नाभि नहीं… शरीर के इस हिस्से पर घी लगाना फायदेमंद, करीना कपूर सोन से पहले जरूर अपनाती हैं ये नुस्खा

नाभि नहीं… शरीर के इस हिस्से पर घी लगाना फायदेमंद, करीना कपूर सोन से पहले जरूर अपनाती हैं ये नुस्खा


बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान अपनी फिटनेस और ब्यूटी रूटीन को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं. हाल ही में उन्होंने अपने रात में सोने से पहले की एक ऐसी आदत के बारे में बताया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है. दरअसल, करीना रात को सोने से पहले अपने पैरों के तलवों और एड़ियों पर देसी घी लगाती हैं. उनका मानना है कि इससे उन्हें अच्छी नींद आती है.

करीना ने यह बात पति सैफ अली खान के साथ ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में बातचीत के दौरान बताई. इस शो में दोनों पहली बार एक साथ मेहमान बनकर पहुंचे थे. बातचीत के दौरान कपिल शर्मा ने उनसे पूछा कि इतने सालों बाद भी वे इतने फ्रेश कैसे नजर आते हैं. इस पर सैफ ने घर में घी के इस्तेमाल का जिक्र किया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि करीना सिर्फ घी खाती ही नहीं, बल्कि रात में पैरों पर लगाती भी हैं. करीना ने भी इस आदत की वजह बताते हुए कहा कि इससे उन्हें बहुत अच्छी नींद आती है.

करीना की यह आदत भले ही कुछ लोगों को नई लगे, लेकिन आयुर्वेद में पैरों की मालिश की एक पुरानी परंपरा है. इसे ‘पादाभ्यंग’ कहा जाता है. इसमें तेल या घी से पैरों की हल्के हाथों से मालिश की जाती है. इसे खासतौर पर रात में सोने से पहले करने की सलाह दी जाती है. आइए जानते हैं कि पैरों के तलवों पर घी लगाने से क्या फायदे हो सकते हैं.

1. एड़ियों की रूखी त्वचा को मिल सकती है राहत

पैरों की एड़ियां अक्सर रूखी और सख्त हो जाती हैं. कई बार इनमें दरारें भी पड़ने लगती हैं. घी में मौजूद फैट त्वचा को मुलायम बनाने और नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है. ऐसे में साफ पैरों पर थोड़ी मात्रा में घी लगाने से रूखेपन में राहत मिल सकती है. हालांकि, अगर एड़ियों में गहरी दरारें, खून या संक्रमण है, तो केवल घी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए.

2. पैरों की मालिश से मिल सकता है आराम

दिनभर चलने-फिरने, खड़े रहने या लंबे समय तक जूते पहनने से पैरों में थकान महसूस हो सकती है. ऐसे में सोने से पहले कुछ मिनट हल्के हाथों से तलवों और एड़ियों की मालिश करना आरामदायक हो सकता है. मालिश से मांसपेशियों को आराम महसूस होता है और दिनभर की थकान कम लग सकती है.

3. अच्छी नींद लेने में मिल सकती है मदद

आयुर्वेद में पादाभ्यंग को मन और शरीर को आराम देने वाली दिनचर्या का हिस्सा माना गया है. पैरों की हल्की मालिश से तनाव कम करने और सोने से पहले रिलैक्स महसूस करने में मदद मिल सकती है. कुछ शोधों में फुट मसाज और रिफ्लेक्सोलॉजी का नींद की गुणवत्ता पर सकारात्मक असर देखा गया है. हालांकि, इन अध्ययनों से यह साबित नहीं होता कि पैरों पर घी लगाने से ही नींद बेहतर होती है. घी के इस्तेमाल और नींद के बीच सीधा वैज्ञानिक प्रमाण अभी सीमित है.

4. पैरों के रूखेपन और खिंचाव में हो सकती है राहत

अगर पैरों के तलवे बहुत सूखे रहते हैं या उनमें खिंचाव महसूस होता है, तो घी लगाने से त्वचा को चिकनाई मिल सकती है. इससे तलवे कुछ नरम महसूस हो सकते हैं. नियमित देखभाल के साथ हल्की मालिश पैरों को आराम देने का आसान तरीका हो सकती है.

पैरों में घी लगाने का सही तरीका क्या है?

रात को सोने से पहले पैरों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अब थोड़ी मात्रा में सादा घी लेकर तलवों और एड़ियों पर हल्के हाथों से 3 से 5 मिनट तक मालिश करें. इसके बाद चाहें तो सूती मोजे पहन सकते हैं, ताकि घी चादर पर न लगे. ध्यान रखें कि पैरों के बीच की जगह भी सूखी होनी चाहिए. घी लगाने के बाद फर्श पर सीधे पैर रखने से बचें, क्योंकि इससे फिसलने का खतरा हो सकता है.



Source link