Last Updated:
रणबीर कपूर की दमदार अदाकारी का कोई सानी नहीं है. वह जिस किरदार चुनते हैं उसमें जान फूंक देते हैं. अपनी शानदार अदायगी से रणबी ने हमेशा साबित किया है कि वह लीक से हटकर काम करना पसंद करते हैं. एक रोमांटिक हीरो की छवि से आगे निकलकर उन्होंने कई ऐसी फिल्मों में काम किया है, जहां उनके किरदारों की गहराई और जटिलता ने दर्शकों को हैरान कर दिया. अगर आप भी वीकेंड पर कुछ बेहतरीन देखना चाहते हैं, तो रणबीर की ये 6 खास फिल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आपका भरपूर मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के वर्सेटाइल सितारों में शुमार रणबीर कपूर ने अपने करियर में हीरो की छवि से हटकर कई ऐसे किरदार निभाए हैं, जिनकी परतों को समझना हर किसी के बस की बात नहीं है. चाहे ‘रॉकस्टार’ का दर्द से भरा जॉर्डन हो, ‘तमाशा’ का उलझा हुआ वेद या फिर ‘एनिमल’ का बेकाबू रणविजय, रणबीर ने हर बार अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों को चौंकाया है. अगर आप रणबीर कपूर के फैन हैं तो आपको उनकी ये 6 बेहतरीन फिल्में ओटीटी पर जरूर देखनी चाहिए. (फोटो साभार: IMDb)
रॉकस्टार: रणबीर कपूर ने इस म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म में ‘जॉर्डन का बेहद जटिल और दर्द भरा किरदार निभाया है. दिल्ली के एक सीधे-सादे लड़के से लेकर गुस्सैल रॉकस्टार बनने तक का उसका सफर दिल को झकझोर देता है. जॉर्डन अपनी कला में गहराई लाने के लिए जानबूझकर टूटे हुए दिल का दर्द चुनता है, लेकिन शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचकर भी वह खुद को बहुत अकेला और पाता है. इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है. (फोटो साभार: IMDb)
तमाशा: इस फिल्म में रणबीर कपूर ने वेद वर्धन साहनी की भूमिका निभाई है, जो समाज के बनाए नियमों और अपनी असली पहचान के बीच बुरी तरह उलझा हुआ है. दिन के उजाले में वह एक थका हुआ और रूटीन में बंधा कॉर्पोरेट कर्मचारी है, लेकिन उसके भीतर एक आजाद और क्रिएटिव कलाकार छिपा है जो समाज की उम्मीदों के बोझ तले घुट रहा है. इम्तियाज अली की यह मूवी जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google
एनिमल: संदीप रेड्डी वांगा की इस फिल्म में रणबीर कपूर ने रणविजय सिंह बलबीर का आक्रामक और जटिल रोल प्ले किया है. अपने पिता के प्यार और स्वीकृति की अंधी चाहत उसे हिंसा और सनक के ऐसे रास्ते पर ले जाती है, जहां सही और गलत की हर सीमा धुंधली पड़ जाती है. रणबीर कपूर की एक्शन से भरपूर इस मूवी को नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं. फिल्म में बॉबी देओल ने खूंखार विलेन का रोल निभाया है. (फोटो साभार: IMDb)
राजनीति: इस पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म में रणबीर कपूर ने समर प्रताप का किरदार निभाया है, जो शुरुआत में अपने परिवार की गंदी राजनीति से दूर अमेरिका में एक शांत जिंदगी जीना चाहता है. लेकिन पिता की हत्या उसके भीतर छिपे एक बेहद शातिर और चालाक रणनीतिकार को जगा देती है. फिर एक आदर्शवादी युवक से वह सत्ता की बिसात का सबसे बड़ा खिलाड़ी बन जाता है. यह फिल्म जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है. (फोटो साभार: IMDb)
बर्फी: अनुराग बासु के निर्देशन में बनी यह एक मास्टरपीस फिल्म है. इसमें रणबीर ने बर्फी का किरदार निभाया है, जो न बोल सकता है और न ही सुन सकता है. बिना एक भी शब्द बोले रणबीर ने अपनी आंखों, मुस्कान और बॉडी लैंग्वेज से प्यार, दर्द, शरारत और त्याग की अनगिनत परतें बखूबी पेश की हैं. समाज के ठुकराए जाने के बावजूद जिंदगी को खुलकर जीने का उसका जज्बा और झिलमिल (प्रियंका चोपड़ा) के प्रति उसका निस्वार्थ प्रेम दर्शकों के दिल को गहराई से छू लेता है. रणबीर कपूर की यह मूवी जियो हॉटस्टार पर मौजूद है. (फोटो साभार: IMDb)
रॉकेट सिंह-सेल्समैन ऑफ द ईयर: इस फिल्म में रणबीर ने हरप्रीत सिंह बेदी नाम के एक साधारण युवक की भूमिका निभाई है. ऊपर से बेहद शांत और सीधा दिखने वाला हरप्रीत भीतर से गजब की व्यावसायिक समझ, जिद और ईमानदारी रखता है. कॉर्पोरेट जगत के भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए वह चोरी-छिपे खुद की कंपनी खड़ी कर देता है. इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं. इस मूवी का डायरेक्शन शिमित अमीन ने किया है. (फोटो साभार: IMDb)