद एम्बुलेंस से वापस महाराष्ट्र लौट रहा था. गनीमत रही कि एम्बुलेंस में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं. पुलिस के अनुसार, मृतक विश्राम जाट के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है. हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया.